Page 635

पॉलीथिन प्रतिबंध के आदेशों को नहीं मान रहे व्यापारी

0

अन्य प्रदेशों की तरह उत्तराखंड में भी पॉलीथिन पर एनजीटी और कोर्ट द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है, फिर भी राज्य के हरिद्वार सहित अन्य जगहों पर बाजार पॉलीथिन से पटा है। खोमचे और ठेली वाले छोड़िए, बड़े दुकानदार भी इसका मोह नहीं छोड़ पा रहे।

जिला प्रशासन पॉलीथिन की बिक्री और प्रयोग पर बैन लगाने संबंधी चेतावनी पहले भी दे चुका है लेकिन व्यापारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। धड़ल्ले से इसका व्यापारियाों द्वारा प्रयोग किया जा रहा है। जागरुकता की कमी ही कहेंगे कि लोग इसका प्रयोग धड़ल्ले से कर रहे हैं जबकि जिम्मेदार विभाग हाईकोर्ट व एनजीटी के आदेशों को दरकिनार कर रहे हैं।
पॉलीथिन की बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दीपक रावत ने गुरुवार को ज्वालापुर में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया, जिससे व्यापारियों में हलचल मच गया। अलग-अलग विक्रेताओं के यहां से 150 बोरों से ज्यादा पॉलीथिन जब्त की गई। 

भारतीय सेना द्वारा बैंड डिस्प्ले

युवायों में देशभक्ति की भावना को प्रेरित करने के लिए गरुड़ डिवीजन ने ऋषिकेष पीजी कॉलेज में आर्मी पाईप बैंड डिस्प्ले का आयोजन किया गया जिसमें मार्शल धुनों के साथ शाष्त्रीय सदाबहार गीतों की धुनों को बजाया गया जिसका हर किसीने लुफ्त उठाया।

कार्यक्रम से मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्य्क्ष प्रेम चन्द अग्रवाल मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए प्रेम चन्द अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के कार्यकर्मों से युवा काफी उत्साहित होते है, लोगों में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए ये एक अच्छा प्रयास है

बारिश के चलते ट्रेफिक जाम से निजात दिलाने खुद सड़कों पर उतरे एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी

0

उत्तराखंड में हो रही लागातार बारिस पर प्रशासन मुस्तैद है इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है जब एसएसपी जन्मजेय खंडूरी खुद मौके पर पहुंचकर क्षेत्र के हालात को सुधारने में मदद कर रहे हैं।

आमखेड़ा चोरगलिया में पानी के बहाव में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने में भारी बारिश के कारण हो रही दिक्कतें।हल्द्वानी से चोरगलिया और टनकपुर को जाने वाली सड़क में सूर्या नाले और शेर नाले में पानी के तेज बहाव के चलते दोनों तरफ गाड़ियों का लम्बा जाम लगने के बाद एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने मौके पर मौजूद रहकर क्षेत्र के हालातों पर अपनी नजर बनाये हुए है। जाम की स्थिति को खुद सँभालने में लगे एसएसपी ने मरीज की गाड़ी को भी जाम से निकाला।

कोटद्वार में बारिश ने मचाई तबाही

0

देवभूमि उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में बारिश के चलते कई हिस्सों में पानी भर गया जिसके कारण आमजन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

गुरुवार की रात लगातार भारी बारिश होने के कारण कोटद्वार क्षेत्र के आमपड़ाव ,लकड़ीपड़ाव, रिफ्यूजी कॉलोनी, देवी रोड, मालकोट, बलभद्रपुर, नयागांव आदि क्षेत्रों में जलभराव हो गया। उक्त क्षेत्रों में निवासरत लोगों के घरों में पानी घुसने से उनका घरेलू सामान खराब हो रहा है।
बारिश के कारण रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी लक्ष्य अरोड़ा (25) की दुकान में पानी भरने से उसकी मृत्यु हो गई। उधर मकान की दीवार गिरने से मानपुर निवासी शांति देवी (60) की दीवार के नीचे दब कर मौत हो गई तथा घर में पानी घुसने की घबराहट होने पर अजय कुमार (39) की मौत हो गई। रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी ज्योति अरोड़ा (35) की भी मृत्यु घर में पानी भरने के फलस्वरुप होना बताया गया। कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य दो स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित है। कस्बा कोटद्वार क्षेत्र अंतर्गत विद्युत आपूर्ति तथा बीएसएनएल की लैंडलाइन सेवा भी बाधित है।
रिफ्यूजी कॉलोनी में स्थित हरेंद्र भाटिया के मकान में पानी भरने से उसके घर में रखे इनवर्टर में शार्ट सर्किट होने से उसके पास रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई जिससे घर में आग फैल गई। आग में झुलसने के कारण हरेंद्र भाटिया (48)की पत्नी रेणु भाटिया (42), पुत्र राहुल (19) को गंभीर हालत में संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। उक्त क्षेत्र में एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस/प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।

भूस्खलन: बदरीनाथ हाईवे मारवाडी में बंद, देर शाम तक खुलने की उम्मीद

0

बदरीनाथ हाईवे भूस्खलन के कारण जोशीमठ से आगे मारवाडी के समीप बंद हो गया है। बीआरओ का कहना है मलबा व बोल्डर काफी मात्रा में होने के कारण देर शाम तक ही मार्ग खोला जा सकता है। वहीं, जनपद में हो रही भारी वर्षा के कारण मार्ग खुलने में मुश्किलें आ रही है।

शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास मारवाडी के पास भूस्खलन होने से बदरीनाथ हाईवे बाधित हो गया है। बीआरओ द्वारा मार्ग खोलने का प्रयास तो किया जा रहा है लेकिन क्षेत्र में हो रही भारी वर्षा के कारण मार्ग खुलने में दिक्कतें आ रही है। भूस्खलन के कारण मार्ग खोलने में समय लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि बीआरओ की मशीनें तथा मजदूर मार्ग को खोलने का प्रयास कर रहे हैं। 

किशोर उपाध्याय ने मांगा गुजरातियों से देश प्रेम का सर्टिफिकेट

0

वैसे तो राजनीतिक बयानबाज़ी हमारे नेताओं का जन्मसिद्ध अधिकार है लेकिन फिलहाल सोशल मीडिया पर रणबांकुरा बनना पूर्व पीसीसी अध्यक्ष किशोर उपाद्याय को भारी पड़ता दिख रहा है। किशोर उपाध्या ने कशमीर के शोपियां में हल्द्वानी के मेजर पांडे की शहादत से जोड़ते हुए एक ट्वीट के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। किशोर ने ट्वीट में पूछा कि “प्रधानमंत्री ये बताने का कष्ट करें कि गुजरात से कितने लोगों ने देश के लिये अपनी जान न्योछावर की है”

किशोर उपाध्याय के इस ट्वीट को बीजेपी ने मुद्दों का दिवालियापन करार दिया है। बीजेपी के मीडिया प्रभारी देवेंद्र भसीन का जवाब बिल्कुल साफ था उन्होंने कहा कि “शायद किशोर जी को राष्ट्र का मतलब नहीं पता, तभी वह ऐसी बात क रहें हैं। उपाध्याय को राष्ट्र के मतलब को समझना होगा और जो उनकी डिक्शनरी में राष्ट्र का मतलब है उसको संशोधित करना होगा”।भसीन ने कहा कि “यह देश प्रेम की बात को समझना इतना आसान नहीं है और अगर यह बात किशोर जी के समझ में आ जाए तो यह सवाल जवाब करना नही पड़ेगा।”

वहीं कांग्रेस ने भी किशोर के इस बयान से किनारा कर लिया है। प्रदेश कांग्रेस अद्यक्ष प्रीतम सिंह ने न्यूजपोस्ट से कहा कि “किशोर ने ये बयान किस संदर्भ में दिया ये तो वो ही कहेंगे। पार्टी का मानना है कि देश के लिये जो भी जवान शहादत देता है वो देश के लिये होती है। उसे राज्य और प्रांत की सीमाओं में बांध कर देखना सही नही होगा।”

लेकिन किशोर उपाध्याय अपना इस बयान पर कायम हैं। उनका कहना है कि “1947 से लेकर अब तक गुजरात के कितने लोगों ने देश के लिये अपनी जान दी है। इस ट्वीट को आरएसएस और बीजेपी से जोड़कर देखना चाहिये”

चीनी घुसपैठ की खबरों के चलते आम लोग नहीं जा सकेंगे बाड़ाहोती

0

हाल ही में भारत चीन सीमा विवाद और उत्तराखंड के बाड़ाहोती में चीनी सिपाहियों की घुसपैठ की खबरों के चलते जिला प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन ने चमोली की नीति दर्रे में रहने वाले भोटिया जनजाति के लोगों को बाड़ाहोती में जाने की इजाजत न देने का फैसला किया है। ये लोग इस इलाके में पूजा पाठ के लिये अमूमन जाया करते थे।

गौरतलब है कि पिछले महीने के आखिरी हफ्ते में चमोली जिले के बाड़ाहोती इलाके में चीनी सिपाहियों की घुसपैठ की खबरें आई थी। हांलाकि राज्य सरकार ने इन खबरों का खंडन किया था लेकिन केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों ने इन खबरों को सही ठहराया था। इस इलाके में रहने वाले आधिवासी और आम लोग आमतौर पर बाड़ाहोती बुग्याल में जाते रहते हैं। अमूमन या तो भेड़ बकरियां चराने या फिर पूजा पाठ करने।इस इलाके में शिव का एक मंदिर है और एक तालाब भी है जिसे पूज्नीय माना जाता है।

हांलाकि जिला प्रशासन इसे भारत चीन सीमा विवाद से जोड़कर नहीं देख रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक ये कदम केवल कुछ समय के लिये है।अधिकारियों का कहना है कि मानसून के समय में इन लोगों के भूस्खलन में फंसने की संभावनाऐं होती हैं इसलिये ये कदम उठाया गया है। वहीं प्रशासन के इस कदम से गांव वालों में मायूसी है।

 

अंतर्राजीय सेक्स रैकेट का खुलासा, चार हिरासत में

0
inter state sex racket busted

कनखल थाना पुलिस ने एक सेक्स रैकेट चला रहे एक गिरोह का भांडा फोड़ किया है। पुलिस ने कनखल में स्थित एक घर से सेक्स रैकेट चला रहे दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लिया है। पुलिस सेक्स रैकेट में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश कर रही है। 
हरिद्वार की कनखल थाना प्रभारी अनुज सिंह, दारोगा महावीर रावत, सिपाही रेखा व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ कनखल के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप स्थित ऊंचा पुल के पास एक मकान में छापा मारा। पुलिस ने मकान से सेक्स रैकेट में शामिल दो युवतियों और दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस चारों को पकड़कर थाने ले आई। जहां पूछताछ में पकड़े गए एक युवक पंजाब अमृतसर निवासी अक्षय उर्फ प्रिंस ने बताया कि वह पंजाब से दोनों युवतियों को देह व्यापार के लिये हरिद्वार ले कर आया है। यहां दोनों युवतियों को साथ में द्वारिका विहार निवासी विवेक कुमार को सर्पुद करना था। 

हरिद्वार के अनेक होटलों के कर्मी जरूरत पड़ने पर देह व्यापार के लिए मोबाइल से सम्पर्क कर उन्हें ग्राहकों के लिए बुला लेते हैं। इसमें होटल कर्मियों को भी कमीशन देना पड़ता है। थाना प्रभारी अनुज सिंह के अनुसार इस रैकेट में हरिद्वार के कौन-कौन से होटल और व्यक्ति शामिल हैं, उसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम हरिद्वार ने दुकानों पर मारा छापा

0

जिलाधिकारी दीपक रावत ने गुरुवार को एनजीटी के आदेशों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से उपनगरी ज्वालापुर में कई व्यापारियों के यहां जाकर पाॅलीथीन पर रोक के लिए छापे मारे। इस दौरान जिलाधिकारी के साथ कई अधिकारी मौजूद थे। कई जगह पाॅलीथीन मिलने पर जिलाधिकारी ने उन पर जुर्माना लगाया और भविष्य में पाॅलीथीन का प्रयोग न करने की चेतावनी दी।

बतादें कि एनजीटी ने अपने आदेश में हरिद्वार में पाॅलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए थे। बावजूद इसके हरिद्वार में खुले आम प्रतिबंध के बाद भी पाॅलीथीन की बिक्री बे रोकटोक हो रही थी। पूर्व में भी जिलाधिकारी ने छापे मारकर पाॅलीथीन का प्रयोग करने वाले की सामग्री जब्त कर ली थी और उन पर जुर्माना लगाया था। जिलाधिकारी के इस कड़े कदम के बाद भी पाॅलीथीन की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही थी। गुरुवार को फिर से एनजीटी के आदेशों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने कई अधिकारियों के साथ उपनगरी ज्वालापुर में कई दुकानों पर छापा मारा और पाॅलीथीन को जब्त कर प्रयोग करने वालों पर जुर्माना लगाया।
जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दुकानदार अपने यहां रखी पाॅलीथीन को छिपाने में जुट गए, किन्तु अधिकारियों की फौज होने के कारण उनकी एक न चली। जिलाधिकारी ने सभी से पाॅलीथीन का प्रयोग न करने की अपील की। 

उत्तराखंड का एक और लाल देश पर शहीद, हल्द्वानी पहुंचा शव

0
martyrs body reaches hometown

उत्तराखंड के एक और जाबांज ने देश के नाम अपने प्राणों की आहूति दी है। बुधवार को कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान हल्द्वानी के रहने वाले मेजर कमलेश पांडेय शहीद हो गए। मेजर कमलेश नैनीताल जिले के हिम्मतपुर मल्ला के कांति पुरम में रहते थे। मेजर कमलेश मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के दिगोली बाड़ेछीना के रहने वाले थे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने शहीद मेजर के बलिदान को अपूरणीय क्षति बताया और उनकी शहादत को सलाम किया।
गुरुवार की मेजर कमलेश के शहीद होने की सूचना जिला प्रशासन के माध्यम से परिवार को दी गई। इसके बाद परिवार समेत पूरे क्षेत्र शोक में डूब गया। मेजर कमलेश के पिता मोहन चंद्र पांडेय भी सेना से सेवानिवृत्त है, जबकि छोटा भाई आर्मी पोस्टल सेवा में है। शहीद मेजर 2006 में एअरफोर्स में एअरमैन के तौर पर हुआ था। एयरफोर्स में सेवा के साथ ही उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की और 2010 में कम्बाइंड डिफेंस सर्विसेज(सीडीएस) की परीक्षा पास की। शहीद मेजर कमलेश तीन माह पहले ही मेजर पद पर प्रोन्नत हुए थे।
शहीद कमलेश के पिता मोहनचंद्र ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे उन्हें सेना की ओर से और प्रशासन की ओर से बेटे के शहीद होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोपहर में आर्मी स्टेशन हल्द्वानी और जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अफसर उनके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि देर रात तक शहीद का पार्थिव शरीर हल्द्वानी पहुंचेगा। मेजर कमलेश की शहादत की सूचना के बाद से उनकी मां शांति पांडेय और बड़ी बहन बीना पंत का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद कमलेश की पत्नी रचना पांडे और दो साल की बेटी भूमिका दिल्ली में रहते हैं। उन्हें भी इसकी सूचना दे दी गई है। हालांकि, वे अभी तक घर नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार को शहीद को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
उधर, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मेजर कमलेश पांडे की शहादत पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। मुख्यमंत्री ने शहीद मेजर कमलेश पांडे की शहादत को सलाम करते हुए उनके बलिदान को प्रदेश व देश का गौरव बताया है। मुख्यमंत्री ने शहीद मेजर कमलेश पांडे के पिता मोहन चन्द्र पांडे से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने शहीद के पिता को राज्य सरकार से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा प्रदेश शहीद के परिवार के साथ खड़ा है।