Page 637

स्वाइन फ्लू का आतंक, 51 पहुंची मरीजों की संख्या

0

स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को आई रिपोर्ट में पांच और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद मरीजों की संख्या 51 पहुंच गई है। इनमें 10 की स्वाइन फ्लू के कारण मृत्यु हो चुकी है।

मौसम की नमी स्वाइन फ्लू के वायरस के लिए मुफीद बन गई है। इसके संक्रमण का खतरा कई अधिक बढ़ गया है। यही वजह है कि स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को प्राप्त रिपोर्ट में पांच और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। जिनमें चार मरीज देहरादून व एक पैड़ी निवासी है। जाहिर है कि स्वाइन फ्लू पहाड़ को भी अपनी जद में लेने लगा है। इसके अलावा, 22 मरीजों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। जिन्हें स्वाइन फ्लू संभावित लक्षण मिलने पर उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इनमें पौड़ी, रुद्रप्रयाग व चमोली के भी मरीज शामिल हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तारा चंद पंत ने बताया कि जनवरी से अब तक कुल 138 मरीजों के सैंपल लिये गए हैं। जिनमें 51 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 37 मरीज देहरादून, सात अन्य जनपदों व तीन अन्य राज्यों से हैं। स्वाइन फ्लू से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें एक मरीज देहरादून व एक पैड़ी का था। उन्होंने कहा कि निजी व सरकारी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू व डेंगू को लेकर खास एहतियात बरतने के निर्देश दिये गए हैं। 

फोन पर परेशान करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोईना मित्रा की शिकायत दर्ज

0

किसी भी तरह से कलाकारों का मोबाइल नंबर हासिल करने वाले अक्सर सेलिब्रिटिज को परेशान करना शुरू कर देते हैं। अतीत में इस तरह के कई केस सामने आ चुके हैं और एक नया केस सामने आया है। सुभाष घई की कंपनी में बनी फिल्म ‘अपना सपना मनी मनी’ सहित बालीवुड की कई फिल्मों में ग्लैमरस रोल करने वाली अभिनेत्री कोईना मित्रा ने मुंबई के अंधेरी में ओशिवारा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि एक अनजाना व्यक्ति फोन पर उनको परेशान कर रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि पिछले एक सप्ताह से उनको फोन पर परेशान किया जा रहा है। फोन करने वाला कभी उनको अपने साथ डिनर पर ले जाने की दावत देता है, तो कभी उनको भद्दी भद्दी गालियां देकर तरह तरह की धमकी दी जाती हैं। शिकायत में कहा गया है कि फोन पर उनके साथ भद्दी बातें भी की जाती हैं, जिनमें प्रलोभन होता है। पुलिस ने भारतीय दंड की धारा 509 के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरु कर दी है। कोईना मित्रा ने अपने कैरिअर के दौरान संजय गुप्ता निर्देशित मुसाफिर, साजिद खान की ‘हे बेबी’, फरदीन खान के साथ ‘एक खिलाड़ी, एक हसीना’ और अजय देवगन के साथ ‘इंसान’ (मेहमान भूमिका) में काम किया। 

मधुर की इंदु सरकार से अमृता सिंह भी खफा

0

शुक्रवार को रिलीज हुई मधुर भंडारकर की फिल्म इंदु सरकार से नाराज होने वालों में सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लोग ही नहीं, बल्कि 90 के दशक की हीरोइन अमृता सिंह भी इस फिल्म से नाराज बताई जा रही हैं। मधुर की इस फिल्म में कथित तौर पर संजय गांधी का किरदार दिखाया गया है, जो 1975 में आपातकाल लागू कराए जाने के बाद नसबंदी के अपने मिशन को तेज करने के लिए चार लोगों की टीम बनाते हैं, जिनमें से एक सदस्य फरजाना दिखाई गई हैं। फिल्म में ये किरदार अभिनेत्री रश्मि झा ने निभाया है जो रुखसाना सुलतान से प्रेरित बताया जाता है।

रुखसाना सुलतान अमृता सिंह की मां थीं और उनको संजय गांधी के काफी करीब माना जाता है। अमृता सिंह ने मधुर की फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि फिल्म में तथ्यों को तोड़ मरोड़कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि वे कोर्ट जाने में विश्वास नहीं करतीं, लेकिन उनको इससे दुख हुआ है।

इन दिनों अमृता सिंह इसलिए चर्चा में हैं कि उनकी बेटी सारा अली खान फिल्मों में लांच होने जा रही हैं। पहले सारा को करण जौहर की कंपनी में लांच किया जाना था, लेकिन मतभेदों के चलते ये फैसला बदला और अब सारा की पहली फिल्म एकता कपूर की कंपनी बालाजी बना रही है। इस फिल्म का नाम ‘केदारनाथ’ है, जिसमें सारा की जोड़ी सुशांत सिंह राजपूत के साथ है और निर्देशन अभिषेक कपूर कर रहे हैं। 

अफवाहों से परेशान कंगना की फिल्म ‘सिमरन’ की टीम

0

 कंगना की आने वाली फिल्म ‘सिमरन’ की टीम की ओर से उन चर्चाओं को लेकर सफाई दी गई है, जिनमें कहा गया है कि फिल्म की एडीटिंग से कंगना नाखुश हैं और अब वे खुद फिल्म की एडीटिंग कर रही हैं। फिल्म के निर्देशक और निर्माता हंसल मेहता ने इस चर्चा को खारिज करते हुए कहा है कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। कंगना का फिल्म की एडीटिंग में कोई दखल नहीं है और उनकी देखरेख में एडीटिंग का काम तेजी से चल रहा है।

हंसल मेहता एक और खबर से दुखी हैं, जिसमें कहा गया है कि उन्होंने विशाल भारद्वाज के निर्देशन की शैली की आलोचना की है। विशाल की पिछली फिल्म ‘रंगून’ में कंगना ने काम किया था। इस खबर को लेकर भी हंसल मेहता ने सफाई दी और कहा कि विशाल उनके करीबी दोस्त हैं और उनको लेकर वे कुछ नकारात्मक सोच भी नहीं सकते। उन्होंने विशाल भारद्वाज को इस वक्त हिंदी फिल्म जगत से शीर्षस्थ निर्देशकों में से एक बताया। हंसल मेहता ने इन खबरों का भी पुरजोर खंडन किया, जिसमें कहा जा रहा था कि फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म अपने तय समय पर रिलीज होगी। फिल्म के निर्माण से जुड़ी टी-सीरिज की ओर से भी सफाई आई है, जिसमें कहा गया है कि फिल्म को लेकर कहीं कोई समस्या नहीं है और पूरी यूनिट एक टीम की तरह अपने काम में लगी हुई है।

हंसल मेहता ने इशारों में ‘सिमरन’ को लेकर हो रही अफवाहबाजी के लिए अपूर्वा साहनी को दोषी ठहराया। उनका आरोप था कि विवादों के जरिए पब्लिसिटी हासिल करने वाले कुछ लोग उनकी फिल्म के खिलाफ काम कर रहे थे। अपूर्व और कंगना को लेकर कुछ दिनों पहले विवाद हो गया था, जब कंगना को इस फिल्म के लिए एडीशनल राइटर का क्रेडिट दिए जाने का फैसला हुआ था, तो अपूर्व ने इसका विरोध करते हुए मीडिया में कंगना के खिलाफ काफी बयानबाजी की थी और इसमें कंगना की बहन रंगोली को भी लपेट लिया था। हंसल मेहता अपने फैसले पर कायम रहे और कंगना का क्रेडिट बना रहा, जबकि अब अपूर्व को फिल्म से अलग कर दिया गया है। 

विपक्ष विहीन भारत बनाकर लोकतंत्र की हत्या कर रही भाजपाः रावत

0

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि भाजपा विपक्ष विहीन भारत बनाकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है और देश को पूंजीपतियों की गुलामी से बचाने के लिए अब देश की जनता को एकजुट होना होगा। उन्होंने कांग्रेस की भावी रणनीति की जानकारी देते हुए कहा कि वे भाजपा हटाओ-देश बचाओ का नारा देकर अगला लोकसभा चुनाव हरिद्वार से लड़ेंगे। यह बात उन्होंने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही।

बिहार के ताजा घटनाक्रम को महान अवसरवादी और निम्न स्तरीय राजनीति बताते हुए कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा को नकार कर महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया था लेकिन भाजपा ने अलोकतांत्रिक ढंग से बिहार में सत्ता परिवर्तन कराकर वहां के सबसे बड़े राजनीतिक दल को अलग-थलग कर सत्ता में साझेदारी कर ली यह बिहार की जनता का बहुत बड़ा अपमान है। नीतीश कुमार को सबसे बड़ा सत्तालोभी तथा अवसरवादी बताते हुए कहा कि नितीश कुमार को महागठबंधन बनाते समय भी लालू यादव परिवार के विषय में पूर्ण जानकारी थी फिर भी उन्होंने लालू प्रसाद यादव के साथ मिलकर सत्ता हासिल की और अब उसे दरकिनार कर फिर से भाजपा से मिल गए यह भी बिहार की जनता का अपमान है।
गुजरात में धन बल के आधार पर की गई तोड़-फोड़ को भाजपा की काली करामात बताते हुए कहा कि उसने उत्तराखण्ड में भी यही किया। आज यूपी, उत्तराखण्ड ही नहीं पूरे देश में विकास नाम की कोई चीज नहीं है। केन्द्र सरकार जनता से धन एकत्र करने में जुटी है और देश की जनता का 70 साल का कमाया हुआ धन कहां जा रहा इसका जवाब जनता अगले चुनाव में भाजपा से मांगेगी।
लोकतंत्र की हत्या के लिए भाजपा द्वारा देश पर किए जा रहे ताबड़तोड़ हमलों की निंदा करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस देश और समाज की व्यवस्थाओं को कांग्रेस ने छह दशक के अपने अथक प्रयासों से संवारा भाजपा ने तीन सालों में सारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं तार-तार कर दीं। अब देश के सामने संवैधानिक खतरा उत्पन्न होने वाला है। राज्यसभा परिसदन के लिए चुने जाने वाले प्रतिनिधियों के चयन में हुई हेरा-फेरी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस राज्य में जिस दल के जितने सदस्य होते थे। उसी आधार पर राज्यसभा के लिए चयन होता था लेकिन भाजपा ने सारे मानकों को ठेंगा दिखाकर मनमानी की जो लोकतंत्र के लिए बहुत बड़े खतरे की घंटी है।
कांग्रेस नेता ने चुनाव से पूर्व भाजपा द्वारा किसानों से किए गए वादों को जनता के साथ बहुत बड़ा छलावा बताते हुए कहा कि उस समय तो ऋण माफी और आय दोगुनी करने का झांसा दिया गया था लेकिन सत्ता पाते ही सारे वादे हवा-हवाई हो गये। अब किसान आत्महत्या कर रहे हैं और भाजपा जश्न मना रही है। भाजपा नेताओं पर गलत बयानी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद हरिद्वार के सांसद कहां चले गए। बिना बजने वाले शंख की आवाज सुनने को हरिद्वार की जनता तरस रही है। हरिद्वार जाम से जूझ रहा है और फोरलेन निर्माण अधर में लटका पड़ा है।

भाजपा पर कांग्रेस के जनहितकारी निर्णय पलटने का आरोप लगाते हुए हरीश रावत ने कहा कि गंगा तट से 200 मीटर दूर तक के मकानों को बचाने के लिए ही उन्होंने हरकी पैड़ी से आगे बहने वाली गंगाजल की धारा को गंगनहर बताया था, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके। जबकि भाजपा के नगर विकास मंत्री ने हरिद्वार का क्या हाल कर दिया किसी से छुपा नहीं, जनता स्वयं भाजपा से इसका हिसाब लेगी।

लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार गिरफ्तार

0

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ज्वेलर्स के यहां हुई लुट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व लूट का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद से पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास में थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार वीके के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। मदद के लिए एसओजी हरिद्वार को भी शामिल किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के लिए जगह-जगह चैकिंग करायी जा रही थी। दोपहर में रेगुलेटर पुल सुमन नगर के पास पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट डिजायर सिल्वर रंग की कार (नम्बर यूके-17बी-6685) को बरामद कर घटना में सम्मिलत चार अभियुक्तगणों को घटना में लूटी गयी धनराशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी राहुल शर्मा के किराये के मकान द्वारिका बिहार कनखल से घटना में लूटी गयी ज्वेलरी, हाथ की घड़ी, ज्वेलर्स से लूटा गया पर्स और दुकान की चाबियां बरामद की गयी। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सरफराज, राहुल शर्मा, अर्पित पुत्र, रविकान्त शर्मा थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर, 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (नं0 यूके17बी-6685), लूटी गयी 05 जोड़ी टोप्स (बाली) लूटी गयी एक अंगूठी सोने की, लूटी गयी एक हाथ की घड़ी, लूटा गया एक पर्स व दुकान की चाबियां बरामद की। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

कनाडा में भारतीय संस्कृति का ध्वज फहरा कर लौटे डॉ. पंड्या

0

डॉ. प्रणव पंड्या अपने दस दिवसीय कनाडा प्रवास से बुधवार देर सायं हरिद्वार लौटे। वे कनाडा के किंगस्टन शहर में आयोजित राष्ट्रीय यूथ कैम्प ‘जागो और जगाओ’ एवं विनिपेग शहर के 108 वेदीय गायत्री दीप महायज्ञ के संचालन के लिए गये थे।

अपने प्रवास की जानकारी में देते हुए डॉ. पंड्या ने बताया कि कनाडा के मूल निवासी एवं एनआरआई युवा जो वहीं पले-बढ़े हैं, भारतीयता के रंग में रंग रहे हैं। वे संस्कारों एवं पारिवारिक मूल्यों के विस्तार में जुटे हैं। साथ ही बच्चों में भारतीय संस्कृति के बीजारोपण के लिए चलाये जा रहे बाल संस्कारशाला को गति प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत 17 वर्षों से चलाये जा रहे अमेरिका, कनाडा सहित यूरोपीय देशों के युवाओं को रचनात्मक दिशा देते हुए भारतीय संस्कृति के प्रति रुझान पैदा किया जा रहा है, जो अब एक अच्छी स्थिति में दिखाई दे रही है।

डॉ पंड्या ने बताया कि इस प्रवास के दौरान मिल्टन, हैमिल्टन, मिसिसागा, मारखम, क्रामटन के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में विशेष उद्बोधन हुए। इन सभी जगहों में युवाओं की संख्या ज्यादा रही। सभी ने एक मत से स्वीकारा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए भारतीय संस्कृति ही एक मात्र माध्यम है।
शांतिकुंज स्थित विदेश विभाग के अनुसार डॉ. पंड्या को प्रवास के दौरान काउंसलर जनरल ऑफ इण्डिया, प्रेस एवं इन्फॉर्मेंशन, कम्युनिटी वेलफेयर, इंडियन एम्बेसी के देवेन्द्र पाल सिंह, कंजरवेटिन पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मेम्बर ऑफ पार्लियामेंट नवल बजाज सहित दर्जन भर से अधिक संस्थानों ने विशेष रूप से सम्मानित किया। मानीटोगा प्रांत के मेंम्बर ऑफ पार्लियामेंट टेरी मुगड ने देवसंस्कृति विवि के सूत्रों को अपने प्रांत के युवाओं तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उनके प्रवास के दौरान देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, प्रो. विश्व प्रकाश त्रिपाठी, ओंकार पाटीदार, राजकुमार वैष्णव एवं छबिलाल गढ़िया शामिल रहे।

शुगर मिल टरबाइन से तांबा चोरी, बदमाशों और पुलिस के बीच फायरिंग

0

काशीपुर में बंद पड़ी चीनी मिल में चोरी के लिए घुसे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ में करीब चार घंटे तक गोलियां चली। इससे एक पुलिस कर्मी सहित दो लोग घायल हो गए। वहीं बदमाश टर्बाइन से एक टन से अधिक तांबा लेकर फरार हो गए। काशीपुर चीनी मिल करीब पांच साल से बंद है। मिल में दो टरबाइन इलेक्ट्रिक प्लांट हैं। मिल की सुरक्षा के लिए वहां पुलिस चौकी भी बनाई गई है। बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे टरबाइन इलेक्ट्रिक प्लांट में कुछ कटने की आवाज आने लगी। 

इस पर प्लांट के पास परिवार के सात रह रहे व्यक्ति ने पुलिस चौकी को सूचना दी। कुछ समय तक जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो उसने इसकी सूचना सीओ राजेश भट्ट को दी। इस पर सीओ कोतवाल व आइटीआइ थाना अधयक्ष सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मी लेकर मौके पर करीब ढाई बजे पहुंचे तो पुलिस को देख बदमाश फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग करने लगी। करीब पांच बजे तक दोनों तरफ से फायरिंग हुई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ओर से करीब 36 राउंड गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में धामपुर, बिजनौर निवासी यशपाल शर्मा पुत्र सुखदेव प्रसाद शर्मा के माथे पर छर्रा लगा। एक छर्रा उनके बांये हाथ को छूता हुआ निकल गया। यशपाल मिल में परिवार के साथ रहते हैं। एक पुलिस कर्मी को भी छर्रा लगा। 

पुलिस सुबह करीब छह बजे तक मिल की घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने में जुटी रही, लेकिन बदमाश एक टन से अधिक तांबा लेकर भागने में सफल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों की संख्या नौ के करीब थी।

एसडीएम आफिस की नाक के नीचे बन रहे फर्जी प्रमाण पत्र

0

किच्छा में एसडीएम कार्यालय की नाक के नीचे एक जन आधार केंद्र में लंबे समय से फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। जन शिकायत के बाद एसडीएम ने छापा मारा तो हकीकत देखकर वह भी दंग रह गए। वहां मौजूद प्रमाण पत्रों को जब्त कर केंद्र संचालक को पुलिस के हवाले कर दिया। 

जनता को शासन द्वारा जारी किए जाने वाले प्रमाण-पत्र आसानी से मिल सकें इसके लिए शासन ने निजी संचालकों को भी जनाधार केंद्र आवंटित किए गए हैं। इसी तरह का एक केंद्र एसडीएम कार्यालय के प्रवेश द्वार के ठीक ऊपर सिद्धि विनायक कम्यूनिकेशन के नाम से चल रहा था। 

इस केंद्र से शासन की तय प्रक्रिया के तहत आधार, वोटर, निवास, आय व जाति प्रमाण पत्र बनाने का काम किया जा रहा था। एसडीएम एनसी दुर्गापाल के अनुसार बुधवार को कुछ लोगों ने इस केंद्र से शासन द्वारा जारी किए जाने वाले प्रमाण पत्रों को बदल कर फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने की शिकायत की। 

इस पर एसडीएम ने तत्काल अपनी टीम के साथ इस जनाधार केंद्र पर छापा मारा। वहां की कहानी देख वह दंग रह गए। बताया कि केंद्र में सबूत के तौर पर जो प्रमाण पत्र मिले उनमें एक आय प्रमाण पत्र अब्दुल सईद पुत्र अब्दुल शकूर वार्ड नं आठ को प्रशासन द्वारा नियत प्राधिकारी द्वारा दो हजार का जारी किया गया है, पर इस केंद्र द्वारा इसे फर्जी तरीके से बदलकर 1700 रुपये का कर दिया गया है।  

एसडीएम एन सी दुर्गापाल के अनुसार फर्जी प्रमाण पत्रों के इस खेल में जिस व्यक्ति के नाम प्रशासन ने आईडी जारी की है, वह एक प्रधान का बेटा है। वहीं संचालक एक जल संस्थान कर्मी का बेटा है। खेल में राजस्व विभाग के एक पटवारी का बेटा भी शामिल होने की जानकारी मिली है। विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान

0

सडक सुरक्षा को लेकर देहरादून पुलिस ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एसएसपी निवेदिता कुकरेती कुमार ने केन्द्रीय विद्यालय सालावाला, के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओँ को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा यातायात नियमों के प्रति अपने अभिभावकों व अन्य परिचितों को जागरूक करने की अपील की गई उनके द्वारा बताया गया कि वाहन चलाते समय हमेशा सजग रहे क्योंकि छोटी सी लापरवाही आपके तथा दूसरों के जीवन के लिए दुखदायी हो सकती है, हमेशा वाहन चलाते समय हेल्मेट का प्रयोग करें क्योंकि यह आपकी अपनी सुऱक्षा है, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे वाहन न चलायें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग कदापि न करें।

WhatsApp Image 2017-08-03 at 19.32.03

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं द्वारा एसएसपी महोदया से यातायात नियमों व सडक सुरक्षा को लेकर संवाद किया गया, इसके उपरान्त मैक्स अस्पताल के आर्थोपैडिक सर्जन डॉ. कोचर द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान दी जाने वाली फस्र्ट एड, गोल्डन ऑवर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकगण भी मौजूद रहे।