Page 633

पहाड़ों पर आफत की बारिश: बागेशवर में नाले में बहा छात्र, रानीखेत में सड़क पर लटका ट्रक

0
rain causes havoc in uttarakhand

बागेश्वर जनपद की कांडा तहसील के ढोला गांव स्थित एक बरसाती नाले (गधेरे) में स्कूल से लौट रहा छात्र बह गया। सूचना पर प्रशासन ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया लेकिन छात्र कोई पता नहीं चल पाया।
शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय पंत्युडी में कक्षा पांच के छात्र मनीष कुमार पुत्र प्रताप राम स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रहा था। करीब 11 बजे गांव के पास ही स्थित ढोला गधेरा पार करते हुए वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। घटना के बाद पुलिस ने बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया है। पांच घंटे की मशक्कत के बाद भी बच्चे का पता नही चल पाया है। 

अल्मोड़ा-मजखाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक मोड़ पर तेजी से मुड़ने के दौरान असंतुलित होकर निर्माणाधीन पुल पर झूल गया। ट्रक में टेलीफोन की केबल के बंडल भरे बुए थे। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग करीब पांच घंटे ठप रहा। इस दौरान वाहनों को गोविंदपुर-दौलाघट मार्ग पर डायवर्ट किया गया।
शुक्रवार को देहरादून निवासी चालक सुनील चौहान बीएसएनएल के केबल से भरा एक ट्रक लेकर आ रहे थे। शुक्रवार तड़के अल्मोड़ा मजखाली हाईवे पर रानीखेत से करीब 20 किमी दूर बबुरखोला में तीखे मोड़ पर ट्रक असंतुलित हो कर निर्माणाधीन पुल की ओर लटक गया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जेसीबी की मदद से ट्रक को निकालने का प्रयास विफल रहने पर क्रेन मंगाई गई। इसके बाद मार्ग खुल पाया और यातायात सुचारु हो पाया।

दो भाई निकले चोरी के “राम और श्याम”

0

काशीपुर में दुकानों, घरों और वाहनों की चोरी करने वाले दो सगे भाई पुलिस के हत्थे चढ़े हैं जिनके पास से पुलिस को चोरी का ई-रिक्शा बरामद हुआ है। शुक्रवार को कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसएसआइ वीरेंद्र चंद्र रमोला ने बताया कि दो अगस्त की शाम मझरा लक्ष्मीपुरपट्टी से ई रिक्शे घर के बाहर से चोरी हो गया थी, जिसकी शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करी।

chor

ई-रिक्शा बरामदगी में पुलिस जुट गई थी, मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने नया ढेला पुल कब्रिस्तान के पास दो युवक चोरी किये गए ई-रिक्शा के साथ खड़े थे। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही दोनों के पास से ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें नशे की लत है इसलिए वह दुकानों और घरों में चोरी करने के साथ ही वाहन भी चोरी करते हैं।

यह भी बताया कि उन्होंने 10 जुलाई की रात्रि पंत पार्क स्थित ग्रीन व्यू रेस्टोरेंट का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 14 हजार रुपये भी चोरी किए थे। साथ उसी रेस्टोरेंट में 19 जुलाई की रात्रि दोबारा चोरी की, इस दौरान उन्होंने नौ सौ रुपये चोरी किए। पुलिस ने दोनों भाईयों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया है।

साइबर क्राइम के बारे में जनता को जागरूक करे पुलिस: एसपी

0

चमोली की पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने अपराध समीक्षा मासिक बैठक में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कानून व्यवस्था पर सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा के दृष्टिगत सभी थाना, चौकी प्रभारियों को हर वक्त सजग रहने की जरूरत है। साथ ही साइबर क्राइम के बारे में भी जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए।

गोपेश्वर में पुलिस लाइन में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने कहा कि साइबर क्राइम के अंतर्गत लोगों के साथ ठगी होने की जानकारी मिल रही है। साथ ही अपराधी प्रवृति के लोग इसके माध्यम से गलत कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को कहा कि हर तरफ से सजगता और जागरुकता की जानकारी जनता को दें। अपराधों के रोकधाम, सड़क दुर्घटना पर रोकथाम के साथ-साथ लंबित विवेचनाओं और शिकायती पत्रों का निस्तारण समय पर करने के भी निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि अवैध शराब, खनन, जुआं, वन्य जीव तस्करी आदि गलत कार्यों के विरुद्ध कार्रवाई में तेजी लायी जाए। इस अवसर पर माह जुलाई में सर्वोतम कार्य के लिए एसओजी के आरक्षी प्रदीप कुकरेती को सम्मानित किया गया।

टिहरी बांध का जलाशय भरा, ऋषिकेश-हरिद्वार प्रशासन सतर्क

0

मौसम विभाग के आगामी 10 अगस्त तक प्रदेश में भारी बरसात के अलर्ट को देखते टीएचडीसी ने टिहरी बांध से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी कर दिया है। जिसे देखते हुए तहसील प्रशासन ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर रहने वाले झुग्गी-झोपड़ी में लोगों को सुरक्षित स्थान पर चले जाने की चेतावनी दी है।

गुरुवार की सुबह से ही हो रही वर्षा शुक्रवार को भी लगातार जारी रहा। जिसके कारण नगर के विभिन्न क्षेत्रों के घरों में पानी घुस गया वहीं चंद्रभागा नदी व सौग नदी के ऊफान पर होने के कारण गौहरी माफी गांव में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस जाने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं।
तेज हवाओं से पेड़ की टहनीया टूटकर 33 केवी की विद्युत लाइन पर जा गिरी जिससे लाइनों में फाल्ट आ गया और 3 घंटे तक बिजली बाधित रही। तो वहीं टिहरी बांध का जलस्तर 800 आरएल मीटर पर पहुंच गया, जिसे देखते हुए टीएचडीसी ने टिहरी पौड़ी देहरादून- हरिद्वार के जिला प्रशासन को अलर्ट जारी कर दिया।
देहरादून से एडीएम वित वीर सिंह बुदियाल ने ऋषिकेश तहसील प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। वहीं गंगा का जलस्तर भी अपने खतरे के निशान को छू कर बह रहा है। घाट पर नियमित होने वाली आरती के घाट भी जलमग्न है। 

ऊर्जा निगम का 200 करोड़ के राजस्व इजाफे का लक्ष्य

0

ऊर्जा विभाग को गत वर्ष के राजस्व में न्यूनतम 200 करोड़ रुपये की वृद्धि करनी होगी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को यह लक्ष्य दिया। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेई और एई ही नहीं, बल्कि एक्जीक्यूटिव इंजीनियर भी फील्ड में जाकर स्थिति को देखें। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाए। विशेष रूप से बड़े बिजली चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली चोरी रोकने और राजस्व वृद्धि के लिएं लंबे समय से एक ही स्थान पर टिके जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने कगा कि बिना एक्जीक्यूटिव इंजीनियर की अनुमति के शटडाउन न किया जाए। साथ ही जब भी किसी आवश्यक कार्य के लिए शटडाउन लेना हो तो उसका व्यापक प्रचार किया जाए। सीएम ने सख्त हिदायत दी कि अधिकारियों-कर्मचारियों की लापरवाही से बिजली आपूर्ति में बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जूनियर इंजीनियर से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक की चरित्र पंजिका में उनकी परफॉर्मेंस बिजली सप्लाई की नियमितता के आधार पर भी देखी जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य की सौर ऊर्जा नीति में पांच मेगावाट तक के प्रोजेक्ट केवल उत्तराखण्ड के निवासियों के लिए रखने के निर्देश दिए। इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा। वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों से राज्य में 597 मिलियन यूनिट बिजली की खपत कम हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपजाऊ भूमि पर सोलर प्लाण्ट परियोजनाए न लगाई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली सप्लाई में एटी एण्ड टी (एग्रीगेट टेक्निीकल एण्ड कमर्शियल लॉसेस) को कम किया जाए। वर्ष 2016-17 के 16.72 प्रतिशत हानियों को इस वर्ष अधिकतम 15 प्रतिशत तक सीमित किया जाए। गौरतलब है कि एक प्रतिशत एटी एण्ड टी हानियां कम होने पर राज्य को लगभग 100 करोड रुपये तक की बचत होगी।
सीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली चोरी की घटनाएं अधिक सामने आ रही हैं, उन्हें चिह्नित कर वहां ओवरहेड लाइनों को एबी केबिलों से बदला जाए। इस वर्ष 2000 किमी ओवरहेड एलटी लाइनों को एबी केबिलों से बदले जाने का लक्ष्य है। बैठक में बताया गया कि राज्य के 15745 आबाद ग्रामों में 15681 विद्युतीकृत है। मुख्यमंत्री ने शेष 64 ग्रामों को इस वर्ष के अंत तक विद्युतीकृत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ सीमांत इलाकों में लगभग 8000 घरों के लिए सोलर ब्रीफकेस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत उत्पादन की आधुनिक एमआईएसटी (मिस्ट) तकनीक का अध्ययन कर किसी एक स्थान पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने के निर्देश भी दिए। उत्तराखंड जल विद्युत निगम को इस वर्ष के लिए निर्धारित 4876 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन लक्ष्य को बढ़ाकर कम से कम 5000 मिलियन यूनिट करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो जलविद्युत परियोजनाएं न्यायालय वाद या किसी अन्य कारण से रुकी हुई हैं, उनके अतिरिक्त बाकी योजनाओं पर निगम पूरा ध्यान केंद्रित करें।
अधिकारियों ने बताया कि 120 मेगावाट ब्यासी परियोजना वर्ष 2018 दिसम्बर तक तैयार हो जाएगी। उत्तरकाशी की पिलंगाड-1 (2.25 मेगावाट) योजना इस वर्ष दिसम्बर तक पूरी हो जाएगी। चमोली में उरगम (3.0 मेगावाट) और पौड़ी में दुनाव (1.5 मेगावाट) योजना अगस्त के अंतिम सप्ताह से प्रारम्भ हो जाएगी। दुनाव परियोजना टेस्टिंग प्रक्रिया में है। राज्य के दस हजार से कम जनसंख्या वाले 36 शहरों में 192 करोड़ की लागत से बिजली सुधारीकरण किया जाना है। इस वर्ष अप्रैल से जून तक बिजली चोरी के लगभग 486 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अप्रैल-जून अवधि के बिजली आपूर्ति की नियमितता और अवधि में सुधार हुआ है। बैठक में सचिव ऊर्जा राधिका झा, अपर सचिव रणवीर सिंह चैहान समेत ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एक क्लिक पर होंगे औषधि विभाग से जुड़े काम

0

केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया मुहिम को आगे बढ़ाते हुए राज्य का औषधि विभाग भी अब ऑनलाइन होने जा रहा है। आॅनलाइन सुविधा शुरू होने के बाद नए लाइसेंस और नवीनीकरण के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यह सब एक क्लिक पर मुमकिन होगा।खाद्य सुरक्षा विभाग में लाइसेंस व पंजीकरण की व्यवस्था काफी पहले ऑनलाइन की जा चुकी है लेकिन ड्रग लाइसेंस के लिए आवेदन और नवीनीकरण की व्यवस्था पुराने ढर्रे से ही चल रही है। अब विभाग ने इसे ऑनलाइन करने की तैयारी कर ली है। जिसके तहत ड्रग लाइसेंस के इच्छुक लोग इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अब तक लोगों को लाइसेंस के लिए कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसमें तमाम शिकायतें भी रहती हैं लेकिन ऑनलाइन प्रणाली में शिकायतें कम रहेंगी। आवेदक के ऑनलाइन आवेदन के बाद औषधि निरीक्षक प्रस्तावित दुकान आदि का भ्रमण कर लाइसेंस को स्वीकृति देंगे या कमियां पाए जाने पर उसे अस्वीकृत करेंगे। औषधि नियंत्रक ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि इस बावत प्रक्रिया गतिमान है। अगले कुछ वक्त में ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

वेबसाइट पर रहेगा पूरा विवरण
ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के बाद विभाग की वेबसाइट पर दवा प्रतिष्ठानों का पूरा विवरण रहेगा। लाइसेंसी के फोन नंबर, ई-मेल आदि का ब्यौरा भी रहेगा। वहीं, इस प्रणाली से व्यवसाय में पारदर्शिता भी आएगी। लाइसेंस के लिए फार्मासिस्ट की अनिवार्यता है। अब तक एक ही फार्मासिस्ट कई प्रतिष्ठानों से अपने नाम का पंजीकरण करा लेते हैं। ऑफलाइन प्रणाली में यह बात सामने नहीं आ पाती। लेकिन ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में एक फार्मासिस्ट के नाम का पंजीकरण एक से अधिक प्रतिष्ठानों के लिए नहीं हो सकेगा।

परेशान कर सकती हैं व्यवस्थाएं
ऑनलाइन प्रणाली में अभी कुछ वक्त और लग सकता है। इसे लेकर विभाग को अभी आवश्यक संसाधन जुटाने होंगे। इसके अलावा कर्मियों का प्रशिक्षण भी होना है। सॉफ्टवेयर इंस्टॉल होने और इसे सही ढंग से क्रियाशील होते भी वक्त लगेगा।

सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति, मैसेज भेजने को नहीं हैं पैसे

0

प्रदेश के सरकारी स्कूल खुद अपनी ही बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चों को छुट्टी की सूचना तक देने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। बच्चों को मैसेज भेजने के लिए स्कूलों के पास कोई बजट नहीं है। इसके चलते प्रशासन की ओर से की जाने वाली आकस्मिक छुट्टी के दिन भी सरकारी स्कूलों के बच्चे स्कूलों की दौड़ लगा रहे है। जब हरिद्वार के स्कूलों का ये हाल है तो पहाड़ के स्कूलों की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे जिस तेजी के साथ दावे करते हैं उससे तो प्रदेश के स्कूलों की स्थित देश में नंबर एक पर होनी चाहिये। मास्टर जी को ड्रेस में होना चाहिये। तो मास्टर जी का घर स्कूल से आठ किलोमीटर की दूरी पर होना चाहिये। इसी के साथ कई अन्य घोषणाएं भी शिक्षा को बेहतर करने की दिशा में की गई लेकिन अगर धरातल पर इस घोषणाओं की हकीकत की पड़ताल की जाये तो ये महज स्टंट है।
सरकारी स्कूलों की हालत बहुत लचर है। मंत्री जी के स्कूलों की खराब हालत का खुलासा शुक्रवार को हो गया। जब प्रशासन की ओर देर रात भारी बारिश की आशंका के चलते निजी और सरकारी स्कूलों में छुट्टी करने के आदेश जारी कर दिये लेकिन हरिद्वार के कई स्कूल छुट्टी के दिन भी खुले रहे। जब स्कूल प्रशासन से बात की तो उन्होंने बताया कि मैसेज भेजने की व्यवस्था पूरी तरह से नहीं चल रही है। जिसके चलते बच्चों को सूचना नहीं जा सकी। बच्चों को स्कूल पहुंचने पर ही छुट्टी होने का पता चला। दूसरी ओर जिले के तमाम निजी स्कूलों ने मैसेज भेजकर बच्चों को छुट्टी की सूचना दी। ऐसे में स्पष्ट है कि मंत्री जी को शिक्षा के स्तर में सुधार के साथ व्यवस्थाओं को लेकर भी दुरुस्त कदम उठाने होंगे।

मंदाना करीमी ने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा के आरोप वापस लिए

0

बिग बास का हिस्सा रह चुकी फिल्म अभिनेत्री मंदाना करीमी ने एक महीने पहले अपने पति गौरव गुप्ता के खिलाफ घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए थे। आज मंदाना ने अपने पति के खिलाफ लगाए गए इन आरोपों को वापस ले लिया।

घरेलू हिंसा का मामला पुलिस में दर्ज कराने के साथ साथ मंदाना ने अदालत में दस लाख रु का मुआवजा और एक करोड़ रुपये का मानहानि का केस दर्ज किया था। अदालत में जब इस मामले की सुनवाई शुरु हुई, तो मंदाना की ओर से गौरव गुप्ता के खिलाफ लगाए गए सारे आरोपों और पूरे केस को वापस लेने की याचिका दायर की गई, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

मंदाना करीमी ने अपनी ससुराल वालों पर यहां तक आरोप लगाए थे कि उनको हिंदू धर्म स्वीकार करने के लिए दबाव डाला जा रहा है। इसके अलावा मंदाना का ये भी आरोप था कि ससुराल के लोग उनको मनोरंजन की दुनिया से दूर रहकर सिर्फ घर-गृहस्थी संभालने को कह रहे हैं, जो उनको नामंजूर हैं। मंदाना ने अपने पति गौरव पर हाथापाई करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे।

दूसरी ओर, मंदाना के आरोपों के कुछ दिनों बाद मीडिया में इस तरह की खबरें आने लगी थीं कि मंदाना की असली समस्या अपने पति के छोटे भाई और उनकी पत्नी से थी। अपनी देवरानी के साथ टकराव के चलते मंदाना ने पति और घरवालों के खिलाफ आरोप लगा दिए। मंदाना ने आरोप वापस लेने के बाद सिर्फ ये कहा कि अब वे अच्छा महसूस कर रही हैं। 

जब अनजान शख्स ने पकड़ा नेहा धूपिया का हाथ

0

फिल्मों और टीवी में काम करने वाली अभिनेत्री नेहा धूपिया के साथ एक अनजाने शख्स द्वारा बदसलूकी की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, नेहा धूपिया सुबह सवेरे जब सैर के लिए जा रही थीं, तो एक अनजान आदमी ने उनका हाथ पकड़ लिया।

नेहा धूपिया के मुताबिक, वो आदमी उनसे रोडिज शो में मौका दिलाने की मन्नतें कर रहा था। नेहा धूपिया इस शो की जज रह चुकी हैं। नेहा के मुताबिक, पहले मैने उसको बहुत समझाने की कोशिश की, कि ये सब किसी के हाथ में नहीं होता। ऐसे शो में हिस्सा लेने के लिए एक प्रक्रिया है, जिससे सबको गुजरना पड़ता है।

नेहा के समझाने पर जब वो आदमी नहीं माना, तो सख्त लहजे में नेहा ने उसकी शिकायत पुलिस में करने की धमकी दी, तो वो आदमी वहां से चला गया। नेहा का कहना था कि पुलिस में उन्होंने शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन उनका कहना है कि ऐसी वारदातें उनको डरा देती हैं। नेहा इन दिनों टीवी पर अपना एक टाक शो कर रही हैं और विद्या बालन के साथ उनकी फिल्म तुम्हारी सुल्लू में भी काम कर रही हैं। 

अक्षय कुमार की नई फिल्म पैडमैन का पहला पोस्टर जारी

0

अक्षय कुमार जहां एक तरफ 11 अगस्त को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ के रिलीज की तैयारियों और इसके प्रमोशन में बिजी हैं। फिल्म के रिलीज से ठीक आठ दिन पहले अक्षय की एक और नई फिल्म ‘पैडमैन’ का पहला पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया। आर बाल्की के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण अधिकारिक रूप से अक्षय की पत्नी टिंवकल खन्ना ने किया है।

ये फिल्म अरुणाचलम की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होंने महिलाओं के लिए सिनेटरी पैड तैयार करने का काम शुरू किया था। उनकी जिंदगी पर लिखी किताब-पैडमैन के अधिकार खरीदकर इस फिल्म को बनाया गया है। अक्षय कुमार के अलावा फिल्म में राधिका आप्टे उनकी पत्नी का रोल कर रही हैं, तो साथ में सोनम कपूर भी हैं। आर बाल्की की फिल्म है, इसलिए अमिताभ बच्चन भी इस फिल्म में एक छोटी सी भूमिका में नजर आएंगे। ये फिल्म अगले साल 2018 में 13 अप्रैल को रिलीज की जाएगी। इस फिल्म के निर्माण में क्रीअर्ज कंपनी पार्टनर हैं। ये कंपनी अक्षय की फिल्म ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ में भी पार्टनर है।