Page 628

गंगा स्वच्छता पर उत्तराखंड सरकार भी कर रही नई पहल

0

राज्य सरकार स्पर्श गंगा बोर्ड के मामले में फिर सचेत हो गई है। केन्द्र के अभियान के साथ-साथ अब गंगा सफाई में प्रदेश का भी महत्वपूर्ण कदम जुड़ जाएगा। इसीलिए इस बोर्ड का एक बार फिर नवीनीकरण किया जा सकता है। इस संदर्भ में एक प्रस्ताव बनाया गया है।

संस्कृति निदेशालय जो सांस्कृतिक धरोहरों को प्रभावी बनाने का कार्य करता है इस मामले में सक्रिय हो गया है और उसने अपना प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। गंगा एनडीए सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है जिसे संचालित करना सरकार का महत्वपूर्ण संकल्प है। यूं तो गंगा, गऊ, गीता और भारतीय संस्कृति भाजपा के मूल आधार हैं। इसीलिए पार्टी इन मूल आधारों को सहेजकर चलती है। ऐसा नहीं है कि गंगा पर चिंता पहली बार हुई है लगातार सरकारें गंगा के नाम पर निरंतर कार्य करती रही हैं। इसके पीछे इस पवित्र नदी को जीवित रखने की परिकल्पना है।
गुजरात में साबरमती का जिस ढंग से पुनरुद्धार किया था और आज साबरमती स्वच्छ और श्रेष्ठ नदियों में शामिल हो गई है। उसी प्रकार गंगा,यमुना जैसी पवित्र नदियों के बारे में भाजपा सरकारें लगातार चिंतन करती रहती हैं। ऐसा नहीं है कि कांग्रेस सरकार ने कुछ काम नहीं किया है दिखावे के लिए ही सही उसने भी गंगा का मिशन जारी रखा लेकिन पूर्ववर्ती डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के नेतृत्व वाली सरकार ने गंगा के लिए स्पर्श गंगा अभियान चलाया था और इस अभियान के तहत अच्छा खासा जनजागरण किया था। यह बात अलग है कि उनके मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद इस संबंध में कोई विशेष कार्य नहीं हुआ। केन्द्रीय उमा भारती के नेतृत्व में गंगा से जुड़े सभी राज्यों में नमामि गंगे परियोजना पूरी तरह चल रही है। हिमालयी राज्य तथा गंगा मायका होने के कारण उत्तराखंड और गंगा एक दूसरे के पर्याय बन गए हैं।
आंकड़े बताते हैं कि उत्तराखंड में 1266 ग्लेशियल झील हैं जो 500 वर्ग मीटर से लेकर 2,44,742 वर्ग मीटर तक अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति का एहसास कराती हैं। इसका ज्वलंत प्रमाण केदारनाथ आपदा है। केदारनाथ मंदिर के ऊपर एक हिमनदी झील है जिसे गांधी झील का अब नाम दिया गया है महत्वपूर्ण स्थिति में है। इसी झील के टूटने के कारण 2013 में केदारनाथ में भयंकर आपदा आई और दसों हजार लोग मारे गए। इसका कारण वैज्ञानिक इसी झील का टूटना बताते हैं।
वैज्ञानिक संस्थान अल्मोड़ा स्थित जीबी. पंत नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन एनवायरनमेंट एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट के निदेशक पी.पी. ध्यानी का कहना है कि सरकारें राजनीतिक मुद्दे से हर चीज को देखती हैं लेकिन प्राकृतिक मुद्दों को जिस नजरिए से देखने की जरूरत है वह नहीं हो पा रहा है, जिनके कारण जलवायु परिवर्तन हो रहा है। राजनीतिक दलों ने सिंचाई और पनबिजली पैदा करने के लिए पानी उपलब्ध कराने की बात की है लेकिन नदियों को बारहमासी रखने के लिए उनके पास कोई योजना नहीं है। उन्हें लगता है कि नदियों को एक ही गति से हमेशा के लिए बहते रहेंगे। नदियों के बड़े जलाशयों में धाराएं फंस जाती हैं। सरकारों ने जल विद्युत परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया है।
पिथौरागढ़ में करीब 90 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना निर्माणाधीन है 6000 मेगावाट के पंचेश्वर बांध पर काम दो दशकों तक रोक दिया गया था। अब इस योजना को पुन: प्रारंभ किया गया है। उत्तरकाशी में गौमुख से लगभग 118 किमी भागीरथी नदी का स्रोत जो गंगा के मुख्यधाराओं में से एक है। गंगा को पुनर्जीवित करने के लिए नमामि गंगे परियोजना का लाभ लोगों को मिल सकता है। 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने स्पर्श गंगा बोर्ड की घोषणा की थी, जिसका विधिवत गठन फरवरी 2010 में हुआ था। मुख्यमंत्री बोर्ड के पदेन अध्यक्ष थे, जबकि गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. प्रभाकर बड़ोनी को स्पर्श गंगा बोर्ड में ओएसडी बनाया गया था।
तत्कालीन निशंक सरकार ने सुप्रसिद्ध सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी और अभिनेता विवेक ओबराय को स्पर्श गंगा बोर्ड का ब्रांड एंबेसडर बनाया था। इसी तरह चार अप्रैल 10 को स्पर्श गंगा के प्रमोशन के लिए ऋ षिकेश में बड़ा कार्यक्रम किया गया था, जिसमें पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, धार्मिक गुरु दलाई लामा समेत कई नामचीन हस्तियों ने भाग लिया था। गंगा और उसकी सहायक नदियों में हो रहे प्रदूषण को रोकने के लिए इस बोर्ड का गठन किया गया था। इसके तहतए विभिन्न स्कूल-कॉलेजों और स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हालांकि इस दौरान भी न तो इस बोर्ड का ढांचा तैयार हो पाया और न ही इसके लिए बजट की व्यवस्था हो पाई। जैसे-तैसे कार्मिकों की तनख्वाह निकलती रही और तो और इसका अपना कार्यालय भी नहीं खुल पाया। अब एक बार फिर इस बोर्ड को पुनर्जीवित कर गंगा समग्र पर काम करने की सरकार की मंशा दिखती है परिणाम क्या होगा यह तो समय बताएगा लेकिन नए बोर्ड के बाद कुछ न कुछ तो लाभ गंगा को मिलेगा ही।

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा, सीएम ने दी शुभकामनाएं

0

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रक्षा बन्धन के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा है कि रक्षा बन्धन का पर्व भाई बहन के अटूट बन्धन एवं भारतीय संस्कृति के आदर्श मूल्यों का प्रतीक हैै।

सीएम ने कहा कि श्रावण पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला यह पर्व रिश्तों की पवित्रता तथा गरिमा का अहसास कराता है। आज के दिन बहन और भाई दोनों ही एक दूसरे की रक्षा करने का संकल्प लेते हैं और एक दूसरे के मंगलमय जीवन की कामना करते है। मुख्यमंत्री ने रक्षा बन्धन के पावन दिन पर प्रदेशवासियों से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘, ‘एक व्यक्ति-एक वृक्ष‘ और ‘जल संचय‘ के तीन संकल्प लेने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बन्धन के दिन महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने उतराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा करने की सुविधा प्रदान की है, जिससे वे अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए सुगमता से यात्रा कर सकें। 

यूपी की महिला कॉन्स्टेबल का शव हल्द्वानी में मिला

0

उत्तर प्रदेश के संभल में तैनात एक महिला कांस्टेबल का शव नैनीताल रोड, भुजियाघाट गदेरे में बिस्तर में बंधा मिला। शव की शिनाख्त निशी, के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों को दी, मृतका के पिता ने निशी की हत्या के लिए उसके फौजी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार, निशी की गुमशुदगी दो अगस्त को दर्ज कराई गई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। निशी के पति अनिल कुमार सैनी, आर्मी स्टेशन, हल्द्वानी में तैनात हैं। मूल रूप से मुरादाबाद के चकरा डिलारी निवासी अनिल ने ही संभल पुलिस लाइन में तैनात अपनी पत्नी निशी के हल्द्वानी आने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो जाने की जानकारी पुलिस को दी थी।

रविवार को नैनीताल हाईवे स्थित भुजियाघाट गदेरे (बरसाती नाला) में ग्रामीणों ने बिस्तर में बंधी महिला की लाश देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिनाख्त कराई तो शव की पहचान निशी के रूप में की। निशी का मायका नौदना, शेरपुर जिला बिजनौर, उ.प्र में हैं। पुलिस ने मायके वालों को खबर दी।

निशी के पिता नरेश चंद्र ने यहां पहुंचने पर फौजी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मृतका के पिता का आरोप है कि निशी ने प्रेम विवाह किया था और कुछ दिन से अनिल उसे प्रताड़ित कर रहा था। वह पति से मिलने ही हल्द्वानी आई थी और इसके बाद गायब हो गई, उन्होंने कहा कि अपने बचाव में ही अनिल ने साजिशन गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

शिक्षा मंत्री ने किया ‘उज्जवल डिजिटल एप’ का शुभारम्भ

0

प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डे ने रविवार को सिटी क्लब, रुद्रपुर में दीप प्रज्वलित कर स्कूली शिक्षा में डिजिटल क्रांति के लिए ‘उज्जवल डिजिटल एप’ का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा इस एप के लांच होने से सम्पूर्ण शिक्षा विभाग को इसका फायदा मिलेगा।

पाण्डे ने कहा कि, ‘इस एप से सम्पूर्ण प्रदेश के सुगम, दुर्गम के कोने -कोने में स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय पर एक ही जगह बैठकर पैनी नजर रखी जा सकती है व इससे एक साथ सूचना सम्प्रेक्षण का कार्य भी किया जा सकता है। शिक्षक अपनी बात इस एप के माध्यम से अधिकारियो तक आसानी से पहुंचा सकते हैं।’

ujjwal app

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि, ‘अच्छे व्यक्तित्व का चुनाव करना उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए ताकि वे उच्च पदों पर बैठकर देश की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मां-बाप अपने बच्चों को कष्ट सहते हुए पढाते हैं, इसलिए बच्चों को मां-बाप की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए।’

उन्होंने कहा सभी विद्यालयों के हालात बदले जा रहे हैं ताकि अघिक से अधिक लोग अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों मे पढ़ा सकें। इसके लिए सभी विद्यालयों में अगले सत्र से एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू की जा रही हैं। वह सभी विद्यालयों में बुक बैंकों की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि जिंदगी में मुकाम पाने के लिए विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद में भी विशेष ध्यान दे। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी खेल के क्षेत्र मे नेशनल अवॉर्ड प्राप्त करेगा। प्रदेश सरकार उसको सब इंसपेक्टर पुलिस के पद पर सीधे नियुक्ति देगी।

इस मौके पर पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि जिंदगी में काम करना है तो जुनून पैदा करना होगा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों में आत्मविश्वास जगाएं ताकि वे अपने मुकाम तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि इस समय शिक्षा क्षेत्र में सरकार द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि यह भारत का पहला राज्य है जिसने उज्जवल डिजिटल एप का शुभारम्भ किया है। इससे शिक्षा विभाग के प्रत्येक अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एक दूसरे से सीधे जुड़ सकेंगे। 

नैनीताल में भवन गिरा, बाल-बाल बचे दो लोग

0

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है, नैनीताल शहर के मल्लीताल बड़ा बाजार में एक पुराने भवन का बड़ा हिस्सा गिर गया। हादसे के दौरान दो लोगों ने भागकर जान बचाई, हादसा सुबह आठ बजे के करीब हुआ।

सुबह अचानक एक पुराने भवन का बड़ा हिस्सा गिर गया। भवन गिरने के दौरान बड़ा बाजार निवासी राजू वर्मा व एक अन्य सड़क से गुजर रहे थे। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस व प्रशासन को घटना की जानकारी दी। लोगों का कहना था कि कई बार प्रशासन को इस तरह के भवनों के बारे में जानकारी दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं किया। शहर में कई भवन गिरने की स्थिति में हैं लेकिन इनको लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया। बारिश के मौसम में ये भवन लोगों के लिए आफत बन सकते हैं।

बाघ के हमले से महिला घायल

0

गढ़वाल के कोटद्वार में लोगो की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। जहां आपदा दंश झेल रही कोटद्वार की जनता अभी इससे उबर भी नही पाई थी कि कोटद्वार के कुम्भीचौड़ क्षेत्र में एक महिला को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। महिला को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार कुसुम पन्त पत्नी रोशन पन्त निवासी कुम्भीचौड़ घर के पास ही दुकान से सामान लेने गयी थी रास्ते मे ही गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया जिससे महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई।

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘एक व्यक्ति-एक वृक्ष’ और ‘’जल संचय’ तीन संकल्प की अपील: सीएम

0
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रक्षा बन्धन के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि, ‘रक्षा बन्धन का पर्व भाई बहन के अटूट बन्धन एवं भारतीय संस्कृति के आदर्श मूल्यों का प्रतीक हैै। श्रावण पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला यह पर्व रिश्तों की पवित्रता तथा गरिमा का अहसास कराता है। आज के दिन बहन और भाई दोनो ही एक दूसरे की रक्षा करने का संकल्प लेते हैं और एक दूसरे के मंगलमय जीवन की कामना करते हैं।’
मुख्यमंत्री ने रक्षा बन्धन के पावन दिन पर प्रदेशवासियों से ‘‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘‘, ‘‘एक व्यक्ति-एक वृक्ष‘‘ और ‘‘जल संचय‘‘ के तीन संकल्प लेने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बन्धन के दिन महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने उतराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा करने की सुविधा प्रदान की है, जिससे वे अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए सुगमता से यात्रा कर सकें।

हंस फाउंडेशन ने बांटे 25 लाख चेक

0

खबर उन गरीब जरूरतमंद लोगों के लिए है जो गंम्भीर बीमारी से पीडित है और आर्थिक तंगी के कारण अपना ईलाज नही करवा पा रहे हों या फिर अपने होनहार प्रतिभावान बच्चों को आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा ग्रहण नही करवा पा रहे है. अगर आपकी कुछ इस तरह की समस्या है तो आपकी मदद ऋषिकेश के हंस कल्चरल सेन्टर से हो सकती है।

उत्तराखण्ड के गम्भीर बिमारियों से ग्रसित गरीब जरूरतमंन्द 63 लोगों को ऋषिकेश में हंस कल्चरल सेटर द्वारा 25 लाख रूपये के आर्थिक सहायता के चैक कृर्षि मंत्री सुबोध उनियाल के हाथों वितरित किए गये, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हंस फाउन्डेशन द्वारा उत्तराखण्ड में गरीब जरूरतमन्द लोगों की करोड़ों रूपये की आर्थिक सहायता की जा रही है और सही मायने में यही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।

चित्रांगदा सिंह के साथ होगी संजय दत्त की जोड़ी

0

हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रागदेश’ के बाक्स आफिस पर बुरी तरह से निराशा जनक प्रदर्शन के बाद फिल्म के निर्माता-निर्देशक तिग्मांशु धूलिया अब अपनी अगली फिल्म की तैयारियो में जुट गए हैं। कुछ दिनों पहले घोषणा की गई थी कि तिग्मांशु अब फिल्म ‘साहेब, बीवी और गैंगस्टर’ की तीसरी कड़ी बनाएंगे, जिसमें पहली बार संजय दत्त के साथ वे काम करेंगे। अब खबर आ रही है कि इस फिल्म में संजय की जोड़ीदार का नाम भी तय हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस रोल में चित्रांगदा सिंह का नाम तय किया गया है, जो पहली बार संजय दत्त के साथ काम करेंगी। खबरों के मुताबिक, इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह के किरदार का नाम सुहानी होगा, जो एक गायिका और नृत्यांगना का किरदार होगा। इस फिल्म का पहला शेड्यूल इस महीने के के अंत में मुंबई में शुरु होने जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि पहले शेड्यूल में संजय दत्त और चित्रांगदा सिंह पर एक गाना फिल्माया जाएगा। संजय दत्त इन दिनों अफ्रीका में बताए जाते हैं, जो अगले सप्ताह मुंबई वापस आ रहे हैं। चित्रांगदा सिंह हाल ही में कुशान नंदी की फिल्म बाबू मोशाय बंदूकबाज से खुद को अलग करने को लेकर विवाद में आ गई थीं, जब कुशान नंदी ने उन पर अनप्रोफेशनल होने के आरोप लगाए थे। चित्रांगदा सिंह इन दिनों सैफ अली खान के साथ फिल्म बाजार में भी काम कर रही हैं, जो इस साल दिसंबर में रिलीज होगी। 

सतपाल महाराज ने ली जिला योजना की बैठक

0

जिला योजना समिति की बैठक शनिवार को मेला नियंत्रण भवन में जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में हुई। जिसमें जिलाधिकारी दीपक रावत, मुख्य विकास अधिकारी नितिन भदौरिया, जिला विकास अधिकारी पुष्पेंद्र चौहान ने जिला योजना के अंतर्गत विभागों को आंवटित बजट परिव्यय से जिला समिति को अवगत कराया।

सीडीओ ने बताया कि शासन द्वारा वर्ष 2017-18 की जिला योजना के लिए जनपद हरिद्वार को रुपये 4728.76 लाख का परिव्यय स्वीकृत किया गया है। न्यूनतम आवश्यकता कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद की समस्याओं के अनुसार पेयजल, शिक्षा, सड़क एवं पुल, सिंचाई, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन एवं डेरी विकास के लिए प्रस्तावित जिला योजना में आवश्यक धनराशि का प्राविधान किया गया है।
शासन के निर्देशानुसार जिला योजनान्तर्गत कुल प्रस्तावित परिव्यय रूपये 4728.76 लाख की धनराशि में से अनुसूचित जाति हेतु रूपये 985.64 लाख एवं अनुसूचित जनजाति के लिए रुपये 23.23 लाख की धनराशि प्रस्तावित की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि ब्लाॅक विकास की प्रमुख इकाई है। विकास कार्यों के लिए हर सम्भव सहयोग जिला स्तर पर दिया जाएगा।
जिला योजना के बजट से ही कार्य कराये जायेंगे जिनके लिए स्टेट और केंद्र से कोई बजट नहीं मिल पाता। सभी विभाग और जिला पंचायत अन्य कार्यो को सम्पन्न कराने के लिए स्टेट और केंद्र से मिलने वाली धनराशि का प्रयोग करें। जिला पंचायत सदस्यों ने मुख्य रूप से महिला कल्याण और खेल के लिए योजना में बजट बढाये जाने की मांग की।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चौधरी, विधायक भगवानपुर ममता राकेश, विधायक खानपुर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक झबरोड़ा देशराज कर्णवाल, विधायक हरिद्वार ग्रामीण यतिश्वरानंद, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, जिला पंचायत सदस्यों सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।