Page 527

डेंगू के सात मरीज और आए सामने

0

मॉनसून की विदाई के साथ ही डेंगू का डंक भी गहराने लगा है। हर अंतराल बाद डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। हरिद्वार के बाद अब देहरादून में भी डेंगू का प्रकोप बढऩे लगा है। मंगलवार को सात और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इन सभी मरीजों की उम्र 25 वर्ष से नीचे है। सात मरीजों में तीन महिलाएं व चार पुरुष हैं। पांच मरीज ऋषिकेश और दो मरीज दून के रहने वाले हैं।

जनपद देहरादून में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 84 पहुंच गई है। इनमें 37 मरीज हरिद्वार से हैं और 34 देहरादून से हैं। जबकि टिहरी से दो, चमोली व रुद्रप्रयाग से एक-एक और यूपी के नौ मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक जुलाई, अगस्त व सितंबर में अब तक 647 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 84 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। बीती अगस्त में 31 और सितंबर में अब तक 49 मरीजों को डेंगू का डंक लग चुका है। डेंगू के निपटने के सरकारी दावे भी धरे के धरे रह गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से लेकर नगर निगम यह दावा कर रहा था कि बीते साल से सबक लेते हुए इस बार डेंगू फैलाने वाले मच्छर के खात्मे के लिए शुरुआती दौर से ही कदम उठाए जा रहे हैं। शहरी व ग्रामीण इलाकों में फॉगिंग के साथ ही आमजन को जागरूक करने का दावा भी किया जा रहा था। लेकिन सारे दावे फुस्स साबित हुए हैं। यही वजह कि डेंगू का मच्छर लगातार अपनी सक्रियता बढ़ा रहा है। पहाड़ हो या मैदान डेंगू का डंक गहराता जा रहा है। 

सांसद वरुण गांधी ने गिनाई राजनीति की कमियां, कसे तंज

0

देहरादून के एक संस्थान में व्याख्यान देने आए सुल्तानपुर के सांसद वरुण गांधी मंगलवार को अलग रूप में नजर आए। अमेरिका में भले ही उनके बड़े भाई राहुल गांधी ने परिवारवाद की पैरवी की हो, लेकिन वरुण ने परिवारवाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘मेरे नाम के आगे गांधी न लगा होता तो मैं भी आप के बीच बैठकर भाषण सुन रहा होता।’ कहा कि, देश में ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए, जिससे आम परिवार के लोग भी राजनीति में आएं। सिस्टम में सुधार के लिए आम लोगों का दखल बेहद जरूरी है।
मंगलवार को बीएफआईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में ‘द रोड टू इंडियाज फ्यूचर’ विषय पर आयोजित व्याख्यान में वरुण ने राजनीति की कमियों को गिनाया, लचर सिस्टम पर तंज कसे, किसान, गरीब और मजदूर की बात करते हुए युवाओं से देश को बदलने का आह्वान किया। कहा कि जब तक जनप्रतिनिधि जनता के समक्ष जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पेश नहीं आएंगे, तब तक असली लोकतंत्र की स्थापना नहीं होगी। उन्होंने नेताओं से अपील कि संसद को नीति का केंद्र ही रहने दें। उन्होंने कहा कि गरीब की किसी को चिंता नहीं है। तमिलनाडु के किसानों ने दिल्ली में मूत्र पीकर पीड़ा बयां की, लेकिन कोई उनसे मिलने तक नहीं गया। इसके बाद तमिलनाडु में विशेष सत्र बुलाया गया, लेकिन किसानों की चर्चा करने के बजाय विधायकों ने अपना वेतन बढ़ा लिया। सांसदों का ही वेतन पिछले पांच साल में पांच गुणा बढ़ चुका है। जबकि, पिछले 15 सालों में औसतन एक साल में 60 दिन ही काम हो रहा है। जब सांसद काम नहीं कर रहे तो वेतन किस बात का बढ़ाते हैं।
चुनाव से पहले तमाम मुद्दों पर हो खुली बहस
उन्होंने कहा कि अगली बार देश में प्रधानमंत्री का चुनाव हो या किसी का भी, जनता के तमाम मुद्दों पर खुली बहस होनी चाहिए, जैसे अमेरिका व अन्य देशों में होती है। महिला सशक्तीकरण की बात करते हुए उन्होंने राजनीतिक दलों को कठघरे में खड़ा करते हुए पूछा कि कितनी महिलाओं को लोकसभा या विधानसभा का टिकट मिलता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि पैसा कमाने के साथ ही सामाजिक उद्यमिता से जनकल्याण के कार्य कर सकते हैं। वरुण गांधी ने कहा कि संसद में भी मेरे ऐसे कई साथी हैं, जो 12 से 21 फीसद वोट पाकर सांसद बन गए। क्या वो जनप्रतिनिधि हैं, इस पर भी हमें गंभीरता से सोचने की जरूरत है।
आगामी सत्र में संसद में आ सकता है ‘राइट टू रि-कॉल’
वरुण गांधी ने कहा कि ‘मैंने संसद में राइट टू रि-कॉल’ का प्रस्ताव दिया है। यह आगामी सत्र में संसद में आ सकता है। इसमें अगर चुने गए प्रतिनिधि से क्षेत्र की जनता असंतुष्ट है तो गंभीर मुद्दों को लेकर 50 फीसद वोटर रि-कॉल का प्रस्ताव दे सकते हैं। आखिर कब तक जनता भाषण सुनने तक सीमित रहेगी। जनता को बराबरी का हिस्सा मिलना चाहिए।

शादी का झांसा देकर एक वर्ष तक करता रहा यौन शोषण

0

लक्सर क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर एक वर्ष तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। रुड़की क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2012 में काशीपुर में हुई थी। कुछ समय के बाद महिला का पति से तलाक हो गया था। इसके बाद से महिला मायके में रह रही थी। महिला के दो बच्चे हैं।

करीब एक वर्ष पूर्व महिला गांव में ही एक व्यक्ति के यहां जन्मदिन समारोह में गई थी। जहां उसकी मुलाकात लक्सर कोतवाली के खंरजा गांव निवासी एक युवक के साथ हुई। समारोह के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद दोनों का एक दूसरे के साथ संपर्क बन गया। इसके बाद युवक ने शादी करने की बात कही। जिस पर महिला ने हामी भर दी। आरोप है कि करीब 11 माह तक युवक ने महिला से संबंध बनाए। लेकिन शादी की बात कहने पर टालता रहा। बाद में शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। कोतवाली निरीक्षक टीएस राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी युवक से भी पूछताछ की जा रही है।

पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को मिले उप्र के समान लाभ

0

मंगलवार को राजकीय इंटर कालेज सेलाकुई के स्वच्छता पखवाड़ा समारोह में शिरकत करने आए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के सामने राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों ने उत्तर प्रदेश के समान देयकों का लाभ देने की मांग रखी।

शिक्षकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय व राज्य सरकार से पुरस्कृत शिक्षकों को कई लाभ दिए जा रहे हैं जबकि उत्तराखंड में शिक्षकों को इससे वंचित किया गया है, जिससे शिक्षकों में निराशा है।
शिक्षकों ने प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को बताया कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय व राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को सेवा विस्तार अवधि का लाभ पेंशन निर्धारण में भी दिया जाता है जबकि उत्तराखंड सरकार ने शिक्षकों को इससे वंचित रखा है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार ने पुरस्कृत शिक्षकों के सेवा विस्तार की अवधि तीन वर्ष कर दी है और उत्तराखंड में यह अवधि अभी दो वर्ष ही है।
उप्र में पुरस्कृत शिक्षकों को पुरस्कार प्राप्ति वर्ष से वैयक्तिक वेतन के रूप में एक वेतन वृद्धि शेष कार्यकाल के दे रहा है। यहां इस लाभ से शिक्षकों को वंचित रखा गया है। उप्र में पुरस्कृत शिक्षकों को राज्य परिवहन निगम की बसों में चार हजार किमी तक निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिली हुई है जबकि उत्तराखंड में ऐसी कोई भी सुविधा शिक्षकों को नहीं दी जा रही है।
पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड के शिक्षकों को भी लाभ दिए जाने की मांग की है। शिक्षा मंत्री से मिलने वालो में प्रदीप डबराल, रविंद्र सैनी, बेनी प्रसाद पुष्पकार, जेपी जगूड़ी आदि शामिल रहे।

केदारनाथ में हेली सेवाओं पर रोक

0

नागरिक उड्डयन विभाग ने केदारनाथ में हेली सेवाओं पर रोक लगा दी है। दरअसल, निर्धारित मानकों का पालन न करने पर विभाग ने यह कदम उठाया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि कंपनियों ने उड़ान से संबंधित समय सारिणी उड्डयन विभाग को नहीं सौंपी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ के लिए नौ हेली कंपनियां उड़ान संचालित कर रही हैं। इनमें इंडोकॉप्टर, ट्रांसभारत, आर्यन, पवन हंस, एरो, हेरीटेज, हिमालयन हेली, ग्लोबल और सुमित एविएशन शामिल हैं। नागरिक एवं उड्डयन महानिदेशालय के मानकों के अनुसार केदारघाटी में हेलीकॉप्टर 2000 फीट से नीचे उड़ान नहीं भर सकते। इस बारे में विभाग ने कंपनियों से दस्तावेज तलब किए थे। इसके अलावा कंपनियों से उड़ान की समय सारिणी भी मांगी गई थी, लेकिन ये दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मंगलवार को उड़ान पर रोक लगाते हुए संबंधित दस्तावेज जमा कराने के लिए कंपनियों को एक दिन की मोहलत दी गई है। प्रशासन की ओर से नियुक्त सहायक नोडल अधिकारी (हेलीकाप्टर सेवा) सुरेन्द्र सिंह पंवार ने बताया कि मंगलवार को हेली कंपनियों के प्रतिनिधि देहरादून स्थित उड्डयन विभाग में जरूरी दस्तावेज जमा करने गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बुधवार से सेवाएं शुरू हो जाएंगी। वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि हेली कंपनियों से एनजीटी के निर्देशों को सुनिश्चित कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसके बाद ही इन्हें उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।

दिल्ली के व्यापारी ने केदारनाथ मंदिर को दान की दो कुंतल चांदी

0

केदारनाथ मंदिर में गर्भ गृह के खंभों पर चांदी की नक्काशी की जाएगी। इसके अलावा मंदिर में चांदी से अन्य सजावट भी की जाएंगी। इसके लिए दिल्ली के एक व्यापारी ने मंदिर को दो कुंतल चांदी दान किया है।

बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि एक वर्ष पूर्व व्यापारी महेश शर्मा ने गर्भ गृह की सजावट चांदी से करने के लिए मंदिर समिति को प्रस्ताव भेजा था। हालांकि उन्होंने व्यापारी के बारे में ज्यादा कुछ बताने से इन्कार किया, लेकिन बताया कि समिति ने तीर्थ पुरोहितों के साथ विचार विमर्श के बाद प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि व्यापारी ने इसके लिए कारीगर भी केदारनाथ भेजे हैं। बीडी सिंह ने बताया कि इसी सीजन में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केदारनाथ मंदिर को इस वर्ष विभिन्न स्रोतों से तकरीबन पांच करोड़ रुपये दान के रुप में प्राप्त हो चुका है।
मोरारी बापू भी दे चुके हैं मंदिर को एक करोड़ रुपये
बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि केदारनाथ मंदिर को को दान देने वालों की लंबी सूची है। वर्ष 2015 में प्रसिद्ध कथा वाचक मोरारी बापू ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपए दान में दे चुके हैं। इसके अलावा इस बार भी उन्होंने करीब 80 लाख रुपये दान किए। वर्ष 2016 में उद्योगपति मुकेश अंबानी ने पूजा सामग्री के लिए 50 लाख रुपये दिए थे।

नाच इंडिया नाच आॅडिशन दून में 14 से

0

नाच इंडिया नाच प्रोग्राम के माध्यम से गांव, शहर और कस्बों से निकालकर टीवी और फिल्मों के माध्यम से कलाकारों को सही पहचान दिलाने के उद्देश्य से देहरादून में 14, 15 व 16 सितम्बर को आॅडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। आॅडिशन में आठ साल के बच्चे से लेकर 60 साल के बुजूर्ग भी हिस्सा ले सकते हैं।
मंगवलार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में जय श्री कृष्णा प्रोड्क्शन हाउस प्राइवेट लिमिटेड के प्रोड्यूसर ललित शर्मा ने बताया कि प्रोग्राम नाच इंडिया नाच जो कि एक डांसिंग रियलिटी शो है, उसका पहला आॅडिशन एवं टाॅप नौ का सिलेक्शन करने के लिए देवभूमि उत्तराखंड के ऐतिहासिक देहरादून शहर को चुना गया है। आॅडिशन ओएनजीसी आडिटोरियम में होंगे।
ललित शर्मा के अुनसार, कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखण्ड में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर भविष्य संवारने का अवसर देना है। शो के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संजय कुमार जोगी का बाॅलीवुड इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम है। कई अवार्ड शोध् एवं रियलिटी शो स्कोर उन्होंने बनाया है एवं कुशल संचालन भी कर रहे हैं। शर्मा ने बताया कि प्रधनमंत्राी नरेंद्र मोदी के मिशन ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ पर आधरित फिल्म कके बारे में भी आॅडिशन में बताया जायेगा।
उन्होंने बताया कि नाच इंडिया नाच देश क सबसे बड़ा डांसिंग रियलिटी शो है जो कि 29 राज्यों के 210 शहरों में आयोजित होने जा रहा है। आॅडिशंस एवं टाॅप नाइन के प्रतिभागियों को फिनाले में जाने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर बाॅलीवुड स्टार नितिन शर्मा ने कहा कि 16 सितम्बर को आॅडिशन में जज के तौर पर इंडियन आईडल के प्रिंस गुप्ता आ रहे हैं। कार्यक्रम में प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को वर्गवार सम्मानित भी किया जायेगा।

पालिका के परिसीमन को लेकर ग्रामीण सड़क पर उतरे

0

चमोली जिले के विकास खंड जोशीमठ के ग्रामीणों ने नगर पालिका क्षेत्र का परिसीमन करने तथा पांच गांवों को इसमें जोड़ने के विरोध में ग्रामीण सड़कों पर उतर आये हैं। ग्रामीण गांव बचाओ रैली निकालकर नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन कर तहसील प्रांगण में धरना दे रहे हैं।
पांच गांवों को नगर पालिका जोशीमठ में जोड़ने के विरोध में मंगलवार को गांवों के ग्रामीणों ने जोशीमठ पहुंचकर नगर पालिका के कार्यालय पर गांव बचाओ रैली के साथ प्रदर्शन किया। उसके बाद ग्रामीणों का जुलूस तहसील प्रांगण पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने धरने के माध्यम से एक ज्ञापन सूबे के मुख्यमंत्री को भी भेजा है, जिसमें उन्होंने सरकार को परिसीमन के प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की है। धरना-प्रदर्शन करने वालों में हरीश भंडारी, रमेश सती, राकेश भंडारी, ग्राम प्रधान हेमा देवी, बलवंत भंडारी, विक्रम सिंह कुंवर आदि शामिल थे।

शिक्षा मंत्री को स्कूलों में न घुसने दें शिक्षकः शिवानंद

0

मातृ सदन के परमाध्यक्ष स्वमी शिवांनद सरस्वती महाराज ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय द्वारा विगत दिन शिक्षकों की क्लास लेने और अपमान करने की जमकर निंदा की। वैसे शिक्षा मंत्री के इस व्यवहार के सोशल मीडिया में आने के बाद से जमकर निंदा हो रही है। मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद ने कहा कि जिस शिक्षामंत्री को खुद विषय का ज्ञान नहीं है, वह शिक्षकों के ज्ञान की क्या परीक्षा लेगा। ऐसे शिक्षामंत्री को सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को चाहिए कि वे अपनी मर्यादा का ध्यान रखकर विद्यार्थियों को शिक्षा दें और ऐसे शिक्षामंत्री को स्कूलों में घुसने न दें।

विदित हो कि शिक्षा मंत्री द्वारा एक स्कूल के निरीक्षण के दौरान बच्चों को पढ़ा रही एक शिक्षका का शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय ने क्लास रूम में ही टेस्ट लेना शुरू कर दिया था और उसी दौरान उनका अपने शब्दों के बाणों से अपमान भी किया। स्वामी शिवानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री अवैध खनन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करें और दूसरों से भी कराएं। उनका कहना है कि कोई भी कानून को हाथ में न लें। अगर सरकार फिर से खनन खोलने की अनुमति देती है तो मातृ सदन इसके विरोध में तपस्या करेगा। बता दें कि बीते रोज प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बरसात बाद खनन खोलने संबंधी बयान दिया था।

पंद्रह फीट लंबा किंग कोबरा पकड़ा

0

पन्द्रह फीट लंबा किंग कोबरा कौतुहल का केन्द्र बना रहा। क्लेमनटाउन क्षेत्र में एक सैन्य अधिकारी के घर देर रात्रि किंग कोबरा पकड़ा गया,जो लगभग 15 फीट लंबा और 15 किलो वजनी था। आशारोड़ी वन विभाग की टीम को 108 के माध्यम से सूचना मिली कि क्लेमनटाउन क्षेत्र में एक सैन्य अधिकारी के घर एक सांप मिल गया है। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पाया कि सैन्य अधिकारी के घर में एक सांप घुसा हुआ है। वन विभाग की टीम ने प्रयासकर उक्त सांप को कब्जे में ले लिया। वन विभाग के कर्मचारियों के अनुसार यह सांप 15 फीट लंबा वह 15 किलो वजन का है जो विशेष खूखार किंग कोबरा प्रजाति का है।

टीम द्वारा पकड़े गए सांप को वन विभाग मुख्यालय लाया गया,जहां सूचना मिलने पर देखने वालों की भीड़ लग गई। किन्तु विभाग की मुस्तैदी के कारण इस किंग कोबरा सांप को राजाजी नैशनल पार्क में छोड़ दिया गया है। किंग कोबरा टीम में सर्प विशेषज्ञ एएसओ अमित भट्ट,प्रभारी रवि जोशी नितिन क्षेत्री, वीर ङ्क्षसह क्षेत्री व आशारोड़ी वन विभाग के प्रदीप रस्तोगी व चन्द्रमोहन असवाल शामिल थे। इस सांप के पकड़े जाने और राजाजी पार्क में छोड़ जाने की चर्चा बनी हुई है। लोग इस विशेष प्रजाति के सांप को एक बार देखना चाहते हैं।