Page 510

आरके स्टूडियो में लगी आग से सदमे में है कपूर परिवार

0

शनिवार की दोपहर को लगी आग में आर के स्टूडियो का काफी हिस्सा जल जाने से कपूर परिवार सदमे में हैं। रणबीर कपूर, जो लंदन में शूटिंग कर रहे थे, वे इस हादसे की खबर पाकर मुंबई लौटे और अपने दादा राजकपूर द्वारा 1948 में स्थापित किए गए स्टूडियो के हालात का जायजा लिया। रणबीर के पिता ऋषि कपूर अब तक इस हादसे से सदमे की स्थिति में हैं। उनका कहना है कि इस आग में जो चीजें जलकर राख हो गईं, वे हमारे आरके स्टूडियो की यादों का हिस्सा थी, जिनको अब हमसे हमेशा के लिए छीन लिया गया है।

इस अग्निकांड में स्टूडियो का सेट नंबर एक जलकर पूरी तरह से तबाह हो गया, जबकि इसके अलावा दो और कमरों में रखी पुरानी चीजों और ड्रेसों को ये आग लील कर गई। इनमें राज कपूर की फिल्मों में इस्तेमाल की गई हीरोइनों की ड्रेसेज और गहनों से लेकर दूसरे पुराने समान रखे थे।

ऋषि कपूर कहते है कि स्टूडियो तो फिर से बन जाएगा, लेकिन वे चीजें अब कभी हमारे पास नहीं आएंगी, जो अब तक हमारे स्टूडियो का हिस्सा थीं और हमारे शानदार इतिहास की गवाही दिया करती थीं। कहा जाता है कि ऋषि कपूर की मां इस घटना से काफी सदमे में हैं और स्टूडियो देखना चाहती हैं, लेकिन डाक्टरों की ओर से उनको परमीशन नहीं मिल रही है।

अभिनेत्री रिमी सेन भाजपा में शामिल

0

बिग बास के घर में रह चुकी अभिनेत्री रिमी सेन ने राजनैतिक सफर की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है। हाल ही में भाजपा नेता कैलाश विजय वर्गीय के साथ कोलकाता में मुलाकात के बाद रिमी सेन ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

बालीवुड की तमाम बड़ी फिल्मों में काम कर चुकी रिमी सेन ने सन 2003 में बनी फिल्म ‘हंगामा’ से बालीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने यशराज में धूम, बीआर चोपड़ा के बैनर में बनी बागवां, प्रियदर्शन की गरम मसाला, सलमान खान के साथ क्योंकि, अक्षय कुमार और शाहिद कपूर के साथ ‘दीवाना हुए पागल,’ अक्षय कुमार के साथ ‘फिर हेराफेरी’, रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल’, नील नितिन मुकेश के साथ ‘जानी गद्दार’ और अनीस बज्मी की ‘थैंक यू’ फिल्मो में काम किया।

2014 में उन्होंने बिग बास में हिस्सा लिया। रिमी सेन का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में आई हैं। माना जा रहा है कि 2019 में होने वाले संसदीय चुनावों में वे बंगाल में पार्टी का प्रचार करेंगी। 

हत्या का खुलासा नहीं होने पर वकीलों ने किया प्रदर्शन

0

कोटद्वार में 13 सितम्बर को अधिवक्ता सुशील रघुवंशी को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पांच दिन बीत जाने के बावजूद भी पुलिस अधिवक्ता सुशील रघुवंशी हत्याकांड का खुलासा नही कर पाई है। जबकि घायल अवस्था मे सुशील रघुवंशी ने कुछ लोगो को नामजद भी किया था जो प्रोपर्टी के कारोबार से जुड़े हुए है। इसके बावजूद भी पुलिस नामजद लोगो से पूछताछ करने के बजाय मौन बैठी हुई है ओर हत्यारे बेखोफ घूम रहे है, जिससे बार एसोसिएशन आक्रोश व्याप्त है।

एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ स्थानीय झंडाचोक से कोतवाली तक नारेबाजी करते हुये रैली निकाली। जिसमें अधिवक्ताओं ने कोतवाली के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमकर प्रदर्शन किया इस दौरान पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गयी। पुलिस के द्वारा अधिवक्ताओं से एक दिन का समय मांगा गया हत्या का खुलासा करने के लिए तब जाकर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा की अगर कल तक पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा और मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की मांग की जाएगी।

हरिद्वार में कार से दो देसी तंमचे, एक पिस्टल बरामद

0

धर्मनगरी में एक कार से दो देसी तमंचे, एक पिस्टल और काफी संख्या में कार्टेज चेकिंग के दौरान पुलिस ने बरामद की। ये सब ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता के कारण संभव हो सका।

सोमवार को चेकिंग के दौरान शक के आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने सिंहद्वार से एक इंडिका कार को पकड़ा, जो दिल्ली की ओर से आ रही थी। इंडिका कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। हथियार बरामद होने के बाद तीन युवक फरार हो गए, जबकि पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया। कार चालक का नाम कपिल बताया जा रहा है जो कनखल का रहने वाला है।
पूछताछ में कपिल ने बताया कि उसने ये तीनों युवक अपनी कार में मुजफ्फरनगर से बैठाए थे अब पुलिस इन तीनों युवकों की तलाश में जुट गई है। माना जा रहा है कि ये हथियार हरिद्वार में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिये लाये गए थे।

अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकडी

0

हथियारों का जखीरा तैयार कर किस अपराध को अंजाम देना चाहते थे तस्कर? इतनी बडी संख्या में आकर कब से बन रहे थे हथियार? और क्या हथियारों के कारखाने की अब तक नहींं थी खुफिया विभाग के पास जानकारी? कई सवाल पुलिस की कार्यशैली पर उठते हैं जब हथियारों का अवैध कारखाना पकडा जाता है और पुलिस के साथ बराबर की फायरिंग कर कई तस्कर फरार हो जाते हैं।

मामला उधमसिंह नगर के गदरपुर कोतवाली क्षेत्र का है जहां रहे तमंचे बनाने की फैक्ट्री का खुलासा पुलिस ने किया है, पुलिस को मौके से कई तमचें अौर चार आरोपियों को पकड़ा। जनपद के पुलिस कप्तान सदानन्द दाते ने जानकारी देते हुए बताया कि, “गदरपुर पुलिस के साथ तमंचा बनाने वाली फैक्ट्री के लोगो के साथ काफी देर तक फायरिंग होती रही, जिसके बाद पुलिस ने मौके से कई तमचो के साथ कुछ लोगो को पकड़ा है, कई लोग भाग जाने में कामयाब रहे है, पुलिस उनके गिरोह के बारे में जानकारी हासिल कर कारवाही का खाका तैयार कर रही है।”

पुलिस पर फायरिंग मामले को लेकर उनके खिलाफ जान से मारने की धारा में मुकदमा भी दर्ज़ किया गया है गदरपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यहाँ पर अवैध रूप से तमंचा बनाये जाने का कारोबार संचलित किया जा रहा था, जिसके बाद गदरपुर पुलिस ने देर रात मोके पर जाकर छापा मारा जिसके कई आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

जबकि कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, मौके पर जनपद के पुलिस कप्तान सदानन्द दाते ने भी गदरपुर जाकर वहाँ का जायजा लिया है। बताया जा रहा है की यहाँ पर काफी समय से इस फैक्ट्री को संचलित किया जा रहा था, जबकि पूर्व में भी यहाँ से तमंचे बनाये जाने के साथ कई लोगो को पकड़ा गया था।

खून की कमी के रोगियों को मिली राहत, दून अस्पताल में लगेगा ब्लड सैपरेटर

0

देहरादून। डेंगू, लीवर और खून की कमी से पीड़ित मरीजों को अब प्लेटलेट्स, प्लाजमा और आरबीसी के लिए शहर में इधर-उधर नहीं दौड़ना पड़ेगा। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दूसरा उच्च क्षमता वाला आधुनिक ‘ब्लड सैपरेटर’ लगने जा रहा है।

मशीन के लगने का पूरा खर्चा नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) करेगा। अस्तपाल को केवल उसका संचालन करना है। सैपरेटर लगने से बीपीएल और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के मरीजों को मुफ्त खून के ये तीनों अंग मिलेंगे। दून अस्पताल में इस समय जो ब्लड सैपरेटर है, वो डिमांड के हिसाब से सप्लाई पूरी नहीं कर पाता। लिहाजा, मरीजों को निजी केंद्र की ओर रुख करना पड़ता है। लेकिन अब एनएचएम ने दूसरा आधुनिक सैपरेटर लगाने का प्रस्ताव दून अस्पताल को भेजा है। जिसमें अस्पताल के पास डेंगू से लड़ने के लिये प्रयाप्त क्षमता हो जायेगी। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. केके टम्टा ने बताया, सैपरेटर का पूरा व्यय एनएचएम वहन करेगा। इससे मरीजों को बहुत फायदा मिलेगा।
पेलियेटिव केयर या प्रशामक देखभाल की ओपीडी दून अस्पताल में शुरू होने जा रही है। इसके लिए एक डॉक्टर और नर्स दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौट चुके हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. केके टम्टा ने बताया, स्वास्थ्य सलाहकार डा. नवीन बलूनी के दिशा निर्देश में ये ओपीडी शुरू की जा रही है। प्रशामक देखभाल उन मरीजों को दी जाती है जो गंभीर बीमारी के चलते सो नहीं पाते। या जिनका रोग, असहनीय दर्द देता हो। इसमें ऐसी दवायें दी जाती है, जिनके लिये विशेष अनुमति ली जाती है। मसलन, मोरफिन आदि दवायें। इसमें काउंसिलिंग के साथ ही दवा भी दी जाती है। पेलियेटिव केयर ओपीडी में एनस्थेटिक डा. हेमा सक्सेना और नर्स सतीश चंद्र धस्माना रहेंगे।

नेशनल एथलीट के लिए नव्या पाण्डेय का चयन

0

हल्द्वानी। नव्या पाण्डे पुत्री राकेश पाण्डे का चयन जू जित्सु नेशनल एथलीट के रूप 2017 में एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट गेम के लिए आजिंगबाद, तुकमेनिस्तान के लिए चयन होने पर संयुक्त मजिस्ट्रेट रोहित मीणा ने नव्या को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सोमवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट मीणा की पहल पर धरमपुर निवासी शेखर विश्वास, निदेशक डाॅलफिन कम्पनी के प्रिन्स धवन, निदेशक तारा कोचिंग इन्सीट्यूट के अरुण जुनैजा एवं त्रिशक्ति इन्फट्रेक्सन के रजनीश शुक्ला ने नव्या को खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए आर्थिक सहायता बतौर पचास हजार की धनराशि का चेक प्रदान किया। आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन ने उक्त व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

सबके चहेते अक्षय कुमार होंगे उत्तराखंड स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसेडर

0

बीते रोज पीएम मोदी का जन्मदिन पूरी भाजपा पार्टी ने अलग-अलग तरीके से मनाया।किसी ने स्वच्छता अभियान चलाया तो किसी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं मुहिम को आगे बढ़ाया।एसे में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उत्तराखंड वासियों को कर्इ सौगातें दी। इस दौरान सीएम रावत ने घोषणा की कि अभिनेता अक्षय कुमार उत्तराखंड स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसेडर होंगे।

फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार उत्तराखंड में स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर होंगे। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल्द अभिनेता अक्षय कुमार उत्तराखंड पहुंचेंगे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से उत्तराखंड में सरकार ने वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। सीएम ने सचिवालय में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि अभियान से फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार को जोड़ा गया है।उन्हें उत्तराखंड में स्वच्छता अभियान का ब्रांड अंबेसडर बनाया गया है। सीएम ने जनता से अभियान में जुड़कर इसे सफल बनाने की अपील की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में घोषणाओं की झड़ी लगा दी। सीएम ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा का जिक्र करते हुए घोषणा की कि हर जिला अस्पताल में आइसीयू की स्थापना की जाएगी। सरकारी विभागों और कर्मचारियों को उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए गुड गवर्नेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा सीएम ने घोषणा की कि शहीद हुए सैनिक और अर्ध सैनिक बलों के जवानों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वीरगति पाने वाले पुलिस के जवानों के परिजनों को दस लाख के बजाए अब पंद्रह लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

उत्तराखंड के गौरव नरेंद्र सिंह नेगी को किया सम्मानित

0

पिछले महीने भारत समरसता मंच एवं शिवालिक ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के संयुक्त तत्वावधान में समाजिक समरसता में देवभूमि के योगदान विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया था। जिसमें सामाजिक समरसता के क्षेत्र उल्लेखनीय योगदान करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
अस्वस्थ होने के कारण सुप्रसिद्ध लोकगायक एवं उत्तराखंड के गौरव नरेंद्र सिंह नेगी और दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर डॉ कमलेश भट्ट उक्त सम्मान समारोह में नहीं पहुंच सके। भारत समरसता मंच एवं शिवालिक ग्रुप आफ प्रोफेशनल स्टडीज के द्वारा सोमवार को नरेंद्र सिंह नेगी एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्राचार्य कमलेश भट्ट को उनके आवास पर जाकर दून विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हरीश चंद्र पुरोहित, असिस्टेंट प्रोफेसर मुकेश देवराड़ी, शिवालिक ग्रुप आफ प्रोफेशनल स्टडीज के वाइस चेयरमैन अजय कुमार तथा प्रध्यापक डॉ हिमांशु बहुगुणा ने सामाजिक समरसता मंच की ओर से उक्त सम्मान उनको भेंट किया।

रामलीला का मंचन 21 सितंबर से, तैयारियां अंतिम चरण में

0

पर्वतीय रामलीला कमेटी की ओर से राजधानी देहरादून स्थित धर्मपुर रवि मित्तल मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल में रामलीला मंचन 21 सितंबर से होगा। रामलीला मंचन की तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल रामलीला का शुभारंभ करेंगे।

रविवार को रवि मित्तल मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल में आयोजित बैठक में रामलीला की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पर्वतीय रामलीला कमेटी देहरादून के अध्यक्ष जीवन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रामलीला के मंचन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को रामलीला का शुभारंभ होगा, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी किसी एक दिन रामलीला में शामिल होने पर सहमति व्यक्त की है।
कमेटी के मीडिया प्रभारी मनीष भगत ने बताया कि रामलीला का समापन 30 सितंबर को होगा। मंचन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन कर दिया गया है। रिहर्सल अंतिम चरण में है। रामलीला का मंचन प्रत्येक दिन रात नौ बजे से आरंभ होगा।
बैठक में महासचिव मदन मोहन जोशी, संरक्षक जीसी भट्ट, हरीश पांडे, सलाहकार प्रमोद पांडे, प्रदीप पपनै, हेमवती नंदन ओझा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष चंद्र शेखर जोशी मौजूद रहे।