Page 495

बद्रीनाथ धाम पहुॅचकर राष्ट्रपति ने कि विधिवत् पूजा-अर्चना

0
भारत के राष्ट्रपति ने बद्रीनाथ धाम पहुॅचकर विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री बदरी विशाल के दर्शन किये। राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी व उनके परिजन सहित सूबे के राज्यपाल, मुख्यमंत्रीआदि भी मौजूद थे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति बारह ज्योतिर्लिंग में से केदारनाथ जी के दर्शन करने के बाद वायु सेना के विमान से सुबह 11ः15 बजे माणा स्थित सेना के हैलीपैड पहुॅचे। इसके बाद राष्ट्रपति 11ः45 बजे बद्रीनाथ मंदिर पहुॅचे, जहाॅ उन्होंने लगभग 20 मिनट तक भगवान बदरी विशाल की विधिवत् पूजा अर्चना कर देश की खुशहाली एवं समृद्वि की कामना की।
भगवान बद्रीनाथ धाम में अखण्ड ज्योति के दर्शन व पूजा अर्चना करने के उपरान्त राष्ट्रपति को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने भगवान बद्रीनाथ का प्रतीक चिन्ह, शाॅल एवं रिंगाल की टोकरी में भगवान बदरीनाथ का प्रसाद भेंट किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह् भेंट किया। भगवान बद्रीनाथ के दर्शन करने के बाद राष्ट्रपति ने खुशी जाहिर की तथा लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर माणा स्थित सेना के हैलीपैड से लेकर पूरे धाम में सुरक्षा के कडे इंतजाम किये गये थे। विगत तीन दिनों से हो रही लगातार बारीस व भारी ठंड के बीच प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे में किसी प्रकार की कोई कोर कसर नही छोडी थी तथा सभी व्यवस्थायें चाक-चैबद रखी गयी थी।

देहरादून में मकान ढ़हने से एक की मौत

0

प्रातः 2 बजकर 45 मिनट पर चौकी धारा को सूचना मिली कि 63 डंगवाल मार्ग में स्थित एक मिट्टी का मकान, उसकी बगल में बनी कंक्रीट की दीवार के गिरने से ढह गया है, जिसके मलवे के नीचे दो बच्चे दबे हुए हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर व कोतवाली प्रभारी के निर्देशन में बचाव कार्य तेजी से चलाते हुए मौके पर फायर सर्विस व एसडीआरएफ को भी बुला लिया गया।

सभी टीमों द्वारा मिलकर तेजी से बचाव कार्य चलाया गया तथा लोहे के सरिया तथा सीमेंट के पिलर काटकर मिट्टी हटाकर मकान में निवास कर रहे राम बहादुर थापा के बड़े बेटे विनोद उम्र 15 वर्ष को मलबे के नीचे से सावधानीपूर्वक निकालकर 108 से दून चिकित्सालय भिजवाया गया तथा दूसरे पुत्र दीपक को काफी मशक्कत के बाद 108 की मदद से दून चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां पर चिकित्सकों द्वारा राम बहादुर थापा के छोटे पुत्र दीपक को मृत घोषित किया गया।

दूसरे युवक विनोद की स्थिति खतरे से बाहर है। बचाव कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा भूरी भूरी प्रशंसा की गई। कंक्रीट की दीवार, मालिक दिनेश बहुगुणा द्वारा बनाई गई थी जो लुधियाना पंजाब में एसबीआय बैंक में कार्यरत है तथा मृतक दीपक के पिता राम बहादुर थापा उर्फ डोली मकान में किराए पर रहता था।

26 को लगेगी पेयजल निगम की क्लास

0

देहरादून। नमामि गंगे परियोजना को लेकर गंभीर केंद्र सरकार 26 सितंबर को पेयजल निगम की क्लास लगाएगा। 26 सितंबर को होने वाली वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये केंद्रीय कैबिनेट सचिव पेयजल निगम से नमामि गंगे के प्रोजेक्टों की स्थिति और निगम की तैयारियों से संबंधित कार्यों की समीक्षा करेंगे।

राज्य में अभी तक नमामि गंगे परियोजना परवान नहीं चढ़ पाई है। गंगा को गंदगी से मुक्त बनाने के लिए तैयार होने वाली 21 परियोजनाओं में अब तक मात्र चार योजनाओं के ही टेंडर जारी हो पाए हैं, जबकि बाकी परियोजनाओं के लिए पेयजल निगम ठेकेदार भी नहीं ढूंढ पाया है। ये स्थिति तब है जब पेयजल निगम इसके लिए तीन बार टेंडर जारी कर चुका है। इसके अलावा जिन चार परियोजनाओं के लिए टेंडर का काम पूरा हो चुका है वहां भी अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इस मामले पर केंद्र सरकार व एनएमसीजी (नेशनल मिशन क्लीन गंगा) ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए यह निगम के कार्यों की समीक्षा करने का फैसला लिया है। जिसके चलते दिल्ली से 26 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग होगी और इस दौरान केंद्र सरकार केबिनेट सचिव पेयजल निगम से उनकी नमामि गंगे को लेकर तैयारियों और अन्य बिंदुओं पर सवाल-जवाब करेंगे। इसके चलते पेयजल निगम ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। निगम के प्रबंध निदेशक भजन सिंह ने बताया कि प्रबंधन पूछे जाने वाले सवालों के जवाब देने और अपनी बात रखने के लिए तैयारी कर रहा है।

भारतीय पोशाक में दिखे आईआईटी के दीक्षार्थी

0

आईआईटी रुड़की ने अपने 17वें दीक्षांत सामारोह का आगाज बड़े ही नए-निराले अंदाज में किया। दो दिन तक चलने वाले इस कन्वोकेशन के शनिवार को पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में इसरो के चेयरमैन डॉ. एएस किरण कुमार शामिल हुए। समारोह में आईआईटी के 2153 छात्र-छात्राओं को उपाधि मिली। समारोह की खास बात यह रही कि पहली बार छात्र भारतीय पोशाक में दीक्षांत का हिस्सा बने।

शनिवार को आईआईटी रुड़की के दीक्षांत सामारोह की विशेषता विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए निर्धारित की गई देशी पोशाक रही। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री की पहल पर दीक्षांत समारोह को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की कड़ी में इस बार जुलाई में सीनेट की बैठक में तय किया गया था कि दीक्षांत समारोह में नई पोशाक लागू की जाएगी। शनिवार को दीक्षांत में सभी स्टूडेंट्स व फैकल्टी समेत संस्थान के अधिकारी व डायरेक्टर सफेद कुर्ते और उसके नीचे काली पेंट और गले में भारतीय संस्कृति के अनुसार अंग वस्त्र पहने हुए नजर आए।

सीएसआइआर की 75वीं वर्षगांठ का दो दिनी आयोजन 25 से

0

देहरादून। सीएसआइआर की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर दो दिवसीय समारोह का आयोजन करेगी। जिसमें 25 सितंबर को एक ‘ओपन डे’ या ‘मुक्त दिवस’ होगा और 26 सितम्बर को एक भव्य मुख्य प्लैटिनम जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा।

1942 में स्थापित हुए सीएसआइआर 26 सितम्बर को भारत के वैज्ञानिक क्षितिज पर अपनी उपस्थिति का 75वां वर्ष पूरा कर रही है और इसकी प्लेटिनम जयंती समारोह की गतिविधियां पिछले एक साल से चल रही हैं। अब, 26 सितम्बर को, इस समारोह के तहत सीएसआइआर की इस संघटक प्रयोगशाला, सीएसआइआर-आइआइपी की गतिविधियां, दो गतिविधियों के साथ समाप्त हो जाएंगी। आगामी 25 सितम्बर को एक ‘ओपन डे’ या ‘मुक्त दिवस’ होगा और 26 सितम्बर को एक भव्य मुख्य प्लैटिनम जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। ‘मुक्त दिवस’ (ओपन डे) समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति,उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय, प्रो. पीके गर्ग होंगे। वहीं ‘विभाग’ के प्रजातंत्र गांगेले और के.रघुवंशी,परिक्षेत्र समन्वयक, बीपीसीएल, उत्तराखंड और सीएसआइआर-आइआइपी के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम का संबोधन करेेंगे।
इस दिन के एक महत्वपूर्ण भाग के रूप में, सीएसआइआर-आइआइपी की प्रयोगशालाएं सुबह 10:00 बजे से 03:00 बजे तक स्थानीय शैक्षिक संस्थानों के छात्रों और आम जनता के लिए खुली रहेंगी। इसके न केवल संस्थान के अनुसंधान एवं विकास कार्य से परिचित होने का अवसर मिलेगा, बल्कि यहां विकसित प्रक्रमों और उत्पादों की प्रदर्शनी को देखने का एक अवसर मिलेगा। आम जनता को संस्थान के वैज्ञानिकों से भी बातचीत का मौका मिलेगा। 

बेबी किन्नर के हत्यारों को उम्रकैद

0

देहरादून। चर्चित बेबी किन्नर हत्याकांड के दोषियों को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय अजय चौधरी की अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। उन पर 65-65 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है, जिसे अदा न करने पर उन्हें छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। बेबी की हत्या उसकी चेली सारिका और ड्राइवर सुरेश ने की थी।

जिला शासकीय अधिवक्ता जेके जोशी ने बताया कि मूल रूप से नरकटिया रोड मोहल्ला पछगंदिया थाना सुमादरा पश्चिमी चंपारण, बेतिया (बिहार) की रहने वाली सारिका, दून में बेबी बाजवा किन्नर के साथ उसके प्रेमनगर विंग नंबर-7 स्थित मकान नंबर-12 में रहती थी। 24 मई 2007 को सारिका व बेबी का ड्राइवर सुरेश कुमार पुत्र स्व. रामनाथ हाल निवासी मिट्ठीबेड़ी प्रेमनगर मूल निवासी 36/50/2 सिपाही मोहल्ला अंबाला (हरियाणा) पुलिस के पास पहुंचे और बताया कि बेबी 11 मार्च 2007 से लापता है। दोनों का कहना था कि बेबी पंजाब घूमने गई और वापस नहीं लौटी। जांच के दौरान एक किन्नर रजनी ने पुलिस के समक्ष सुरेश और सारिका पर बेबी की हत्या करने का शक जताया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सुरेश और सारिका ने हत्या करने की बात कबूल कर ली। दोनों ने 11 मार्च को बेबी की हत्या कर शव को उसके घर के गैराज में गाड़ दिया था। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ ही सुरेश और सारिका के पास से 1.430 किलोग्राम चांदी और 2.240 किलोग्राम सोने के गहने भी बरामद किए। अदालत ने बीते गुरुवार को दोनों को हत्या व लूट समेत आइपीसी की चार धाराओं में दोषी करार दिया था। अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से नौ और बचाव पक्ष की ओर से एक गवाह पेश किया गया।
गुरु बन संपत्ति हड़पना चाहती थी
बेबी अपने समूह की मुखिया थी। 100 से ज्यादा किन्न्नरों पर उसका ही सिक्का चलता था। इससे उसने करोड़ों की संपत्ति भी बनाई। यह सब देख सारिका की नीयत में खोट आ गया। वह समूह की मुखिया बनने के साथ ही बेबी की संपत्ति भी हड़पना चाहती थी। इसीलिए उसने सुरेश के साथ साजिश रचकर हत्याकांड को अंजाम दिया। 10 साल पहले हुए इस हत्याकांड में पुलिस ने 22 जुलाई 2007 को चार्जशीट अदालत में दाखिल की। चार्जशीट में पुलिस ने साक्ष्यों के साथ सारिका की मंशा की पुष्टि की।

रेरा में आम की राह साफ, प्रॉपर्टी डीलर अटके

0

देहरादून। रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) में पंजीकरण कराए बिना भूखंड बेच रहे प्रॉपर्टी डीलरों पर नियामक प्राधिकारी के नए निर्देशों के बाद अंकुश लग गया है, जबकि इससे आम आदमी की राह आसान हो गई है।

रेरा के नियामक प्राधिकारी अमित नेगी ने पूर्व में ग्रुप हाउसिंग, मिक्स प्रोजेक्ट (आवासीय, व्यावसायिक व औद्योगिक), कॉमर्शियल प्रोजेक्ट व प्लॉटेड डेवलपमेंट (प्लॉटिंग) श्रेणी के गैर पंजीकृत रियल एस्टेट कारोबारियों की रजिस्ट्री में रोक के जो निर्देश जारी किए थे, उनमें स्थिति स्पष्ट नहीं थी। इस कारण मानकों का सबसे अधिक उल्लंघन कर रहे प्रॉपर्टी डीलर साफ बच जा रहे थे, जबकि जमीन व फ्लैट आदि खरीद रहे आम लोगों को अनावश्यक औपचारिकताओं का सामना करना पड़ रहा था। यह खामी दूर करने के लिए ही नियामक प्राधिकारी अमित नेगी ने व्यवस्था शुरू की कि या तो प्रॉपर्टी बेचने वाले व्यक्ति रेरा में पंजीकरण का प्रमाण पत्र दिखाएं या इस आशय का शपथ पत्र दें कि वह रेरा के नियमों से बाहर हैं। आम आदमी के लिए शपथ पत्र देना बड़ी बात नहीं, जबकि रेरा नियमों के अधीन आने वाले व्यक्तियों के लिए झूठा शपत्र पत्र देना आसान नहीं क्योंकि पकड़े जाने पर कुल जमीन व निर्माण की लागत का पांच से 10 फीसद जुर्माना देने के अलावा उन्हें तीन साल की जेल भी हो सकती है।
रेरा के नियामक प्राधिकारी के सचिवालय के रूप में काम कर रहे उडा के कार्यक्रम प्रबंधक कैलाश पांडे के मुताबिक नए निर्देशों को लेकर प्रदेशभर से उप निबंधकों की प्रतिक्रिया मिलने लगी है और उनका कहना है कि गैर पंजीकृत प्रॉपर्टी डीलरों पर अंकुश लगना शुरू भी हो गया है।

15 ने नहीं दिया नोटिस का जवाब
रेरा में पंजीकरण कराए बिना परियोजना का प्रचार-प्रसार व कारोबार कर रहे जिन 36 रियल एस्टेट कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए थे, उनमें से 21 कारोबारियों ने जवाब दाखिल कर दिए हैं। जबकि, 15 का जवाब आना अभी बाकी है। नोटिस का जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था और अब लापरवाह रियल एस्टेट कारोबारियों पर रेरा नियमों के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल ने उत्तराखंड में फैले माओवाद की रीढ़ की हड्डी तोड़ी

0

हाल ही में जब तेजतर्रार एसएसपी जन्मजेय खंडूड़ी अपने नैनीताल पोस्टिंग की पहली सालगिरह मना रहे थे और लोग उनके काम की सराहना कर रहे थे तभी एसएसपी नैनीताल के हाथ बहुत बड़ी सफलता लगी और एसएसपी के संरक्षण में पहाड़ी क्षेत्र का ‘मोस्ट वाँडटेड’ माओवादी जिसपर 50 हजार का ईनमा था, शनिवार शाम को उसको चोरगलिया, हल्द्वानी से गिरफ्तार किया गया।

न्यूजपोस्ट से बातचीत में एसएसपी ने कहा कि, ‘दरअसल हमारी टीम काफी समय से देवेंद्र छमियाल को ढूंढ़ने में लगी थी, छमियाल अपने माओवादी कामों की वजह से पुलिस की ‘वाँटेड’ लिस्ट में दशकों से था। बीते शाम, पुलिस के टिप-अोफ मिला कि कुछ संदिग्ध लोग अल्मोड़ा से नैनीताल बस का सफर कर रहे थे, पुलिस ने बस को चोरगलिया पर रुकाकर पूछताछ की और पैसेंजर की चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा।

maoist

40 साल का देवेंद्र छमियाल व एक 35 साल की महिला भगवती भोज को गिरफ्तार किया गया और उनसे पूछताछ की गई।माओवादी की उपस्थिति उत्तराखंड में पहले से महसूस की जा रही थी, खासकर कुमाउं क्षेत्र के अल्मोड़ा,पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलो में पहले भी माओवादीयों ने जगह-जगह पोस्टर और दीवारों पर अपने संदेश छोड़े थे।

आपको बतादें कि नैनीताल में माओवादियों ने एक सरकारी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया था। साथ ही चुनाव के बहिष्कार के लिये दीवारों पर पोस्टर भी लगाये गये थे। इसके अलावा माओवादियों ने सैकड़ों पोस्टर और लाल रंग से दीवारों पर अपना संदेश लिखकर अपनी भावनाओं से जनता को अवगत कराया है साथ ही साथ उन्होंने जनता से विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करने की अपील भी करी थी।

एसओटीएफ और नैनीताल पुलिस की टीम एसएसपी नैनीताल जन्मजेय खंडूड़ी के निरीक्षण में देवेंद्र और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया। एसएचओ भवाली इस केस के इंवेस्टिगेशन ऑफिसर है। इस केस में यह गिरफ्तारी पहाड़ में फैले माओवाद को रोकने में बहुत मददगार साबित होगा।

पूर्व सीएम व सांसद खण्डूरी के फर्जी ट्वीट्स वायरल, एसएसपी से की गयी शिकायत

0

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओर पौड़ी से लोकसभा सांसद मेजर जनरल(रि.) भुवन चंद्र खण्डूरी का फर्जी ट्वीटर हैंडल बनाकर उनकी छवि खराब करने के लिए ट्वीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में उनकी बेटी और विधायक ऋतु खण्डूरी ने देर रात एसएसपी निवेदिता कुकरेती कुमार से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। रितु खंडूरी भूषण, विधायक यमकेश्वर विधानसभा ने थाना नेहरू कॉलोनी पर एक लिखित तहरीर दी गई कि उनके पिता वर्तमान सांसद पौड़ी लोकसभा मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी, का किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाकर अनावश्यक पोस्ट किया जा रहा है। जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है। सूचना पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा अपराध संख्या 334/17 धारा 420/501 आईपीसी तथा 65 आईटी एक्ट पंजीकृत किया गया है।

विधायक ऋतु खण्डूरी ने बताया कि उनके पिता पूर्व सीएम और मौजूदा सांसद बीसी खण्डूरी की छवि खराब करने के उद्देश्य से कोई व्यक्ति ट्वीट कर रहा है। इसकी जानकारी देर शाम उन्हें दिल्ली के एक परिचित ने दी। ये ट्वीट फर्जी हैंडल से किये गये, इसके बाद इन्हें फेसबुक के माध्यम से भी वायरल किया जा रहा है। उन्होंने बताया की ट्वीट में उनके पिता की ओर से लिखा गया है कि राज्य के लिए जो सपना उन्होंने देखा था वो पूरा नहीं हो पाया। इसके साथ ही पार्टी को लेकर भी टिप्पणी की गई है। ऋतु ने कहा कि यह सब किसी साजिश का हिस्सा है, इसकी जांच होनी चाहिए। अभियोग की विवेचना प्रभारी निरीक्षक नेहरू कॉलोनी राजेश साह द्वारा की जा रही है।

स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में सरकार के साथ परमार्थ भी बढ़ाएगा हाथ

0

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष, ग्लोबल इण्टरफेथवाश एलायंस के सह-संस्थापक एवं गंगा एक्शन परिवार के स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय के सचिव श्रीपरमेश्वरन अय्यर की बैठक हुई। इस दौरान भारत सरकार, राज्य सरकार, समाज, संस्थान, शिक्षण संस्थान और ग्लोबल इण्टर फेथवाश एलायंस मिलकर स्वच्छता कार्यक्रम को संपन्न कराएंगे।
श्री दीनदयाल उपाध्याय एकात्मकता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे भारत में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी परिपेक्ष में पूज्य स्वामी की श्रीपरमेश्वरन अय्यर से विश्व शौचालय काॅलेज एवं परमार्थ वाटर स्कूल के द्वारा किये जा रहे कार्यक्रम के विषय में भी विस्तृत चर्चा हुई।
हाल ही में बिहार की महिलाओं का दस दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। इसके विषय में जानकारी देते हुए स्वामी ने कहा कि जिस प्रकार बिहार एवं उत्तराखण्ड सरकार ने महिलाओं को स्वच्छता के लिए प्रशिक्षित करने हेतु विश्व शौचालय काॅलेज भेजा। उसी प्रकार देश के अन्य राज्यों में भी विश्व शौचालय काॅलेज की सेवाओं को उपलब्ध करा सके इस पर चर्चा हुई। श्री दीन दयाल उपाध्याय एकात्मकता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे भारत में चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा को को गति देने के लिए सरकार के साथ परमार्थ निकेतन उत्तराखण्ड तथा भारत के सभी धार्मिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने के विषय पर भी चर्चा हुई।
श्रीपरमेश्वरन अय्यर ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरुकता के क्षेत्र में विश्व शौचालय काॅलेज अद्वितीय कार्य कर रहा है, स्वच्छ कल के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह स्वच्छता कार्यक्रम पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती महाराज के मार्गदर्शन में सम्पन्न किया जायेगा। जिसमे पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, नमामि गंगे, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरू, राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन, स्थानीय नेतागण, नगरपंचायत, संस्थानों के मालिक, जनता, जीआईसी लक्ष्मणझूला, सत्य हाईस्कूल, स.वि.म. इण्टर कॉलेज आवास विकास, टैक्सी यूनियन, सारथी संस्था, परमार्थगुरूकुल के ऋषिकुमार एवं परमार्थ परिवार के सदस्यों के साथ अनेक विद्यालय एवं संस्थाओं के सदस्य सहभाग कर रहे है।
महात्मा गांधी के सपनों को साकार करना तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को गति प्रदान करना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। ’स्वच्छता ही सेवा है’ को लक्ष्य बनाकर स्वच्छता के प्रति जनता में जागरुकता, एकात्मकता एवं एकरुपता लाने के लिए ताकि सब मिलकर एक कदम नहीं बल्कि सबकदम स्वच्छता की ओर बढ़े और निरन्तर बढ़ते रहें। इसके लिए ग्लोबल इण्टर फेथवाश एलायंस, भारत सरकार के साथ समन्वय से तथा स्थानीय सहयोग से सभी को जोड़ते हुए ’स्वच्छता ही सेवा’का संदेश देने के लिये धरातल पर मिलकर सभी कार्य करेंगे जिसमें लक्ष्मणझूला से लेकर रामझूला तक महास्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।
इस कार्यक्रम के लिये पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज ने सभी से आहृवान किया कि आप सभी सादर आमंत्रित हैं। यह कार्य किसी एक का नहीं हम सबका है। अतः आप सब इस स्वच्छता अभियान से जुड़े ताकि एक कदम स्वच्छता ओर नहीं बल्कि सवा सौ करोड़ लोगों के कदम स्वच्छता की ओर बढ़े तो वास्तव में स्वर्णिम भारत का उदय होगा। 25 सितम्बर को 9 बजे से 11 तक लक्ष्मण झूला से राम झूला तक होने वाले इस महास्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।