Page 491

जिला मुख्यालयों में 26 को कांग्रेस मनाएगी इंदिरा शताब्दी वर्ष

0

 उत्तराखण्ड कांग्रेस भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गांधी के जन्म शताब्दी वर्ष 2017 पर प्रदेश के जिला मुख्यालयों में 26 सितम्बर को विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन करेगी।

इसी कार्यक्रम के तहत 26 सितम्बर को अपराह्रन 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में देहरादून स्थित दून चिकित्सालय में फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार हरिद्वार, रुड़की, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, काशाीपुर, चंपावत सहित अन्य सांगठिनक जिलों में कांग्रेस कार्यक्रम का आयोजन कर इंदिरा गांधी के कार्यों को बताएगी। 

लगातार सातवीं बार नंबर-वन रहा सेंट जोजेफ स्कूल

0

देहरादून। सेंट जोजेफ एकेडमी ने लगातार सातवीं बार नंबर-वन स्कूल होने का खिताब हासिल किया है। एजुकेशन वर्ल्ड द ह्यूमन डेवलपमेंट मैगजीन द्वारा कराए गए सर्वे में उत्तराखंड व देहरादून के को-एड डे स्कूल में एकेडमी को पहला स्थान मिला है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर भी स्कूल ने 58वीं रैंक हासिल की है। प्रधानाचार्य ब्रदर बाबू वर्गेस ने दिल्ली में आयोजित समारोह में बेस्ट स्कूल की ट्रॉफी ग्रहण की।

ब्रदर बाबू वर्गेस ने बताया कि स्कूल छात्रों को गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान कर रहा है। इसी का नतीजा है कि इंटर व हाईस्कूल स्तर पर कई बार छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। स्कूल का ध्येय सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि छात्रों का सर्वागींण विकास है। समय-समय पर छात्रों ने यह साबित किया है। खेलकूद, वाद-विवाद या अन्य प्रतिस्पर्धा में छात्रों ने प्रदेश ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि स्कूल की साल-दर-साल उपलब्धि शिक्षक व छात्रों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने बताया कि एजुकेशन वर्ल्ड ने देशभर के तकरीबन 1000 स्कूलों की रैंकिंग की है। जिन्हें शिक्षा, खेलकूद सहित अन्य तमाम मानकों पर परखा गया। 

”ट्राइबल टूरिज्म” को पहली बार मिलेगी ”टूरिज्म पाॅलिसी” में जगह

0

लंबे इंतजार के बाद सही लेकिन उत्तराखंड सरकार ने अपनी टूरिजम पॉलिसी तैयार कर ली है और शायद पहली बार इसमें ट्राइबल टूरिजम को जगह दी जाएगी।इसके साथ ही युवाओं की रुचि देखकर इस बार फोकस एडवेंचर टूरिजम को बढ़ाने पर होगा। इससे पहले साल 2001 में पॉलिसी आई थी जिसके बाद टूरिजम पॉलिसी नहीं बनी। एनबीटी से खास बात करते हुए उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पॉलिसी में इस बात का भी जिक्र होगा कि हर एक- दो साल में पॉलिसी का रिव्यू किया जाएगा और जरूरत के हिसाब से उसमें बदलाव होगा।

आखिरी गांव जाने पर मिलेगा सर्टिफिकेट: सतपाल महाराज ने कहा कि अब तक किसी ने ट्राइबल टूरिजम के बारे में नहीं सोचा। हमारी पॉलिसी में इस पर जोर रहेगा। नीती, माणा जैसे बॉर्डर से लगे आखिरी गांवों में जो पर्यटक जाएंगे उन्हें एक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा कि वे आखिरी गांव में रहे हैं। ये गांव अपने आप में इतिहास समेटे हुए हैं। इनका अलग रहन सहन है और इनके अलग देवी देवता हैं। इनका तिब्बत से व्यापार चलता था और ये ब्रदीनाथ को सोना चढ़ाते थे। वे देवताओं पर सोना पेंट करते थे। इनका अपना एक तरीका है।

नेलांग वैली में कर सकेंगे हैरिटेज वॉक: उन्होंने कहा कि गंगोत्री से थोड़ पहले एक  रास्ता है जो नेलांग वैली की तरफ जाता है।यह अंद लाईन में हैं और बेहद खूबसूरत है लेकिन लोग यहां रुक नहीं सकते। वहां एक गर्तोक गली है जिसमें लकड़ी का एक पुल बना है। जिससे होकर तिब्बत से लोग उत्तरकाशी में व्यापार करने आते थे। जिस तरह हमने कुछ वक्त पहले हर्षिल, मुखबा और बगोली गांव को इनर लाइन से बाहर किया है उसी तरह हमने नेलांग वैली के लिए भी इजाजत ले ली है। हम वहां स्ट्रक्चर बनाएंगे और पर्यटक यहां आकर कुछ देर सुस्ता सकते हैं। हालांकि रात गुजारने की इजाजत नहीं होगी। यह सब हम टूरिजम पॉलिसी में जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चीन बॉर्डर से लगा एक गांव है जादुंग। जब चीन के साथ युद्ध हुआ था तब लोगों को वहां से हटा दिया गया था। वहां मकान और उनका सामान ज्यों का त्यों पड़ा है। वक्त वहां ठहरा सा लगता है। हमारी कोशिश है कि वहां तक पर्यटकों को ले जाने की इजाजत हमें मिल जाए।

गांव वाले बनेंगे स्टोरीटेलर: टूरिजम पॉलिसी में इस पर भी जोर है कि ट्राइवल टूरिजम को बढ़ाने के लिए गांव के लोगों को स्टोरीटेलर की ट्रेनिंग दी जाएगी। सतपाल महाराज ने कहा कि ये लोग बहुत अच्छे स्टोरीटेलर हैं पर हम उन्हें ट्रेनिंग देंगे ताकि वह पर्यटकों के लिए गाइड बन सकें। इससे उन्हें रोजगार मिलेगा और पर्यटकों को उस जगह से जुड़ी वह अनसुनी कहानियां सुनने को मिलेंगी जो इनके पूर्वज इन्हें सुनाते रहे हैं। गांव वालों को हम लोकल म्यूजिक में भी ट्रेनिंग देंगे।

एडवेंचर के साथ सुपरनेचुरल टूरिजम को भी बढ़ावा: सतपाल महाराज ने बताया कि टूरिजम पॉलिसी में हमारा फोकस एडवेंचर टूरिजम के साथ ही सुपरनेचुरल टूरिजम पर भी है। हम उत्तराखंड को विंटर डेस्टिनेशन बनाना चाहते हैं। लोग स्कीइंग के लिए उत्तराखंड आएं इसलिए हम औली को डिवेलप कर रहे हैं। टिहरी की वॉटर लेक में हम वॉटर स्पोर्ट्स शुरू करेंगे साथ ही कुछ सालों बाद हमें पंचेश्वर डैम की भी बड़ी लेक मिल जाएगी जिसमें भी वॉटर स्पोर्ट्स की प्लानिंग है। उन्होंने कहा कि कई गांवों में पूजा के दौरान लोगों पर देवता आते हैं या कहीं यक्ष प्रकट होते हैं। इस तरह के चमत्कारिक और सुपरनेचुरल टूरिजम को भी हम बढ़ावा देने के लिए पॉलिसी में जगह दे रहे हैं।

 

रिकॉर्ड से ज्यादा श्रद्धालुओं ने की चारधाम यात्रा

0

देहारादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ श्राद्धालु आए। वर्ष 2013 में आई आपदा में भारी जन-धन की हानि हो गई थी, जिसके बाद से पिछले कुछ सालों से चार धाम यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आ गई थी। लेकिन इस वर्ष लगभग 21 लाख श्राद्धालुओं ने चारो धाम के दर्शन किए है।

इस वर्ष चारधाम की यात्रा के प्रारंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने कपाट खुलने के अवसर पर दर्शन किए थे। भारत के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जिस प्रकार चारधाम यात्रा के दो प्रमुख धामों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई गई इससे आमजन और देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और सैलानियों के मन में उत्तराखण्ड के प्रति विश्वास का भाव बढ़ा। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष अभी लगभग 21 लाख श्रद्धालुओं ने चार धाम यात्रा और हेमकुंड साहिब के दर्शन किए हैं, जोकि अपने आप में संभवत एक रिकॉर्ड है।
वहीं हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रतिकूल मौसम के बावजूद भी केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन किया। इससे केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा से इस वर्ष सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा का संदेश और अधिक प्रबल हुआ है।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष यात्रा शुरू होने से 23 सितम्बर तक बद्रीनाथ धाम में 779865, केदारनाथ धाम में 432173, गंगोत्री धाम में 385637, यमुनोत्री धाम में 371893 तथा हेमकुण्ड साहिब में 119010 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। 

बाक्स आफिस पर भूमि और हसीना का खेल खत्म, न्यूटोन की लंबी छलांग

0

इस सप्ताह रिलीज नई फिल्मों में जहां संजय दत्त की वापसी वाली फिल्म भूमि और दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना की जिंदगी पर बनी फिल्म का बाक्स आफिस पर खेल खत्म हो गया, वहीं आस्कर में भारत की ओर से भेजी जाने वाली फिल्म के तौर पर नामांकित हुई राजकुमार राव की फिल्म न्यूटोन ने लंबी छलांग लगाई।

पहले तीन दिनों के बाद भूमि और हसीना आंकड़ों के खेल में 7 करोड़ के आसपास रहीं, वहीं पहले दिन एक करोड़ से भी कम की कमाई करने वाली न्यूटोन जिस दिन रिलीज हुई, उसी दिन इसे आस्कर में भेजे जाने की खबर आई और इसका सकारात्मक नतीजा देखने को मिला।

फिल्म ने शनिवार को 3.50 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया और रविवार को भी 3 करोड़ के लगभग का कारोबार किया। फिल्म का बजट की 5 करोड़ बताया जाता है, इस लिहाज से ये फिल्म अपनी लागत वसूलने में कामयाब हो चुकी है। फिल्मी कारोबार के जानकार मानते हैं कि भूमि और हसीना को दर्शकों ने खारिज कर दिया है और पहले सप्ताह में इनका कारोबार दस करोड़ के आसपास तक सिमट जाएगा, जबकि न्यूटोन भी इतना ही कारोबार करेगी।

बेटे के बाद बेटी के साथ परदे पर अनिल कपूर

0

अनिल कपूर अब तक अपने बच्चों के कैरिअर से दूर रहे और उनके साथ परदे पर आने के लिए भी तैयार नहीं थे। अब आकर अनिल कपूर ने ये फैसला बदल दिया है। एक तरफ कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि ओलंपिक पदक विजेता अभिनव बिंद्रा की जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक फिल्म में अनिल कपूर अपने बेटे हर्षवर्धन कपूर के साथ होंगे। हर्षवर्धन इस फिल्म में अभिनव का रोल करेंगे, तो अनिल कपूर उनके पिता का रोल करेंगे। अनिल कपूर पहली बार अपने बेटे के साथ परदे पर नजर आएंगे।

अब एक दूसरी खबर आई है कि अनिल ने अपनी बेटी सोनम कपूर के साथ भी परदे पर आने का फैसला कर लिया है। कुछ दिनों पहले चर्चा थी कि अनिल कपूर अपनी बड़ी बेटी रेहा कपूर की सोनम और करीना कपूर को लेकर बनाई जा रही फिल्म ‘वीरां दी वैंडिंग’ में मेहमान रोल करेंगे और परदे पर सोनम के साथ होंगे। बाद में इस टीम के सूत्रों ने कहा कि अनिल कपूर इस रोल के लिए नहीं माने। अब खबर आ रही है कि अनिल कपूर और सोनम शैली चोपड़ा की फिल्म में पिता-बेटी के रोल में परदे पर होंगे।

शैली विधु विनोद चोपड़ा की बहन हैं और पहली बार फिल्म का निर्देशन करने जा रही हैं। इस फिल्म में शैली ने पहले संजय दत्त के साथ उनकी बेटी त्रिशाला को कास्ट करने की कोशिश की थी, लेकिन संजय दत्त राजी नहीं हुए, तो शैली की ओर से अनिल कपूर और सोनम को प्रस्ताव दिया गया, जो मंजूर हो गया।

अनिल कपूर पहले विधु विनोद चोपड़ा की परिंदा और 1942 ए लव स्टोरी में काम कर चुके हैं, जबकि सोनम कपूर इस वक्त विधु विनोद चोपड़ा की कंपनी में बन रही संजय दत्त की बायोपिक फिल्म में रणबीर कपूर के साथ काम कर रही हैं। अनिल कपूर की हाल ही में मुबारकां फिल्म रिलीज हुई और इन दिनों वे ऐश्वर्या राय के साथ फन्ने खां की शूटिंग कर रहे हैं। ऐशवर्या राय के साथ वे 17 साल बाद किसी फिल्म में काम कर रहे हैं। 17 साल पहले दोनों ने सुभाष घई की फिल्म ताल में साथ काम किया था।

साउथ की फिल्म के रीमेक में शाहरुख

0

अक्षय कुमार और संजय दत्त के बाद तमिल फिल्म विक्रम वेधा के हिंदी रीमेक को लेकर अब शाहरुख खान का नाम सामने आया है और सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि शाहरुख खान की कंपनी रेड चिल्ली ने इसके हिंदी रीमेकिंग राइट्स खरीद लिए हैं। सूत्र बताते हैं कि डील को लेकर सहमति हो चुकी है और औपचारिक रुप से कार्रवाई जल्दी पूरी की जाएगी।

कुछ दिनों पहले शाहरुख चेन्नई गए, तो इस फिल्म के अधिकार रखने वाली कंपनी वाई नौट के मालिक एस शशिकांत से मुलाकात की और समझा जाता है कि इसी मुलाकात में इस डील को लेकर सहमति बन गई। तमिल में बने इस पुलिस और अपराधी के ड्रामे वाली इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर रिकार्डतोड़ कमाई की है। तमिल में इसके सितारों में आर माधवन और उनके साथ में विजय सेतुपति रहे हैं।

शाहरुख से पहले अक्षय कुमार और संजय दत्त ने भी रीमेक के अधिकार खरीदने की कोशिश की, लेकिन माना जाता है कि प्राइस को लेकर दोनों मे से किसी के साथ भी मामला नहीं जमा। शाहरुख खान जल्दी ही रीमेक के लिए निर्देशक का नाम तय करेंगे और इस पर काम शुरु होगा। ये माना जा रहा है कि शाहरुख जल्दी ही इसे शुरु करना चाहते हैं और 2018 मे इसे रिलीज करना चाहते हैं।

2018 के दिसंबर में शाहरुख खान की आनंद एल राय के निर्देशन में बन रही फिल्म रिलीज होगी, जिसमें वे बौने के रोल में हैं और उनके साथ कैटरीना कैफ तथा अनुष्का शर्मा हैं।

वरुण धवन बनाम वरुण धवन

0

इन दिनों रिलीज के तैयार होने वाली फिल्मों के प्रमोशन के लिए अलग अलग रास्ते अपनाए जाते हैं। ऐसा ही एक नया आइडिया अगले शुक्रवार को रिलीज होने जा रही फिल्म जुड़वां 2 के लिए किया गया है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी साजिद नडियाडवाला की इस फिल्म के लिए वरुण धवन ने वरुण धवन का इंटरव्यू किया है।

सोशल मीडिया पर चर्चित इस इंटरव्यू मे एक वरुण धवन पत्रकार बनकर फिल्म स्टार वरुण धवन का इटरव्यू कर रहे हैं। पत्रकार वरुण ‍धवन और इंटरव्यू के दौरान फिल्म स्टार वरुण धवन से ऐसे तीखे सवाल पूछ लिए कि फिल्म स्टार का मूड उखड़ गया और वे इंटरव्यू छो़ड़कर चले गए।

90 के दशक में बीस साल पहले सलमान खान, करिश्मा कपूर और रंभा की त्रिकोणीय टीम के साथ बनी जुड़वां की सिक्वल के तौर पर बनी जुड़वां 2 में वरुण के साथ जैक्लीन फर्नांडिज और तापसी पन्नू की तिकड़ी है। साथ में शक्ति कपूर, राजपाल यादव और अनुपम खेर हैं। अनु मलिक ने संगीत दिया है।

जमानत पर छूटे अपराधी सक्रिय, पुलिस ने किया चालान

0

पुलिस ने सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्र क्लेमेंटाउन में सक्रिय दो अपराधियों को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत चालान कर मुकदमा दर्ज किया है। अपराधी अहमद खान उर्फ अयान पुत्र अब्दुल कयूम तथा कामरान पुत्र अब्दुल कयूम निवासी नंबर सी 24 टर्नर रोड थाना क्लेमेंट टाउन के रहने वाले है।

पुलिस ने बताया कि दोनो अभियुक्त भाई हैं एवं सक्रिय अपराधी हैं। थाना क्षेत्र में कई बार चोरी के अभियोग में जेल जा चुके हैं एवं अभी जमानत पर होने के बाद भी लगातार अपराध की गतिविधियों में सक्रिय है। अभियुक्तों का गुंडा नियंत्रण अधिनियम में चालान किया गया है। जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की गई है।

युवती को ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज
वहीं रायपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाना क्लेमेंट टाउन पर तहरीर दी कि उसकी पुत्री ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में पढ़ती है तथा ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में ही पढ़ने वाले एक युवक ओंकार सिंह पुत्र मधु कुमार सिंह निवासी शिवपुरा, थाना शिवपुरा, जिला शिवपुरा, बिहार उसकी फोटो को व्हाट्सएप/फेसबुक पर अपलोड कर उसे ब्लैकमेल किया है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंट टाउन पर अभियुक्त ओंकार सिंह उपरोक्त के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत तथा वादी की पुत्री को ब्लैकमेल करने के संबंध में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमे की विवेचना प्रारंभ की जा चुकी है। साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नगर की सड़कें खस्ताहाल, बरसात में बने गड्ढे जानलेवा

0

हरिद्वार। पहले से ही खस्ताहाल नगर की सड़कें बरसात में अब जानलेवा बन गई हैं। ज्वालापुर से लेकर हरिद्वार और कनखल में सड़कों पर गड्ढे हादसों का सबब बन रहे हैं। कई लोग इन गड्ढों में गिरकर हादसों का शिकार बन गए हैं।

सबसे ज्यादा दिक्कत ज्वालापुर की सड़कों पर हैं। यहां ज्वालापुर कोतवाली के पास बाल्मिकी मार्ग पर बहुत बडा गड्ढा बना हुआ है। इसे दो दिन पहले ही ठीक किया गया था लेकिन फिर से ये बह गया। इसके कारण यहां यातायात प्रभावित हो रहा है। कई लोग इस गड्ढे में गिर गए हैं। अब दोबारा सड़क पर गड्ढा बनने के वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त मार्ग पर पुलिस बेरीकेड लगाकर काम चलाया जा रहा है। नीरज, शमीम, रवि बहादुर इंजीनियर का कहना है कि संबंधित विभाग अपने कार्यों के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। अभी हाल फिलहाल में ही सड़कों का पैच वर्क किया गया था। उसके बावजूद भी जगह-जगह सड़कों के गड्ढे लोगों के लिए दुखदायी बने हुए हैं। रात में गड्ढे के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तिराहे पर रात दिन वाहनों की आवाजाही होती है क्योंकि हाईवे से भेल मार्ग और सुभाष नगर मार्ग को जोड़ने का एक मात्र रास्ता ये ही है। पुलिस द्वारा पूर्व में इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को बंद किया गया था, लेकिन ट्रैक्टर ट्रालियां रात दिन इस मार्ग पर चलती हैं। जिन कारणों से सडकें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। तीन दिन की लगातार बारिश ने सड़कों की पोल खोल कर रख दी हैं, जगह-जगह सड़कें उखड़ गई हैं। सड़कों के नुकीले पत्थर लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रहे हैं। सड़कों पर बने गड्ढों को ठीक नहीं किया जा रहा है। भाजपा सरकार में निर्माण कार्य पूरी तरह से रुके हुए हैं। आम लोग काफी परेशान हैं। ज्वालापुर की कई क्षेत्रों की सडकें क्षतिग्रस्त होने से आम व्यापारी काफी परेशान हैं। आए दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। संबंधित विभाग के अधिकारी सफेद हाथी बने हुए हैं।