Page 490

चार करोड का जुर्माना, अवैध खनन पर बडी कार्यवाही

0

कोसी पार क्षेत्र, बाजपुर में खनन अधिकारी व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मंशा स्टोन क्रशर तथा ढिल्लन स्टोन क्रशर पर छापामारी की गई। इस दौरान भंडारण स्थल पर बिना अनुमति पोकलेंड से खनन होता पाया गया। टीम ने मौके से 10 डंपर व एक पोकलेंड को कब्जे में लेने के बाद उन्हें सीज कर दिया। अवैध खनन के मामले में करीब चार करोड़ का जुर्माना लगाया गया है।

खनन अधिकारी राजपाल लेघा ने बताया कि अवैध खनन की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया मैसर्स मंशा स्टोन क्रशर सक्खनपुर के निरीक्षण के दौरान खेत संख्या 54/1 से 95 गुणा 55 वर्ग मीटर क्षेत्र में चार फिट से भी अधिक गहराई तक खुदाई करते हुए 25590 घन मीटर अवैध खनन पाया गया। इसके लिए 2 करोड़ 29 लाख का जुर्माना लगाया गया। इधर ढिल्लन स्टोन क्रेशर द्वारा ग्राम पपुड़ी में भंडारण की अनुमति ली गई थी। वहां भी खेतों को खोद कर आरबीएम निकाला जा रहा था। जिसमें 19224 घन मीटर का अवैध खनन पाया गया जिसके चलते एक करोड़ 73 लाख का जुर्माना किया गया है।

खनन अधिकारी राजपाल लेघा ने बताया कि कुल 10 डंपर तथा एक पोकलेंड को सीज कर दिया गया है। छापामारी करने वाली टीम में त्रिभुवन ¨सह, मोहन चंद व राजस्व विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी शामिल थे। खान विभाग व राजस्व प्रशासन की इस कार्रवाई से स्टोन क्रशर संचालकों में हड़कंप मचा है।

डेगूं के डंक का बढता प्रकोप

0

डेंगू का डंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हल्द्वानी में सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र आदर्शनगर व पीलीकोठी में स्वास्थ्य विभाग ने अस्थायी कैंप लगा लिया है। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर डिटेल जुटाई गई। मौके पर कराए गए 60 लोगों के डेंगू कार्ड टेस्ट में चार पर रोग की पुष्टि भी हो गई। वहीं, दो दिन में बुखार के 72 रोगियों को रेफर किया गया।

शहर के सरकारी चिकित्सालय बेस व एसटीएच तथा निजी अस्पतालों में डेंगू, मलेरिया व बुखार के बढ़ते रोगियों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग भी नींद से जागा है। सबसे अधिक मामले आदर्शनगर व पीलीकोठी क्षेत्र से आने के चलते अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमएम तिवारी के नेतृत्व में आसपास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से डॉक्टर, मलेरिया इंस्पेक्टर और संक्रामक रोग विश्लेषक एनके कांडपाल को टीम के साथ मंगलवार को फिर क्षेत्र में भेजा गया।

इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर बुखार का सर्वे कराया गया। सृजन स्पास्टिक सोसायटी कार्यालय में लगे अस्थायी कैंप में डॉ. प्रज्ञा जायसवाल ने परीक्षण किया। क्षेत्र की 2542 लोगों की आबादी का सर्वे करने और मौके पर डेंगू टेस्ट के बाद चार लोगों की पुष्टि होने पर उन्हें एसटीएच रेफर किया गया।

180 लोगों का मलेरिया स्लाइड टेस्ट भी कराया गया। संक्रामक रोग विश्लेषक ने बताया कि जागरूकता एवं मुनादी के बाद तमाम लोगों ने घरों के आसपास एकत्र हो रहे अनुपयोगी पानी को हटा दिया है। हालांकि खाली प्लाटों में गंदगी, सड़क किनारे कूड़ा फेंकने एवं साफ सफाई की अभी जरूरत है। मलेरिया विभाग की टीम एक दिन बाद फिर फॉगिंग करेगी।

महिला की हत्या बनी रहस्य, क्या अवैध सम्बन्ध हो सकते हैं कारण।

0

कुण्डेश्वरी थाना, काशीपुर क्षेत्र में महिला की हत्या करने के बाद आरोपी के दिल्ली भागने की आशंका जताई जा रही है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस जुट गई है। इसके लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। इस बीच पुलिस कप्तान ने मामले की पुरी जानकारी लेते हुए जल्द कार्यवाही की बात कहीं है।

सोमवार रात पर्वत कुंज, कुंडेश्वरी निवासी मीरा देवी पत्नी मनी चंद की हत्या कर उसका शव धान के खेत में फेंक दिया गया था। पुलिस ने जांच के बाद अल्ली खां निवासी सरफराज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।

एसएसपी सदानंद दाते घटना की जानकारी लेने कुंडेश्वरी पहुंचे। उन्होंने मृतका के घर पहुंचकर उसे बेटे अरुण से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद एसएसपी दाते ने कुंडेश्वरी चौकी में मातहत पुलिस अधिकारियों के साथ इस मामले पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आरोपी को पकड़ने के लिए अफसरों के पेंच कसे। इस दौरान एएसपी जगदीश चंद्र, सीओ राजेश भट्ट, कोतवाल चंचल शर्मा, कुंडेश्वरी चौकी इंचार्ज दिनेश फत्र्याल आदि थे।

सूत्रों के मुताबिक हत्यारोपी वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली भाग गया है। आरोपी का मोबाइल बंद जा रहा है। एसएसपी सदानंद दाते का कहना है कि हत्या के पीछे पैसों का लेन-देन व अवैध संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या के कारणों का सही पता नहीं चल पा रहा है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बच्चों में शिक्षा का रुझान बढ़ाने के लिए सुशांत सिह की पहल

0

इस दौर के सितारे अपने अपने तरीकों से खुद को समाज सेवा के साथ जोड़े रखने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही एक तरीका सुशांत सिंह राजपूत ने भी निकाला है। सुशांत ने सुशांत फार एजुकेशन नाम से एक बेवसाइट तैयार की है, जिसके तहत वे देश के अलग अलग इलाकों के स्कूली बच्चों के साथ सीधे तौर पर संवाद करेंगे।

ये भी जानकारी मिली है कि सुशांत ने अपने इस अभियान के तहत सलाहकारों की टीम तैयार की है, जो स्कूलों के प्रशासन के साथ मिलकर बच्चों के लिए कार्यक्रम तैयार करेगी और बच्चों का मार्गदर्शन भी करेगी। कहा जाता है कि इस बेवसाइट पर देश के सौ से ज्यादा स्कूलों की ओर से संपर्क किया गया है।

सुशांत की टीम इनमें से चुनिंदा स्कूलों को इस प्रोजेक्ट के लिए चुनेगी। कहा जाता है कि सुशांत के सलाहकारों की टीम ने दो स्कूलों का चयन कर लिया है, जहां सुशांत खुद जाएंगे। इन दिनों सुशांत उत्तरांचल में अपनी नई फिल्म केदारनाथ की शूटिंग कर रहे हैं। इस शूटिंग से निपटकर वे अक्तूबर के पहले सप्ताह में मुंबई लौट रहे हैं। इसके बाद वे इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे।

यू टर्न लेंगी कंगना?

0

कंगना अधिकारिक तौर पर एलान कर चुकी हैं कि झांसी की रानी लक्ष्मी बाई की जिंदगी पर बन रही ‘मणिकर्णिका’ उनके कैरिअर की अंतिम फिल्म होगी, जिसका निर्देशन किसी और ने किया होगा। कंगना ने कहा था कि अब वे अपने लिए खुद फिल्में बनाएंगी, जिनका लेखन और निर्देशन वे खुद करेंगी। ये सारी बातें कंगना ने तब कही थीं, जब उनकी फिल्म ‘सिमरन’ रिलीज नहीं हुई थी।

‘सिमरन’ के बाक्स आफिस पर न चल पाने के बाद अब कंगना को अपने कैरिअर को लेकर फिर से सोचना पड़ सकता है। सूत्र तो यहां तक बता रहे है कि सिमरन के बाद मणिकर्णिका के वितरको ने इसकी प्राइस कम करने को कहा है। वितरकों का कहना है कि रंगून और सिमरन के बाद कंगना के नाम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना आसान नहीं रहा है।

‘मणिकर्णिका’ को अगले साल अप्रैल में रिलीज होना है। इस बीच सिमरन के निर्देशक हंसल मेहता ने कंगना की घोषणा में बदलाव का संकेत देते हुए कहा है कि अगर कोई अच्छी कहानी आएगी, तो कंगना जरुर इस पर गौर करेंगी। उनका कहना है कि वे ‘सिमरन’ के बाद कंगना के लिए दो कहानियों पर काम शुरु करना चाहते हैं।

किसी निर्देशक की फिल्म में काम न करने की कंगना की बात को लेकर हंसल मेहता का कहना है कि अगर कंगना चाहेंगी, तो वे उनको निर्देशन की जिम्मेदारी भी सौंप सकते हैं, लेकिन उनको उम्मीद है कि कंगना उनकी फिल्म के लिए मान जाएंगी।

कैंसरग्रस्त बच्चों से मिलीं पूजा हेगड़े

0

रितिक रोशन के साथ आशुतोष गोवारिकर की फिल्म मोहनजो दारो से हिंदी फिल्मों में कदम रखने वाली साउथ की एक्ट्रेस पूजा हेगड़े इन दिनों जहां अपनी तेलुगू फिल्म डीजे को मिली कामयाबी से खुश हैं, वहीं मुंबई में पूजा हेगड़े ने कैंसर से जूझ रहे बच्चों के साथ कुछ वक्त बिताया।

पूजा हेगड़े एक समाजिक संगठन की पहल पर मुंबई के टाटा अस्पताल पंहुची, जहां उन्होंने कैंसर से जूझ रहे बच्चो के साथ मुलाकात की। पूजा ने वहां बच्चों को तोहफे भी दिए। इन बच्चों के लिए दुआ करते हुए पूजा ने कहा कि वे उन बच्चों तथा उनके परिवारों के लिए दुआ करती हैं। उनका कहना था कि ये बच्चे मजबूत इरादों वाले हैं और उनकी इच्छाशक्ति से वे बहुत प्रभावित हुईं।

पूजा ने कहा कि, “उनको आगे भी जब कभी मौका मिलेगा, तो वे इन बच्चों से फिर मिलने जरुर आएंगी। उनको अच्छा लगा कि वे किसी तरह से बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने में कामयाब रहीं। “

नायब सुबेदार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटा

0

अल्मोड़ा। चंडीगढ़ से रामनगर आ रहे नायब सूबेदार जहरखुरानी का शिकार हो गए, ट्रेन में यह घटना हुई। वे बेहोशी की हालत में रामनगर स्टेशन पर मिले। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जनपद अल्मोड़ा के ग्राम लमगड़ा निवासी दिनेश त्रिपाठी लेह लद्दाख में नायब सूबेदार के पद पर तैनात हैं। एक महीने की छुट्टी पर घर आ रहे थे, चंडीगढ़ से वे रामनगर-चंडीगढ़ ट्रेन में सवार हुए। रास्ते मे सफर के दौरान दो लोगों ने उससे दोस्ती की। इसके बाद उन्हें उन्होंने मूंगफली खाने को दी। इसके बाद वे बेहोश हो गए।

सुबह वे बेहोशी की हालत में रामनगर रेलवे स्टेशन पर पड़े मिले। कुछ लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने पुलिस को यह जानकारी दी। हालांकि, अभी वे लूटे गए सामान की जानकारी नहीं दे पाए हैं।

पुलिस ने बताया कि अभी तक नायब तहसीलदार पूरी तरह होश में नहीं आए हैं। उनके पहचान पत्र से उनकी पहचान हुई है और उन्होंने थोड़ी जानकारी दी है। पुलिस ने परिजनों की इसकी जानाकारी दे दी है।

अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, 18 लाख का स्मैक बरामद

0

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय ड्रग तस्कर को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 18 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने बताया कि दून शहर में युवाओं में स्मैक के बढ़ते नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजपुर पुलिस दवारा पूर्व में जनपद बरेली से स्मैक लाकर देहरादून शहर के युवाओं को स्मैक बेचने वाले छोटे डीलरों को देहरादून पुलिस दवारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाल ही में जेल भेजे गए डीलर, जिनमें प्रमुख मो. जकरिया पुत्र याकूब तथा रिजवान पुत्र आजिज अहमद निवासी माजरा पटेलनगर को स्मैक बेचते हुए थाना कैंट से और मो. जकी उर्फ राहुल पुत्र अनवर को थाना पटेलनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार सभी नशे के तस्करों से पुलिस अधीक्षक नगर ने थाने पर जाकर पूछताछ की तो उनके द्वारा बताया गया कि वह बरैली उत्तर प्रदेश के बड़े डीलर नसीम खान से स्मैक कम दाम पर खरीद कर देहरादून लाते है और यहां पर चार गुने दामों पर बेचते है। इस पर बरेली से सप्लाई हो रही स्मैक और डीलर नसीम खान पर प्रभावी कारवाही करने के लिए एसएसपी के दिशा निर्देशन में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया। टीम ने जनपद बरेली से चल रहे स्मैक डीलरों के खिलाफ कारवाही करते हुए मंगलवार को अन्तर्राजीय ड्रग तस्कर नसीम खान पुत्र युसूफ खान को निवासी मोहल्ला राहपुरा सेंट्रल जेल के पीछे थाना इज्जत नगर बरेली को गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त नसीम खान के कब्जे से 180 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। अभियुक्त को गिरफ्तार कराये जाने पुलिस टीम का पूर्व मे जेल गए अभियुक्तों ने सहयोग किया। एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त नसीम खान ने पूछताछ पर बरेली शहर के कई और ड्रग तस्करों के नाम भी बताए है।

इनामी बदमाश चढा पुलिस के हत्थे

0

उधमसिंह नगर। कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने थाना भोजपुर से पांच हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 315 बोर के तमंचे के एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया।

दरअसल, कटोराताल चौकी इंचार्ज दिनेश बल्लभ रात के वक्त टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें मानपुर रोड स्थित स्टेडियम तिराहे के पास एक संदिग्ध युवक नजर आया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी में आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सदाकत है जो मुरादाबाद के भोजपुर का रहने वाला है। एसएसआइ वीसी रमोला ने बताया कि सदाकत के विरुद्ध थाना भोजपुर में दर्जनों लूट के मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही थाना भोजपुर से आरोपी को पांच हजार का इनामी बदमाश भी घोषित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भोजपुर पुलिस को सूचित किया जा रहा है कि पांच हजार के ईनामी सदाकत को गिरफ्तार कर लिया है।

223 अनुबंधित जेई की छुट्टी, होगी नियमित भर्ती

0

पेयजल निगम प्रबंधन कड़ा कदम उठाते हुए दो साल पहले निगम में रखे 223 अनुबंधित जूनियर इंजीनियरों की छुट्टी करने का निर्णय ले लिया है। इसके बाद अब पेयजल निगम ने उनके स्थान पर नियमित जूनियर इंजीनियरों की नियुक्ति करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पेयजल निगम ने दो साल पहले चंडीगढ़ की एक प्राइवेट कंपनी से अनुबंध के आधार पर निगम में दो साल के लिए 223 जूनियर इंजीनियरों को नियुक्ति दी थी। डेढ़ साल पूरे होने के बाद प्रबंधन ने उक्त इंजीनियरों के कार्य को परखा तो पता चला कि वह तकनीकी रूप से कमजोर हैं। इसके बाद प्रबंधन ने दो माह पहले उक्त इंजीनियरों का अनुबंध समाप्त करने का फैसला लिया लेकिन इसके बाद प्रबंधन ने इनकी नियुक्ति पर फिर से विचार किया।

 पेयजल निगम प्रबंधन ने उक्त इंजीनियरों पर अंतिम फैसला कर लिया है। जारी आदेशों के अनुसार आगामी 30 सितंबर को सभी इंजीनियरों का अनुबंध समाप्त कर दिया जाएगा चूंकि पेयजल निगम फिलहाल जूनियर इंजीनियरों की कमी से जूझ रहा है तो इसके चलते निगम ने अब अधीनस्थ चयन आयोग के जरिये नियमित जेई नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए निगम की ओर से आयोग को पत्र भी जारी किया जा चुका है।

उधर, पेयजल निगम की ओर से अनुबंध समाप्त करने के फैसले से निगम में काम कर रहे अनुबंधित जूनियर इंजीनियर विरोध में उतर आए हैं। पूर्व में भी उक्त जेई के प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी स्थिति में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। अब भी संगठन ने कहा है कि यदि उन्हें हटाया गया तो वह इसका विरोध करेंगे। पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक भजन सिंह ने कहा कि अनुबंधित जेई के कार्य का परीक्षण किया, जिसमें उनका कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इस कारण प्रबंधन ने उक्त लोगों का अनुबंध आगे न बढ़ाने का निर्णय लिया है।