Page 473

20 अक्टूबर को बंद होंगे गंगोत्री के कपाट

0

उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त भी तय हो गया है। धाम के कपाट चार गते यानी 20 अक्टूबर को धनु लग्न व अभिजित नक्षत्र के संयोग में सुबह 11.40 बजे बंद किए जाएंगे। इसके बाद देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में उनके दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि श्री बदरीनाथ, केदारनाथ व यमुनोत्री धाम के कपाट बंद की तिथि व मुहूर्त वियजादशमी पर्व पर तय हो चुके हैं।

गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त सोमवार को तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में निकाला गया। इसके बाद मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने कपाट बंद होने के शुभ मुहूर्त की औपचारिक घोषणा की।

सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम के कपाट भैयादूज के पहले दिन अन्नकूट के अवसर पर बंद होते हैं। बताया कि 20 अक्तूबर को सुबह 8.30 बजे मां गंगा का मुकुट उतारा जाएगा और फिर निर्वाण दर्शन होंगे। मंत्रोच्चार के बीच मां की मूर्ति के महाभिषेक के बाद हवन, पूजा-अर्चना के साथ कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

इससे पूर्व मां गंगा की उत्सव डोली को मंदिर परिसर से बाहर निकाला जाएगा। इसमें मां सुबह 11.55 बजे अपने शीतकालीन पड़ाव मुखवा के लिए प्रस्थान करेंगी। रात्रि विश्राम चंडेश्वरी देवी मंदिर (मार्कंडेय मंदिर) में करने के बाद 21 अक्तूबर को डोली मुखवा पहुंचेगी। मुखवा में मेहर रेजीमेंट का बैंड मां की आगवानी करेगा।

मासूम से दुष्कर्म का प्रयास, लोगों ने आरोपी को पकड़कर धुना

0

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि कोटद्वार में एक मासूम बच्ची को भी एक व्यक्ति ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों एवं हिन्दूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की। उसके बाद पुलिस को सौंप दिया।

कोटद्वार के आमपड़ाव -मानपुर में नाई की दुकान करने वाले रियाजुद्दीन ने चार साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसका पता चलते ही गांव वालों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसे जमकर पीटा। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली उप-निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

दो दिवसीय जनपद स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता संपन्न

0

गोपेश्वर। क्रीड़ा विभाग चमोली द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में आयोजित बालक व बालिकाओं की दो दिवसीय टेबल टेनिस (टीटी) प्रतियोगिता संपन्न हो गई है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न बालक एकल वर्ग की टीटी प्रतियोगिता के कैडेट एकल वर्ग में फाइनल मैच में क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैण के तनिष्क खेतवाल ने उत्तराखंड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के पीयुष पंवार को 11-06, 11-07 से पराजित किया, सब-जूनियर के फाइनल मैच में उत्तराखंड पब्लिक स्कूल के अनमोल तिवाड़ी ने आदर्श विद्या मंदिर गोपेश्वर के हर्षित ध्यानी को 11-09, 05-11 एवं 11-09 से पराजित किया। जबकि जूनियर एकल वर्ग के फाइनल में उत्तराखण्ड पब्लिक स्कूल के आदित्य नेगी ने पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर के दिव्याशुं पुरोहित को 11-08 एवं 11-06 से पराजित कर बालक एकल वर्ग की जनपद स्तरीय टेबल-टेनिस प्रतियोगिता का खिताब अपने-अपने नाम किया।
इसी तरह बालिका कैडेट एकल वर्ग के फाइनल मैच में जीजीएचएस नैग्वाड की दीक्षा शाह ने उत्तराखंड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की स्नेहा नेगी को 11-07 एवं 11-08 से पराजित किया, सब-जूनियर एकल वर्ग के फाइनल मैच में नेशनल पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की पूनम चौधरी ने उत्तराखंड पब्लिक स्कूल गोपेश्वर की रुचि राणा को 11-06 एवं 11-10 से पराजित किया। जबकि जूनियर एकल वर्ग के फाइनल में आर्दश विद्या मंदिर गोपेश्वर की अनामिका गडिया ने जीजीएचएस नैग्वाड की अंजलि को 11-06 एवं 11-07 से पराजित कर बालिकाओं की टेबल-टेनिस प्रतियोगिता के खिताब अपने-अपने नाम किए।
फाइनल मैचों में निर्णायक की भूमिका में रिया डिमरी, संतोषी नेगी, प्रकाश सती, संतोष सती एवं लता झिक्वांण रहे। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सहायक निदेशक मत्स्य जीएस बिष्ट तथा मनरेगा लोकपाल शेखर रावत द्वारा संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया।

चाइनीज उत्पादों के बहिष्कार के लिए संघ समविचारी मंच चला रहा अभियान

0

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित संगठन स्वदेशी जागरण मंच सहित अन्य हिन्दू संगठनों द्वारा दीपावली पर चायनीज सामानों के बहिष्कार के लिए जनजागरूकता अभियान चला कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
स्वदेशी जागरण मंच के प्रदेश संयोजक सुरेन्द्र सिंह ने एक भेटवार्ता में बताया कि मंच की ओर से राज्य भर में चीनी उत्पादों के विरोध में अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चीन की चुनौती और हमारा कर्तव्य नाम की पुस्तक को वितरणा कर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
देहरादून सहित अन्य शहरों में चाइनीज सामानों के बहिष्कार के लिए जगह-जगह अभियान चलाकर लोगों को चाइनीज गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सामानों के साथ-साथ देश के प्रति चीनी चाल के बारे में लोगों को बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजार में जाकर व्यापारियों से भी बात की जा रही है कि विदेशी उत्पादों की बिक्री न करें। यदि स्वदेशी सामान की बिक्री बढ़ेगी तो इससे रोजगार में इजाफा होगा। स्वदेशी उत्पादों के कारोबार में भी इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी हिन्दू संगठनों द्वारा दिपावली में चाइनीज उत्पादों को लोगों से खरीददारी नही करने की अपील की गई थी जिसका असर व्यापार पर पड़ा था। इस वर्ष भी पहले से ही व्यापारियों को आगाह किया जा रहा है कि चाइनीज सामनों को बाजार न लाए।
चाइनीज उत्पादों को लेकर हिन्दू संगठनों द्वारा जगह-जगह चानइीज उत्पादों का पूतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ ही चाइनीज सामानों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी जा रही है। खासतौर पर दिवाली पर चाइनीज लड़ियों व पटाखों को लेकर विशेष जानकारी दी जा रही है। शहरों में कैंडल मार्च सहित पुस्तकों के माध्यम से विदेशी सामानों के बहिष्कार के लिए मुहिम चलाया जा रहा है। इसके लिए संघ की ओर से युवाओं को अधिक-अधिक से प्रेरित करने पर ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है। इसके लिए नगर के कॉलेजों, चौक चौराहे पर विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि चाइनीज सामान का बहिष्कार करें।

खुदाई कार्य से जानलेवा बनी सड़क

0

ऋषिकेश। शहर के परशुराम चौक स्थित सोमेश्वर मंदिर रोड व पुरानी चुंगी हरिद्वार रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर खुदाई के चलते बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जो वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। खासकर भारत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए लगातार समस्या बनी हुई है।
स्थानीय प्रशासन और कार्यदायी संस्था के अधिकारी सड़क से जुड़ी हर समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं। हनुमन्त नगर निवासी कृष्ण किशोर सचदेवा का कहना है कि खुदाई के चलते सड़कें जानलेवा बनी हुई हैं। दुर्घटना के पश्चात होने वाली श्रद्धांजलि सभा व कैंडल मार्च से पूर्व समस्या का समाधान करना चाहिए। वहीं, अजय कथूरिया एडवोकेट ने भी पालिका अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर सड़क निर्माण शीघ्र किये जाने की मांग की है।

परिणीती चोपड़ा संग अक्षय कुमार

0

करण जौहर और सलमान खान की प्रोडक्शन कंपनियो द्वारा पार्टनरशिप में बनाई जाने वाली अक्षय कुमार की फिल्म के बंद होने की अटकलों और चर्चाओं के बीच इसे लेकर दो अहम जानकारियां मिली हैं। पहली जानकारी ये है कि इस फिल्म में परिणीती चोपड़ा होंगी, जिनकी जोड़ी पहली बार अक्षय कुमार के साथ बनेगी। दूसरी जानकारी ये है कि जनवरी से इस फिल्म की शूटिंग शुरु हो जाएगी। इन दोनों जानकारियों के बाद इस फिल्म के बंद हो जाने या सलमान खान द्वारा इससे अलग होने की अटकलें खारिज हो जाती हैं। इस फिल्म के बंद होने की बार बार चर्चाएं इसलिए होती है, क्योंकि सलमान के करीबी दोस्त कहे जाने वाले अजय देवगन भी इसी कहानी पर फिल्म बनाना चाहते हैं और अजय ने सलमान से कहा था कि वे अपनी फिल्म को न बनाएं पहले कहा जा रहा था कि अजय से दोस्ती के चलते सलमान इस फिल्म से अलग हो गए हैं और करण जौहर भी पीछे हट गए हैं, लेकिन अक्षय कुमार ने इन अटकलों को निराधार बताते हुए खबर दी है कि जनवरी से ये शुरु हो जाएगी। ऐसा लगता है कि अजय शायद अपने कदम पीछे हटा लें, क्योकि वे कह चुके हैं कि उनकी फिल्म को शुरु होने में दो से तीन साल लग जाएंगे। इसी फिल्म की कहानी पर रणदीप हुड्डा के साथ राजकुमार संतोषी भी फिल्म बना रहे हैं। ये तीनों ही फिल्में 18वीं सदी के सरागढ़ी युद्ध के नाम से प्रसिद्ध सैन्य टकराव पर हैं, जब सिखों की एक छोटी सी टुकड़ी ने दुश्मनों की बड़ी फौज का मुकाबला किया था।

तो जानिए किस फिल्म में होगी प्रधानमंत्री मोदी की आवाज

0

मुंबई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को अब परदे पर लाने की तैयारियां हो रही हैं और इसका सबसे बड़ा आकर्षण ये रहेगा कि इस फिल्म में प्रधानमंत्री की आवाज भी होगी। मिली सूचना के मुताबिक, इस योजना के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की पत्नी अमृता फड़नवीस भी जुड़ेंगी और वे इसका संगीत तैयार करेंगी। रामकुमार शेड्गे इसका निर्देशन करेंगे। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर सुनील शेट्टी, तमन्ना भाटिया और बाल कलाकार सनी पवार (लायंस फेम) होंगे और उनके साथ श्रीश्रीरविशंकर तथा पांडिचेरी की राज्यपाल किरण बेदी की भी झलकियां होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश उनकी आवाज में होगा, जो इस फिल्म का अहम हिस्सा होगा। कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री विशेष रुप से इस फिल्म के लिए अपनी आवाज में ये संदेश रिकार्ड करेंगे। इस प्रोजेक्ट का नाम एबीसी रखा गया है। इसे 14 भाषाओं में डब किया जाएगा और सभी स्कूलों में इसका प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही इसे जर्मन और फ्रेंच फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाया जाएगा।

यहा देखें पद्मावती में रणबीर सिंह का खिलजी लुक

0

मुंबई। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती में मुगल राजा अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे रणबीर सिंह का इस फिल्म में पहला लुक कल देर रात जारी हो गया। एक साथ जारी दो चित्रों में रणबीर सिंह खूंखार लुक में नजर आ रहे हैं। पद्मावती में यही वो किरदार है, जिसे लेकर विवाद चल रहा है। खास तौर पर राजस्थान के राजपूती समाज से जुड़े संगठन खिलजी के साथ महारानी पद्मावती के प्रेम प्रसंग का कड़ा विरोध कर रहे हैं। इसी विरोध के चलते जयपुर में फिल्म के सेट पर तोड़फोड़ की गई और भंसाली के साथ भी बदसलूकी की गई। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भी फिल्म के सेट पर आगजनी हुई। भंसाली की टीम ये सफाई दे चुकी है कि फिल्म में ऐसा कोई सीन नहीं है, जिसमें किसी की भावनाओं को कोई ठेस पंहुचे। अब तक इस फिल्म से जुड़े पद्मावती (दीपिका पादुकोण) और महाराजा रतन सिंह (शाहिद कपूर) के बाद अब खिलजी (रणबीर सिंह) का लुक सामने आ गया है। कहा जा रहा है कि अंतिम लुक के तौर पर पर अब फिल्म मे खिलजी की जोड़ीदार अदिति राव हैदरी (जिनको हाल ही में संजय दत्त के साथ फिल्म भूमि में देखा गया) का लुक आने की संभावना हैं। ये फिल्म आगामी 1 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है।

हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बत्र्वाल स्मृति मेले का पर्यटन मंत्री ने किया उद्घाटन

0

चमोली जिले के पोखरी में हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बत्र्वाल की स्मृति में आयोजित 5 दिवसीय खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव मेले का शुभांरभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। मेले का उद्घाटन उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चंद्रकुंवर बत्र्वाल के चित्र पर माल्यापर्ण व दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं सूबे के कबीना मंत्री सतपाल महराज ने कहा कि हिमवंत कवि चन्द्र कुंवर वत्र्वाल द्वारा रचित कविताओं का संस्कृति विभाग से प्रकाशन कराकर लाइब्रेरियों में उपलब्ध कराया जायेगा, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके द्वारा रचित कविताओं काे पढ़कर प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि भगवान कार्तिक स्वामी मंदिर को पांचवें धाम की रूप में विकसित किया जायेगा, जिसके लिए रज्जु मार्ग तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोगों को पहाड़ पर ही रोजगार मिले, इसके लिए कई पर्यटक स्थलों को विंटर डेस्टिनेशन की तर्ज पर तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। औली व गोरसों को शीतकालीन खेलों के आयोजन के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रदेश को धार्मिक व एडवेंचर के रूप में विकसित किया जायेगा।
कबीना मंत्री ने कहा कि पहाड़ी खाने को भी बढ़ावा देने हेतु कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत मंडुवे की रोटी, कंडाली का साग, अरसे आदि को मार्केट में पहुंचाया जायेगा ताकि पर्यटक इन व्यंजनों का आनंद ले सकें और प्रदेश के लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को होमस्टे योजना से जुड़ने को कहा ताकि पर्यटकों के लिए मूलभत सुविधाएं मिल सके। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि हिमवंत कवि के नाम से पोखरी मेले का आयोजन कर प्रसिद्ध हिमवंत कवि को सम्मान देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि मैं गोधन, बकरी पालन तथा सब्जी उत्पादन करने वाले परिवारों का सम्मान करता हूं।
इस अवसर पर कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, नगर पंचायत अध्यक्षा सुशीला रावत, ब्लॉक प्रमुख विनिता देवी, जिप सदस्य ऊषा रावत, भागीरथी कुंजवाल, चंद्रकला खंडूरी मेलाधिकारी-उपजिलाधिकारी केएन गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

इरादे हों तो गुलवीर जैसे

0

हल्द्वानी। इरादे मजबूत और हौसले बुलंद हों तो कोई भी मुश्किल बाधा नहीं बनती। ऐसा जज्बे के साथ आगे बढ़ रहे हैं दिव्यांग गुलवीर भाटी। दिल्ली निवासी गुलवीर हंस फुटबाल क्लब चलाते हैं। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कार्यरत गुलवीर फुटबाल के बेहतरीन डिफेंडर थे। इसी वजह से 1992 में उनका चयन एम्स फुटबाल टीम में हुआ। वर्ष 2001 में हुए सड़क हादसे ने उनके जीवन को बदल दिया। फुटबाल का बेहतरीन खिलाड़ी हमेशा के लिए व्हील चेयर पर आ गया। हादसे के बाद गुलवीर का खेलना तो बंद हो गया, लेकिन दिल में अब भी फुटबाल ही बसती है। इसलिए अपनी एम्स टीम के मैनेजर बन गए। 2006 में गुलवीर ने हंस क्लब नाम से अपनी फुटबाल अकादमी शुरू कर दी। वह खुद खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देते हैं। हमेशा व्हीलचेयर पर रहने वाले 43 वर्षीय गुलवीर भाटी को पत्नी रजनी भाटी बहुत सहयोग करती हैं। बेटा अमन भाटी भी उनके क्लब से खेलता है।

हंस क्लब की टीम आजकल हल्द्वानी में ऑल इंडिया यूथ फुटबाल टूर्नामेंट खेलने पहुंची है। टीम के साथ पहुंचे गुलवीर ने बताया कि जब वह खिलाड़ियों को मैदान में खेलते देखते हैं तो उन्हें लगता है कि वह खुद खेल रहे हैं। उनके क्लब में 25 युवा ट्रेनिंग ले रहे हैं। गुलवीर का सपना है कि उनके बच्चे एक दिन देश के लिए खेलें।

गुलवीर भाटी के नेतृत्व में हंस फुटबाल क्लब की टीम दिल्ली, हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में खेल चुकी है। हल्द्वानी में होने वाले हाइलैंडर कप, नैनीताल में होने वाले ऑल इंडिया रामपुर फुटबाल चैलेंजर कप में भी हिस्सा ले चुके हैं। नैनीताल में तीन, हल्द्वानी में दो बार टीम सेमीफाइनल में पहुंची है।