Page 216

सीएम ने विभिन्न योजनाओ का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

0

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लाक के तहसील मुख्यालय में आयोजित गेंद मेला (गेंदी कौथिग) का समापन समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 3099.26 लाख रुपये की लागत से निर्मित लक्ष्मणझूला-रथुवाढाब-धुमाकोट मोटर मार्ग समेत विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने 364.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सैंज-चुबयानी-गुमाल गांव-बुधौली के 7 किमी मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने थलनदी गेंद मेले को राजकीय मेला घोषित करने समेत आठ घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में प्रकाश पांडे मामले पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार के प्रकरणों में सरकार कोई अनुदान नहीं देगी।
सोमवार को ब्लाक के थलनदी में आजमीर विकास समिति की पहल पर आयोजित गेंद मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ने पहाड़ों में इस प्रकार को कौथिगों व मेलों को राज्य के पारम्परिक कौथिक बताया। उन्होंने प्राचीन समय में इस प्रकार के कौथिकों को महत्व पर रोशनी डाली। कहा कि राज्य में इन मेलों व कौथिगों को देश विदेश में विशेष महत्व दिया दिया जाता है। पहले के समय में कौथिगों व मेलों के द्वारा व्यापारिक गतिविधियां भी खूब चलाई जाती थी। मुख्यमंत्री ने गेंद मेले की स्थापना व उसके उद्देश्यों पर भी रोशनी डाली। उन्होंने मेला समिति की ओर से लोक परंपराओं को बचाने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को सराहनीय बताया। मुख्यमंत्री ने जन कल्याण के लेकर विभिन्न सड़क योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने यमकेश्वर तहसील के आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 32.86 लाख, ग्राम सकुनियल से भूड़गांव तक स्वैच्छिक श्रमदान से निर्मित चार किमी मोटर मार्ग, लक्ष्मणझूला-रथुवाढाब-धुमाकोट मोटर मार्ग के कुल 70 किमी मार्ग के पुनर्स्थापना एवं पुनरुद्धार के लिए 2969.10 लाख रूपये तथा एससीएसपी योजना के तहत 56 किमी दुगड्डा-लक्ष्मणझूला-बैराज से गाजसेरा तक 97.30 लाख रुपये से निर्मित चार मोटर मार्ग का लोकार्पण और सैंज-चुबयानी-गुमाल गांव-बधोली तक सात किमी मोटर मार्ग का 364.30 लाख रुपये के कार्यो का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सुप्रसिद्ध थलनदी गेंद मेले को राजकीय मेला घोषित करने, बीन नदी में पुल निर्माण करने, शीला-चंडई मोटर मार्ग का निर्माण करने,सोलर फेंसिंग 25 किमी, यमकेश्वर के लिए एक अतिरिक्त 108 एम्बुलेंस सेवा, नीलकंठ में अपर स्टोरी पार्किंग, बिथ्यानी में महंत अवैद्यनाथ की मूर्ति स्थापना तथा बुकंदी-विन्ध्यवासिनी मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिनों हल्द्वानी के जहर खाकर आत्महत्या करने वाले प्रकाश पांडे प्रकरण पर खेद जताया। कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से लोगों में आत्महत्या का प्रयास करने तथा अपनी बात मनवाने का भी प्रचलन बढ़ रहा है। जो कि चिंताजनक है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के लिए प्रदेश सरकार कड़े कदम उठाएगी तथा भविष्य में इन प्रयासों के लिए सरकार कोई भी अनुदान या मुआवजा प्रदान नहीं करेगी।

उपनल के माध्यम से भर्ती का विरोध, इंजीनियरों ने किया सचिवालय कूच

0

देहरादून। बेरोजगार इंजीनियर समिति के तत्वावधान में इंडियन इंजीनियर सोसायटी एंड डिप्लोमा इंजीनियर संगठन ने जूनियर एवं सहायक इंजीनियर की भर्ती उपनल के माध्यम से कराने के विरोध में सचिवालय कूच किया। हालांकि पुलिस ने बेरिकेटिंग लगाकर सचिवालय से पहले सुभाष रोड पर रोक लिया। वहीं, छात्र-छात्रों ने बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सोमवार को समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि कई बार सरकार के सामने यह प्रस्ताव रखा गया कि आउट सोर्सिग द्वारा रिक्त पदों पर भर्ती न की जाए। इसके बाद भी सरकार बेरोजगारों के हितों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से रिक्त पदों को अस्थाई रूप से भरने का काम रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार इंजीनियर अपनी मांगों को लेकर पिछले कई वर्षों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। जिससे छात्र-छात्रों में रोष है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उत्तराखंड राज्य की उन्नति को ध्यान में रखते हुए इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नियमित रूप से रिक्त पदों को आयोग द्वारा भरा जाए। इससे पहले भी सरकार द्वारा नवंबर 2017 में भर्ती करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन सरकार अपने वादे से पलट गई और सभी विभागों में आउटसोर्स द्वारा भर्ती की जा रही है, जिसमें काफी समय से इंतजार कर रहे युवाओं के साथ सरकार ने बड़ा धोखा किया है। यदि सरकार द्वारा बेरोजगार इंजीनियर की जल्द भर्ती नहीं की जाती तो आगामी एक फरवरी से संघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह एवं अन्य बेरोजगार इंजीनियर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे, जिसकी जिम्मेदार पूर्ण रूप से सरकार होगी। इस दौरान कुलदीप चौहान, सरवीन राणा, नवीन चौहान, कुलदीप राठौर, कपिल राठौर, महेंद्र, अरविंद आदि उपस्थित रहे।
इंजीनियरों की मांग: जूनियर इंजीनियर की भर्ती उपनल द्वारा बंद कराई जाए। सभी विभागों में अस्थाई भर्ती आयोग द्वारा कराई जाए।
आयोग के लिए भर्ती के लिए समय सीमा तय हो। सभी इंजीनियरिंग के पदों को मैरिट एवं इंटरव्यू के माध्यम से भरा जाए। उत्तराखंड में भविष्य में संविदा व उपनल से इंजीनियरिंग के कोई पद न भरे जाएं। आईटीआई संस्थानों में प्रवक्ता के पदों को नियमित रूप से भरा जाए।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

0

हरिद्वार,  पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसका नाम समीर है। वह पेशे से वाहन चालक बताया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी समीर, पुत्र असलम, निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर ने एक युवती को बहला-फुसलाकर प्रेमजाल में फंसा लिया था। समीर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।

पीड़िता ने इस बात की जानकारी परिजनों को दी तो परिजनों ने पुलिस को बताया। पुलिस ने आरोपी समीर के खिलाफ मामला दर्ज करा उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी समीर पेशे से वाहन चालक बताया गया है। वह कई साल से पीड़िता को शादी का झांसा दे रहा था।

मकर संक्रांति के बाद देवभूमि में बदला मौसम

0

ऋषिकेश, लोहड़ी और मकर संक्रांति के बाद मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। सुबह आठ बजे सूर्यदेव निकले और उनकी किरणों ने धरती पर अपनी चमक बिखेरी तो एकाएक सर्दी शरमा गई। दिन के समय ऐसा लगने लगा, मानो सर्दी गायब हो गई। पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड से परेशान लोगों को सुबह से निकली धूप ने राहत दी।

तीर्थ नगरी में मौसम के बदलते मिजाज से सोमवार को पौराणिक मान्यताएं सच साबित होती दिखी। लोहड़ी और मकर सक्रांति का पर्व के एक दिन बाद ही ऋतु परिवर्तन की आहट लोगों को लगने लगी है। कड़ाके की ठंड और कोहरे से पिछले कई दिन से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था।सोमवार को सुबह से खिली धूप से लोगों को काफी राहत मिली और लोग समय से अपने काम पर निकले। घरों में महिलाओं ने अपना काम निपटाया और उसके बाद वह छत पर ही बैठी नजर आईं।

शहरी क्षेत्र से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूप निकलने से किसानों ने जमकर खेती का काम किया। एम्स हॉस्पिटल सहित ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में वार्ड में ठंड से परेशान मरीज भी धूप देखकर बाहर निकल आए। वह अस्पताल परिसर में धूप में बैठे रहे। ठंड से पशु-पक्षियों ने भी राहत की सांस मिली है।

आईएमए को बाईपास बनाने की कसरत तेज

0

देहरादून, भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) की पासिंग आउट परेड (पीओपी) के दौरान पांवटा साहिब राजमार्ग को कई दिनों तक दिन में यातायात के लिए बंद कर दिया जाता है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग के वाहनों को किसी तरह तंग गलियों से गुजारा जाता है। पीओपी के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए यहां अंडरग्राउंड टनल बनाने की योजना तो परवान नहीं चढ़ पाई, लेकिन आइएमए को बाईपास करने की एक नई योजना पर काम शुरू किया गया है। यह योजना है कि कौलागढ़, बाजावाला, मसंदावाला, फुलसैनी, नंदा की चौकी डबल लेन मार्ग निर्माण की जाए।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप इस सड़क का निर्माण किया जाना है और लोनिवि प्रांतीय खंड ने प्रथम चरण के कार्य (जमीन अधिग्रहण) की स्वीकृति को प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।  प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एएस भंडारी के मुताबिक, यह मार्ग करीब डबल लेन होगा, जबकि अभी यह मार्ग महज सिंगल लेन और कहीं पर इसकी चौड़ाई सिंगल लेन के अनुरूप भी नहीं है। ऐसे में यह बल्लूपुर चौक से प्रेमनगर से आगे नंदा की चौकी तक जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की शक्ल नहीं ले पा रहा। जैसे ही शासन से प्रथम चरण की स्वीकृति मिल जाएगी, जमीन अधिग्रहण और डीपीआर बनाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

20 हजार की आबादी को सीधा लाभ: पांवटा साहिब जाने या वहां की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए तो यह वैकल्पिक मार्ग का काम करेगा ही, इससे बाजावाला, मसंदावाला, फुलसैनी, जामुनवाला, आमवाला, नंदा की चौकी क्षेत्र की करीब 20 हजार की आबादी को सीधा लाभ भी मिलेगा। साथ ही इस मार्ग पर हरियाली की भी भरमार है। लिहाजा, पर्यटकों के लिहाज से भी मार्ग पर आवाजाही बढ़ सकती है, जिससे मुख्य मार्ग पर वाहन दबाव भी कम हो सकेगा।

अभी निजी वाहन ही विकल्प: इस मार्ग पर आवागमन के लिए लोग अभी निजी वाहन पर ही निर्भर रहते हैं। मार्ग के डबल लेन बन जाने के बाद मार्ग को पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए भी अधिकृत कर दिया जाएगा।

एक किलोमीटर कम होगी दूरी: वर्तमान में यदि बल्लूपुर से नंदा की चौकी जाने की बात करें तो यह दूरी करीब 11 किलोमीटर की है।जबकि नंदा की चौकी आने-जाने के लिए बनने वाले डबल लेन वैकल्पिक मार्ग की दूरी लभगभ 10 किलोमीटर रहेगी। मार्ग के प्रारंभिक इस्टीमेट में इसकी लागत 25.39 करोड़ रुपये आंकी गई है, हालांकि समय के साथ इसमें बदलाव संभव है। 

खेलमंत्री ने किया खेलो इंडिया गीत का शुभारम्भ

0

नई दिल्ली, खेलों के क्षेत्र में सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “खेलो इंडिया स्कूल गेम्स” की शुरूआत 31 जनवरी से शुरू हो रही है। एक कार्यक्रम में खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खेलो इंडिया गीत का शुभारम्भ किया। गीत का संकलन ओगिलवी द्वारा किया गया है। गीत को लूइस बैंक द्वारा कंपोज किया गया है। गीत के बोल “और खेलना चाहते हैं हम,खूब खेलो साथ में हैं हम” है।

इस अवसर पर खेलमंत्री ने कहा कि भारत में खेल की प्रतिभाएं काफी हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन, खुराक और मौका न मिलने की वजह से वह दम तोड़ देती हैं, खेलो इंडिया स्कूल गेम्स योजना से ऐसी ही प्रतियोगिताओं को हम आगे लाएंगे।

खेलमंत्री ने कहा कि, “हम इन खेलों से प्रतिवर्ष एक हजार खिलाड़ियों को चुनेंगे 8 साल तक प्रत्येक वर्ष 5 हजार रूपये प्रतिमाह देंगे। हमारा लक्ष्य 5 साल में पांच हजार खिलाड़ियों को चुनने का है और उन्हें प्रशिक्षित कर देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतने का सपना पूरा करना है।” 

उन्होंने कहा कि, “खेलो इंडिया केवल सरकार की योजना ही नहीं बल्कि पूरे देश की है और यदि यह योजना सफल होती है तो हम इसे 12 वर्ग की आयु से शुरू करेंगे।”

बता दें कि “खेलो इंडिया स्कूल गेम्स” फिलहाल अंडर-17 वर्ग से शुरू हो रही है। 

जनरल रावत के बयान से भड़का चीन

0

बीजिंग , भारतीय सेना प्रमुख बिपिन रावत के बयान से चीन भड़क गया है। उसका कहना है कि जनरल का बयान से दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ेगा और सीमा पर स्थिति बिगड़ेगी।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने जनरल बिपिन रावत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले एक साल में भारत और चीन के संबंधों में काफी उतार-चढ़ाव बना रहा है। लेकिन पिछले साल सितंबर में ब्रिक्स सम्मेलन के इतर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात में रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने के लिए उनमें आम राय बनी थी।

प्रवक्ता ने कहा कि ऐसी कोशिशों के बीच भारत के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से ऐसी टिप्पणी रचनात्मक नहीं है। यह बातचीत की प्रक्रिया को पटरी से उतार सकती है, इससे सीमा पर शांति बनाए रखने की प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है।

लू ने कहा कि चीन और भारत अहम पड़ोसी हैं, वे राष्ट्रीय विकास एवं उत्थान के निर्णायक चरण में हैं। दोनों देशों को सामरिक संवाद बढ़ाना चाहिए, सामरिक संदेह दूर करना चाहिए और सामरिक सहयोग संचालित करना चाहिए।

प्रवक्ता ने कहा, “हम भारतीय पक्ष से अपील करते हैं कि वह दोनों नेताओं की ओर से बनी आम राय के बाद के कदमों पर काम करे ताकि सीमाई इलाकों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के उपाय किए जा सकें और ऐसी चीजों से परहेज किया जाए जिससे हालात जटिल होते हों। जरूरी मामलों को रचनात्मक तरीके से संभाला जाए और द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास को बढ़ावा दिया जाए। इससे समूचे क्षेत्र एवं भारतीय पक्ष के साझा हित सधेंगे।

एक सवाल के जवाब में लू कांग ने जनरल बिपिन रावत के बयान का हवाला देते हुए कहा कि डोकलाम पर चीन का रुख साफ है। डोकलाम चीन का हिस्सा है और हमेशा चीन के अधिकार क्षेत्र में रहा है।

विदित हो कि दो दिन पहले ही जनरल बिपिन रावत ने कहा था कि, “भारत को पाकिस्तान के साथ लगती सीमा के साथ-साथ पूर्वी सीमा पर भी ध्यान देने की जरूरत है।” उन्होंने कहा, “कि चीन अगर मजबूत है तो भारत भी अब कमजोर नहीं है। भारत अपनी सीमा पर किसी भी देश को अतिक्रमण नहीं करने देगा।”

दो महिलाएं गिरफ्तार, 20 लीटर अवैध शराब बरामद

0

गोपेश्वर, चमोली थाना कोतवाली पुलिस ने सैकोट में छापेमारी के दौरान दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई है। कच्ची शराब बनाने की दो भट्टियों के साथ ही कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त 1500 लीटर लाहन मौके पर नष्ट कर दिया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी दीपक रावत ने बताया कि रविवार की देर शाम पुलिस टीम ने सैकोट क्षेत्र में छापेमारी की। दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई है। शराब बनाने की दो भट्टियों के अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले 1500 लीटर लाहन भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

धर्म नगरी में खूब बिक रही है अवैध शराब पुलिस ने 7 पेटी के साथ किया दो तस्करों को गिरफ्तार

0

ऋषिकेश, पुलिस ने 7 पेटी देशी शराब के साथ दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 7 पेटी शरावब व एक कार बरामद की। शराब तस्करों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश कोतवाली के नेतृत्व में चलाए जा रहे चैकिंग अभियान के अंतर्गत जंगलात बैरियर देहरादून रोड से चैकिगं के दौरान पुलिस ने दो शराब तस्करों दिलशेर खान पुत्र अनीस खान,निवासी-44ध्6 गांधी रोड, तथा शिवा सिंह पुत्र राधेश्याम निवासी- सी 7 रिस्पना नगर नेहरू कॉलोनी,को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 7 पेटी अवैध देशी शराब जाफरान व टाटा इंडीगो कार बरामद की।

जनसुनवाई दिवस पर 32 शिकायतें दर्ज

0

रुद्रपुर, जनसुनवाई दिवस पर फरियादियों द्वारा कुल 32 शिकायतें दर्ज कराई गईं हैं। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण हेतु ई-मेल के माध्यम से कई शिकायतों पर कार्रवाई का विवरण 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हस्तान्तरित की गई समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करना सुनिश्चित कर कृत कार्रवाई से सम्बन्धित फरियादियों को भी अवगत कराना सुनिश्चित करें। साथ ही समय-समय पर क्षेत्र भ्रमण करते हुए अपने विभागों से सम्बन्धित जन समस्याओं का निराकरण करने के भी निर्देश दिए। जन सुनवाई में फरियादियों द्वारा कुल 32 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें अतिक्रमण हटवाने, अन्त्योदय राशन कार्ड बनवाने, कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने, जमीन का पट्टा दिलाने, फर्जी मुकदमें की जांच कराने आदि से सम्बन्धित प्रमुख समस्याएं दर्ज कराई गईं।