Page 155

वनाग्नि की घटना में शामिल व्यक्तियों पर करें कठोर कार्रवाई

0

टिहरी। जिलाधिकारी ने वनों में आग लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि वनाग्नि की घटना के दौरान वन सम्पदा की सुरक्षा के महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली वन पंचायतों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

सोमवार को डीएम सोनिका ने जिला सभागार में आयोजित वनाग्नि सुरक्षा समिति की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि वनों में लगने वाली आग से जहां वन सम्पदा को नुकसान होता है, वहीं पर्यावरणीय क्षति भी होती है। इसके लिए वन विभाग के अधिकारी अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था करने के साथ ही स्थानीय लोगों की भी मदद लेना सुनिश्चित करें। साथ ही आपातकाल के दौरान वन विभाग के पास संचार एवं सूचना की उचित सुविधा होनी चाहिए। ताकि घटना के समय नियंत्रण कक्ष को सूचना देकर आग को रोकने के लिए कार्रवाई की जा सके।
डीएम ने सभी ब्लॉकों व तहसील स्तर पर आम जनता के साथ समन्वय स्थापित कर आग को रोकने के लिए ग्राम स्तर पर समितियों को जागरुक करने की बात भी कही। बैठक में डीएफओ डॉ. कोको रोषे ने बताया कि जिले में संवेदनशीलता के आधार पर स्थलों का चयन किया गया है। साथ ही फायर लाईनों का रखरखाव, वायरलैस सैट, फायर कंट्रोल रुम तथा मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मौके पर डीएफओ नरेन्द्रनगर राहुल, सीओ हीरा सिंह रौथाण, एफएसओ धीरज तड़ियाल, ईई राकेश कुमार, वीके सिंह, बृजेश भट्ट, तेजराम सेमवाल, ईई सतीश नौटियाल, प्रेमदत्त डोभाल, लक्ष्मण सिंह सजवाण आदि उपस्थित थे। 

डीएम “इन एक्शन”: क्यों हुए यहां अध्यापक और लेखपाल निलंबित

0

(हरिद्वार) जिलाधिकारी दीपक रावत ने जिला मुख्यालय रोशनाबाद में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। जनता मिलन में कुल 24 फरियादियों ने अपनी समस्यायें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान शिकायत मिलने पर लेखपाल को डीएम ने निलंबित कर दिया। अधिकांश समस्यायें भूमि, बिजली, पानी, मिट्टी खदान से सम्बंधित थीं।
रतिराम सिंह ने अपनी 12 बीघा जमीन कई हिस्सों में बिखर जाने के कारण भूमि का सही ढंग से उपयोग न कर पाने की समस्या डीएम के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने जिला चकबंदी अधिकारी दीवान सिंह नेगी से भूमि की वर्तमान वास्तविक स्थिति जाननी चाही लेकिन जिला चकबंदी अधिकारी दीवान सिंह नेगी जनता मिलन कार्यक्रम की पूर्व सूचना के बाद भी बिना बताये उपस्थित पाये गये। समस्या चकबंदी विभाग से सम्बंधित होने के कारण समस्या निवारण मौके पर नहीं किया जा सका। 
जिलाधिकारी ने कहा कि पहले भी कई बार इस प्रकार गैर हाजिर रहने पर उक्त अधिकारी पर दण्डात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। इनकी कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए डीएम ने चकबंदी अधिकारी एसीआर में विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज किये जाने की बात कही।

वहीं भगवानपुर क्षेत्र से कुछ लोगों द्वारा जिलाधिकारी को फोन पर शिकायत दर्ज करायी गयी कि गांव खेड़ीशिकोहपुर प्राथमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक नरेंद्र तंवर तथा धीर सिंह सप्ताह में अधिकांश दिन विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। शिकायत की पुष्टि करते हुए डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी ब्रम्हपाल सैनी से आज की तिथि में इनके द्वारा दिया गया अवकाश प्रार्थना पत्र दिखाने को कहा लेकिन विद्यालय प्रधानाचार्य ने बिना प्रार्थना पत्र दिये दोनों अध्यापकों के अनुपस्थित होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सहायक अध्यापक नरेंद्र तंवर को निलम्बित किये जाने के आदेश दिये एवं दूसरे शिक्षक के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गयी।


टिहरी विस्थापित काॅलोनी निवासी श्यामसुंदर दास एवं जयकिशन ने काॅलोनी में पेयजल संकट की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। काॅलोनी वासियों ने बताया कि वह 300 रुपये प्रति माह की दर से पेजयल बिल का भुगतान काॅलोनी सोसायटी के अधिकारियों को करते हैं जिसकी रसीद भी दी जा रही है लेकिन उर्जा निगम का बिल बकाया होने के कारण विद्युत कनेक्शन काट दिये जाने के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित है। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता (विद्युत) से वास्तविक स्थिति की जानकारी लेनी चाही लेकिन वह भी जनता मिलन कार्यक्रम से बिना बताये अनुपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी ने अग्रिम आदेशों तक इनके वेतन पर भी रोक लगाने के आदेश दिये।

भोलाराम तिलकपुरी मजरा ग्राम समाज की जमीन पर पिछले दो साल से किसी व्यक्ति का कब्जा कराये जाने की शिकायत पर जिलाधिकरी ने निर्देश दिये कि शिकायत की जांच की जाये। यदि शिकायत सही पायी जाती है तो उक्त क्षेत्र के लेखपाल को निलम्बित किया जाये।

अगिनकांड पीड़ितों से मिले कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, बीजेपी पर साधा निशाना

0

उत्तरकाशी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सोमवार को मोरी ब्लॉक के सांवणी गांव में आग से प्रभावित हुए परिवारों से मिले। इस मौके पर उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाते हुए प्रभावित परिवारों के लिए 2 लाख पचास हजार की धनराशि दी। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पुरोला विधायक राजकुमार अग्निकांड से प्रभावित हुए ग्रामीणों की सुध लेने के लिए सड़क मार्ग से जाखौल पहुंच कर ग्रामीणों की पीड़ा को सुना।
प्रीतम सिंह ने क्षेत्र में आये दिन हो रहे अग्निकांड पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि गत 17 वर्षों में एक दर्जन से अधिक घटनायें क्षेत्र हुईं, जिसमें जनहानि के साथ पशु हानि हो रही है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिस प्रकार वर्ष 2012-13 की आपदा में केदारनाथ में आपदा प्रभावितों को मुआवजा राशि दी गई थी। उसी तर्ज पर अग्निकांड प्रभावितों को मुआवजा देने के लिए सीएम से वार्ता की जायेगी।
भाजपा सरकार के कथनी और करनी में फर्क: प्रीतम सिंह

प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य का विकास आपसी झगड़ों के चलते पूरी तरह बाधित है। जिससे जनता का सरकार से भरोसा उठने लगा है। टिहरी के जौनपुर ब्लॉक पहुंचे पीसीसी अध्यक्ष ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण पर कहा कि सरकार की कथनी व करनी में बड़ा अंतर है। भाजपा में चल रहे अंदरुनी झगड़े के कारण प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़ गया है। सरकार आजीवन सहयोग निधि के नाम पर खनन और शराब माफियाओं से पैसा एकत्र करने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुखिया किसानों और कारोबारियों की आत्महत्या को फैशन बता रहा है, जो कि प्रदेश के लिए दुर्भाग्य की बात है। पर्वतीय क्षेत्रों के छोटे-छोटे ठेकेदार अपनी आजीविका चलाने के लिए विभागों में छोटे-मोटे काम करते थे, लेकिन सरकार ने बड़े-बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचने के लिए ई-टेंडरिंग प्रक्रिया अपनाई है। जिससे छोटे ठेकेदारों की रोजी-रोटी छिन गई है। केंद्र सरकार देश के पड़े-लिखे बेरोजगार नौजवानों को पकोड़े तलने की नसीहत दे रही है। ये सरासर उन बेरोजगार नौजवानों के साथ भद्दा माजक है जो बड़ी-बड़ी डिग्रियां लेकर रोजगार की आस लगाए हुए हैं। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप कवि, जोत सिंह रावत, अमेंद्र बिष्ट, गंभीर सिंह रावत, गीताराम बिजल्वाण, देशपाल पंवार आदि मौजूद थे। 

इस स्कूली छात्रा ने ऐसा क्या मांगा मुख्यमंत्री से जो युवाओं के बारे में बहुत कुछ कह गया

0

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को पिथौरागढ़ में ’’आपकी राय-आपका बजट’’ कार्यक्रम के तहत आने वाले बजट के सम्बंध में महिलाओं से संवाद कर उनकी राय ली। इसी कार्यक्रम में पिथौरागढ़ के सरकारी स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ने वाली गरिमा मेहरा ने मुख्यमंत्री से जिले के विभिन्न स्थानों में डिजिटल लाइब्रेरी खोले जाने और स्मार्ट क्लाास शुरू किये जाने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने भी इस छात्रा के सुझाव पर महिलाओं से अपनी बातें सरकार तक पहुंचाने के लिये आईटी का इस्तेमाल करने को भी कहा। उन्होने कहा कि किसी भी प्रकार की कोई समस्या हो तो वह उनके फेसबुक पेज, अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी समस्यां उन तक पहॅंचाई जाये। सोशल मीडिया की ताकत बताते हुए सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से तीन दिन पहले एक शिकायत मिली पिथौरागढ़ के ही प्रकाश भट्ट ने की थी। इसमें बताा गया था कि उनकी बहन ने एअर होस्टिज की परीक्षा दी और उनसे पैसे लेने के बाद भी उन्हें दिल्ली में संस्थान द्वारा छला गया। इस बारे में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने तीन दिन के अंदर के अंदर ही सारे पैसे वापस दिला दिये गये।

CM Photo 03, dt.19 February, 2018

महिलाओं द्वारा दिये गये अन्य सुझावों में:

  • काश्तकार रेखा भंडारी द्वारा महिलाओं की किसान बही बनाये जाने,
  • गौडिया गांव की मंजू बिष्ट ने दूध के दाम बढ़ाये जाने और महिलाओं के लिये गौशाला का निर्माण किये जाने
  • इसी स्कूल की मुस्कान ने बोर्ड परीक्षा में परीक्षा केंद्र परिवर्तन होने पर बालिकाओं के लिये आवास और आवागमन की सुविधा मुहैया कराए जाने
  • कंचन जोशी द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा हेतु प्रत्येक बालिका इंटर काॅलेज में बस की सुविधा मुहैया कराए जाने
  • भारती पंत द्वारा शिक्षा को व्यवसायिक एवं रोजगार परक बनाए जाने,
  • शिक्षा जोशी द्वारा सरकारी विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशाला एवं अध्यापकों की तैनाती जैसे सुझाव दिये गये।

इसके अलावा विधवा पेंशन की राशि बढ़ाए जाने,  ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल एवं मार्ग निर्माण के साथ ही गर्भवती महिलाओं को आवश्यक सुविधा मुहैया कराए जाने, आशा कार्यकत्रिओं का मानदेय बढ़ाए जाने जासे सुझाव भी दिये गये।

महिलाओं द्वारा रखे गए सुझावों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि आगामी बजट जनता का बजट है जनता का बजट जनता से ही पूछकर बनाया जायेगा, आप द्वारा आज जो भी सुझाव रखे गए हैं निश्चित रूप से इन्हें आगामी बजट में रखा जाएगा।

निशंक को भूटान के प्रधानमंत्री ने खुशियां फैलाने के लिये दिया “हैप्पीनेस अवार्ड”

0

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने आज भूटान की राजधानी थिंपू में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं संसदीय समिति के अध्यक्ष डॉ निशंक को हैप्पीनेस अवार्ड से सम्मानित किया। डॉ. निशंक को सम्मान देते हुए प्रधानमंत्री शोरिंग तोबगे ने कहा कि आपने अपने साहित्य से, समाज सेवा से, राजनीतिक सेवा से विश्व में प्रसन्नता हैप्पीनेस को फैलाया है और आप हमारे हैप्पीनेस के ब्रांड एंबेसडर हैं। यह जानकारी डॉ. निशंक के ओएसडी अजय सिंह विष्ट ने दी। उन्होंने बतया कि भूटान के प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में डॉ निशंक को अपने साहित्य, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण के कार्यों द्वारा विश्व में प्रसन्नता बढ़ाने के लिए योगदान पर बधाई दी।
भूटान ने 70 के दशक में जीडीपी को विकास का आधार ना मानकर ग्रास हैप्पीनेस प्रोडक्ट यानी प्रसन्नता पर आधारित सूचकांक विकसित करने पर जोर दिया। डॉ निशंक ने भूटान में अपने आतिथ्य के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद अर्पित करते हुए भारत भूटान के सदियों पुराने संबंध की चर्चा की। डॉ निशंक ने हिमालय और पर्यावरण से जुड़े कई मुद्दों पर भी प्रधानमंत्री से चर्चा की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने डॉ निशंक की चुनिंदा कहानियों के अंग्रेजी अनुवाद का लोकार्पण किया। डॉ निशंक ने प्रधानमंत्री से हिमालय के पर्यावरण संरक्षण संवर्धन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समग्र प्रयास किए जाने पर बल दिया। डॉ निशंक ने इस बात पर जोर दिया कि हिमालय क्षेत्र के नियोजन के लिए एक पृथक व्यवस्था खड़ी की जानी चाहिए। हिमालय की भौगोलिकता,आवश्यकताएं , संवेदनशीलता पूरी तरह से अलग है ।
डॉ निशंक ने भूटान के प्रधानमंत्री को हरिद्वार गंगा स्नान का निमंत्रण भी दिया । डॉ निशंक ने भूटान एवं भारत के मध्य कौशल विकास, पर्वतीय कृषि ,जैविक तकनीकी और शिक्षा से जुड़े मामलों में सहयोग किए जाने का आग्रह किया । भूटान प्रधानमंत्री द्वारा डॉ निशंक की स्पर्श गंगा मुहिम की प्रशंसा की गई ।

नरसिंह देवता मंदिर में अब नहीं होगी पशु बलि

0

(रुद्रप्रयाग) सोमवार को जखोली ब्लाक के कुण्ड उरोली लस्या में आयोजित पांच दिवसीय श्री नरसिंह देवता महायज्ञ का मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुभारंभ किया। इस अवसर मुख्यमंत्री की पहल पर श्री नरसिंह देवता मंदिर में वर्षो से चली आ रही बलि प्रथा को भी समाप्त किया गया। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण की है कि ग्रामीणों ने बलि प्रथा को समाप्त किया और इसके लिए उन्हें आमंत्रित किया।
पहली बार जखोली ब्लाक के सुदरवर्तीगांव कुंड उरोली गांव पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र का स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री श्री प्रकाश पंत्र भी कार्यक्रम में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने नरसिंह देवता मंदिर में पूजा-अर्चना की और नारियल चढ़ाकर बलि प्रथा का समापन किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता की मांग पर श्री नरसिंह देवता मंदिर के लिए सोलर लाइट की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय जनता की सोलह सूत्री मांगों के निस्तारण हेतु क्षेत्रीय विधायक को सीएम कार्यालय में वार्ता करने के लिए कहा। इस मौके पर वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग के विकास में कहीं भी वित्त की कमी आडे नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर विधायक भरत सिंह चौधरी, प्रसिद्व कथावाचक आचार्य शिवप्रसाद मंमगाई, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल, पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा सहित जनप्रतिनिधि व स्थानीय जनता उपस्थित थी।

ठगी के आरोप में पांच गिरफ्तार, हीरे जड़ित मूर्ति बरामद

0

थाना प्रेमनगर पुलिस ने ठगी के आरोप पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से एक अष्टधातू की हीरे जडित प्राचीन शिव परिवार की मूर्ति और 40 हजार रुपये नगद बरामद हुआ है। सोमवार को थानाध्यक्ष प्रेमनगर ने बताया कि बीते 18 फरवरी को वेद कुमार निवासी प्रेमनगर देहरादून ने थाना पर आकर ठगी के संबंध में मामला दर्ज कराया था। उसने बताया की एक सप्ताह पहले मुमताज नाम का व्यक्ति जो सहारनपुर जिले का रहने वाला है उसके के सम्पर्क में आया और बताया कि उनके जानने वाला उनका दोस्त खुराना जो करनाल का रहने वाला है उसके पास एक प्राचीन काल की अष्टधातू (एन्टीक पीस) की शिव परिवार की मूर्ति है। जिसकी कीमत लगभग 25 करोड रूपये है। मुमताज ने वेद कुमार को चार करोड़ में मूर्ति व सारे कागजात और वेरिफाई सर्टिफिकेट देने को कहा। इस प्रकार मुमताज ने विश्वास दिलवाकर वेद कुमार से बतौर एंडवास पचास हजार रुपये ले लिये।
वापस 18 फरवरी को मुमताज अपने 04 साथियों के साथ आया और एक शिव परिवार की मूर्ति वेद कुमार को दिखाई। वेद कुमार ने जब मूर्ति के कागजात मांगा तो वो बहानेबाजी करने लगा और बोला कि इसके कागजात घर भूल आए हैं, जल्दी दे देगे, आप पेमेंट कर दो। उनकी इस बहानेबाजी व जल्दबाजी पर वेद कुमार को शक हुआ कि ये लोग उसके साथ ठगी कर रहे है। वेदपाल के ने पुलिस को सूचना व तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने कर्रवाई करते हुये थाना प्रेमनगर पर धोखाधड़ी का अभियोग पंजीकृत करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर मलविंदर और शिवेंद्र के सभी खरीद फरोख्त सौदों पर 26 तक रोक

0

(नई दिल्ली) दिल्ली हाईकोर्ट ने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर मलविंदर सिंह और शिवेंद्र सिंह को अपने शेयर बेचने या ट्रांसफर करने या अपनी चल और अचल संपत्ति को बेचने पर 26 फरवरी तक रोक लगा दी है । जस्टिस जयंत नाथ ने दोनों को निर्देश दिया कि जापानी कंपनी दायची सैंक्यों के केस के दौरान हाईकोर्ट को बताई गई अपनी संपत्ति में से कुछ भी नहीं बेंचे। दोनों ने अपनी संपत्ति के बारे में दिसंबर 2016 और मार्च 2017 में हाईकोर्ट को सीलबंद लिफाफे में जानकारी दी थी ।
सुप्रीम कोर्ट ने भी पिछले 16 फरवरी को मलविंदर सिंह और शिवेंद्र सिंह की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन अवार्ड के फैसले के तहत दायची सैंक्यो को साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये की रिकवरी की अनुमति देने के दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी ।
दिल्ली हाईकोर्ट में दायची सैंक्यो ने याचिका दायर कर कहा है कि रैनबैक्सी इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन अवार्ड के फैसले को लागू करे । उस अवार्ड में आदेश दिया गया है कि रैनबैक्सी दायची को साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये दे । हाईकोर्ट ने दायची के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उसे रैनबैक्सी से साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये वसूलने की अनुमति दी थी । दायची ने 2008 में रैनबैक्सी को खरीदा था और 2005 में सन् फार्मास्युटिकल के साथ विलय कर लिया था। 

एक्ट्रेस प्रिया प्रकाश अपने खिलाफ दर्ज मामले रद्द करवाने के लिए पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट

0

(नई दिल्ली) । सोशल मीडिया पर अपनी मटकती आंखों का जलवा बिखेरने वाली केरल की एक्ट्रेस प्रिया प्रकाश वारियर ने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को निरस्त करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की है । अपनी याचिका में उन्होंने कहा है कि ओरु ओदार लव के गाने के गलत अनुवाद को आधार बनाकर कुछ लोगों ने केस दर्ज करवाए हैं । अपनी याचिका में उन्होंने आशंका जताई है कि गैर मलयाली भाषी दूसरे राज्यों में भी ऐसे केस दर्ज किए जा सकते हैं ।
सोमवार को प्रिया प्रकाश के वकील ने चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष मेंशन करते हुए इस मामले पर जल्द सुनवाई की मांग की । इसके बाद कोर्ट ने इस पर सुनवाई का भरोसा दिया । इस मामले पर कल यानि 20 फरवरी को सुनवाई होने की संभावना है ।
प्रिया प्रकाश वारियर के खिलाफ तेलंगाना और महाराष्ट्र में एफआईआर दर्ज की गई हैं । एफआईआई में फिल्म निर्माताओं पर एक धार्मिक समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है । याचिका में कहा गया है कि फिल्म का गाना पैगंबर मोहम्मद साहब और उनकी पहली पत्नी के बीच प्रेम को लेकर केरल के मालाबार में मुस्लिम इलाकों में लोकप्रिय है लेकिन शिकायतकर्ता ने इसे गलत तरीके से पेश किया है । 

स्वच्छ भारत की हकीकत: गंगा तटों के पास फैली गंदगी

0

(हरिद्वार)। स्वच्छता अभियान के प्रति सप्ताह हरिद्वार में चलाए जाने के बाद भी गंगा के घाटों पर गंदगी का नजारा आम बात है। अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, रोड़ीबेलवाला आदि गंगा घाटों के समीप बड़ी संख्या में कूड़े के ढेर लगे होने से श्रद्धालुओं को भी समस्याओं का समाना करना पड़ता है।
गंगा घाटों पर लगे गंदगी के अंबार स्वच्छ भारत अभियान को जहां पलीता लगा रहे हैं, वहीं सामाजिक संगठनों द्वारा प्रति सप्ताह चलाए जाने वाले सफाई अभियान पर भी प्रश्न चिह्न लगे हैं। बाहर से आने वाले यात्री श्रद्धालु अपने साथ लाई वेस्ट सामग्री को गंगा घाटों पर ही फेंक देते है। अलकनंदा घाट के समीप भारी तादाद में कूड़ा डाला जा रहा है। लघु व्यापारी भी गंदगी को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। बड़ी संख्या में चाट पकौड़े घाटों पर ही बेचे जा रहे हैं। इस कारण लोग खाने के बाद पत्तों आदि को वहीं फेंक देते हैं, जिससे गंदगी का बढ़ावा मिल रहा है। नगर निगम के अधिकारी इस ओर कोई संज्ञान नहीं ले रहे है। जिन स्थानों पर गंगा को स्वच्छ निर्मल एवं गंदगी मुक्त करने के स्लोगन लिखे हुए हैं उन्हीं स्थानों पर कूड़े के ढेर अधिक लगाये जा रहे हैं। कुछ संस्थाओं की टीमों द्वारा गंगा घाटों की सफाई तो की जाती है लेकिन मात्र सफाई अभियान फोटो सेशन तक ही सीमित हो रहा है। गंगा घाटों की अगर नियमित रूप से सफाई की जाये तो गंगा घाटों के अलावा आस पास के क्षेत्र को भी गंदगी मुक्त बनाया जा सकता है। लेकिन, ठीक रूप से सफाई अभियान नहीं चलने के कारण हरिद्वार के विभिन्न गंगा तटों पर फैली गंदगी को मुक्त करने वाले अभियान सफल नहीं हों पा रहे है। सच्चे मन से अगर गंगा को गंदगी मुक्त करना है तो सभी को मिल जुलकर अपने प्रयासों को नियमित रूप से लागू करना पड़ेगा।