देहरादून। राज्यपाल डॉ. कृष्ण कांत पाल ने राजभवन में 24 व 25 फरवरी को आयोजित होने वाले बसंतोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने राजभवन के उद्यान परिसर में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के फूलों का अवलोकन किया। राज्यपाल के निर्देश पर इस बार एक वर्टिकल गार्डन भी तैयार किया गया है।
बुधवार को बसंतोत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए राज्यपाल ने वर्टिकल गार्डन से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर शहरी क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण व कम क्षेत्र में बागवानी में वर्टिकल गार्डन सहायक हो सकता है। राजभवन 27 प्रजातियों के पुष्पों से गुलजार होकर बसंतोत्सव की मेजबानी के लिए तैयार हो चुका है। बीते वर्ष की भांति इस बार भी ट्यूलिप के फूल आकर्षण के मुख्य केंद्र रहेंगे। इसके अतिरिक्त रेननकुलस, साइक्लामिन, अजेलिया, कमेलिया, मैगमोलिया आदि के फूल अलग ही छटा बिखेर रहे हैं। बोनसाई गार्डन व नक्षत्र वाटिका के साथ ही राजभवन परिसर का प्रत्येक कोना अब सुन्दर पेड़-पौधों और लताओं से सुसज्जित हो रहा है।
राज्यपाल डाॅ. कृष्ण कांत पाल के निर्देश पर उद्यान विभाग द्वारा बसंतोत्सव पर वेबसाइट www.uttarakhandspringfestival.in भी प्रारम्भ की जा चुकी है। यह वेबसाइट बसंतोत्सव के बाद भी स्थााई रूप से कार्यशील रहेगी। इस पर बसंतोत्सव के साथ ही फूलों की खेति से संबंधित तमाम आवश्यक जानकारियां भी उपलब्ध रहेंगी।
राजभवन की फिज़ा महकी, हज़ारों फूलों से गुलजार
चमोली में हुई बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की समीक्षा बैठक
गोपेश्वर। बुधवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक जिलाधिकारी आशीष जोशी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार गोपेश्वर में संपन्न हुई। इसमें बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का ग्राम पंचायत एवं ब्लाक स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करते हुए बाल लिंगानुपात को संतुलित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ग्राम पंचायत एवं ब्लाक स्तर पर बाल लिंगानुपात की सूची तैयार करने के निर्देश दिये। इससे ग्राम पंचायत व ब्लाक स्तर पर लिंगानुपात के घटने व बढ़ने के कारणों की गहनता से समीक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि कम बाल लिंगानुपात वाले ग्राम पंचायत व विकासखंडों में विशेष फोकस करते हुए ठोस रणनीति के साथ कार्ययोजना के क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। विकासखंडों की बाल लिंगानुपात की समीक्षा के दौरान गैरसैंण व कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र तथा नारायणबगड व देवाल ब्लाक में सबसे कम बाल लिंगानुपात पाये जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सीएमओ एवं उप जिलाधिकारियों को इन क्षेत्रों में विशेष फोकस करने तथा कम बाल लिंगानुपात के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सीएमओ को अल्ट्रासांउड केंद्रों की नियमित जांच करने तथा जिले की सीमा से लगे अन्य जिलों में भी निगरानी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों, बाल विकास के सीडीपीओ व सुपरवाइजरों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तरों पर नियमित गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिये। ग्राम पंचायत एवं न्याय पंचायत में की जाने वाली जागरूकता गोष्ठियों का तिथिवार कार्यक्रम जारी कर पूर्व में इसकी सूचना प्रसारित करने को कहा ताकि अधिक से अधिक लोग गोष्ठियों में भाग ले सकें।
यह है जिले के विकास खंडों में लिंगानुपात की स्थिति
चमोली जिले के विभिन्न विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों एवं बाल विकास के सुपरवाइजरों ने अपने-अपने ब्लाॅक के बाल लिंगानुपात के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में बाल लिंगानुपात 889 है। दशोली में 911, नारायणबगड में 892, गैरसैंण में 943, थराली में 914, पोखरी में 898, कर्णप्रयाग में 890, जोशीमठ में 947, देवाल में 859 तथा घाट में 910 है।
निकाय चुनावों में भाजपा को शिकस्त देने की तैयारी में कांग्रेस
देहरादून। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को कांग्रेस होने वाली नगर निकाय के चुनाव में शिकस्त देने की योजना बना रही है। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के लिए कई मायनों में यह चुनाव प्रतिष्ठापूर्ण बन गया है, जबकि भाजपा अपनी सरकार के विकास कार्यों से जनता को छूने की कोशिश कर रही है।
सत्ता से बेदखल हो चुकी कांग्रेस के लिए निगम चुनाव संजीवनी साबित हो सकता है। वर्ष 2017 में आम विधानसभा चुनाव में भाजपा से बुरी तरह पाराजित कांग्रेस नगर निकाय के चुनावी जंग को जीतने के लिए पार्टी के बड़े चेहरों पर भी दांव खेलने की तैयारी में है। साथ ही डबल इंजन सरकार के बहाने महंगाई, नोटबंदी और जीएसटी जैसे मामले को मुद्दा बनाकर कांग्रेस जनता को अपने पाले में कर सकती है। अगर कांग्रेस की यह युक्ति काम कर गई तो भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं इस चुनाव में पार्टी को सत्तारूढ़ दल भाजपा को विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त का जवाब तो देना ही है, साथ ही यह चुनाव प्रदेश कांग्रेस के नए मुखिया प्रीतम सिंह के नेतृत्व के लिए भी किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं इस चुनाव को वर्ष 2019 के आम चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में भी लिया जा रहा है, जिससे सभी वजहों से पार्टी ने निकाय चुनाव को लेकर कमर कस ली है।
कांग्रेस की निगाहें अहम नगर निगमों पर भी जमी है। देहरादून, काशीपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी के साथ ही हरिद्वार जिले के दोनों नगर निगमों हरिद्वार और रुड़की के लिए दमदार चेहरों को आगे लाने की कवायद चल रही है। पिथौरागढ़, रामनगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, टिहरी समेत जिला मुख्यालयों की बड़ी नगरपालिकाओं पर कांग्रेस ने नजरें गड़ा रखी हैं। निगमों और पालिकाओं में कांग्रेस पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों के साथ बीते वर्षों में पार्टी में अपना मुकाम बनाने में कामयाब रहे तो नए चेहरों पर उसके दांव खेलने की रणनीति सफल हो सकती है। इसे लेकर कांग्रेस गढ़वाल और कुमाउं दोनों मंडलों में कई दौर की बैठक कर चुकी है। वहीं प्रचार को हाइटेक बनाने के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य प्रकार के प्रचार को लेकर प्रमुखता से विचार विमर्श कर रही है। इसी को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बैठक कर आगामी योजना को लेकर बातचीत की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि कांग्रेस राज्य और देश में विकास को देखकर बौखला गई है। भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को देख कांग्रेस अनर्गल बयानबाजी कर विकास में बाधा बन रही है, लेकिन इससे सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकाल को पूरी तरह से विफल बताया है। उनका कहना है कि भाजपा ने सत्ता से पहले अनेकों लोकलुभावन वादे किए थी, जिसे पूरा करने में आज सरकार असमर्थ दिख रही है। ऐसे में सरकार से जनता का अब मोह भंग होने लगा है।
अब 10 की बजाय 13 अंकों का होगा मोबाइल नंबर
नई दिल्ली। अब मोबाइल नंबर 10 की बजाय 13 अंकों का होगा। यह बात भले ही सबको हैरान कर सकती है, लेकिन सच है। केंद्रीय संचार मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश जारी किए हैं कि अब मोबाइल नंबर 10 अंकों से बदलकर 13 अंकों का हो सकता है। पिछले दिनों दिल्ली में मंत्रालय के अधिकारियों की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है।
भारतीय संचार नगर लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भी इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया को 31 दिसंबर 2018 तक सभी नंबर्स के साथ पूरा किया जा सकता है। डिपार्टमेंट आफ टेलीकाम (डीओटी) के अनुसार, मौजूदा सभी 10 अंकों वाले मोबाइल नंबर एक अक्टूबर 2018 से 13 अंकों वाले नंबर में बदलने शुरू होंगे। यह प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। 10 अंकों से 13 अंकों का मोबाइल नंबर करने के पीछे की प्रमुख वजह नए मोबाइल नंबरों की गुंजाइश नहीं होना बताया जा रहा है। ऐसे में अब नंबर 13 अंकों का करके सभी यूजर्स के नंबर्स को अपग्रेड कर दिया जाएगा।
जंगली हाथियों ने रौंद डाली फसल
ऋषिकेश। ग्रामीण क्षेत्रों की खेतों में खड़ी फसल को नष्ट कर रहे जंगली हाथियों के आतंक से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र खदरी का खादर क्षेत्र अपनी उपजाऊ भूमि के लिए जाना जाता है। किंतु दो दशक से खदरी के किसान खेती को लेकर चिन्तित हैं। हाथी लगातार किसानों की फसलों को पौरों तले रौंद रहे हैं। मंगलवार की रात एक बार फिर किसानों की फसलों को हाथियों ने बुरी तरह रौंद दिया।
मंगलवार रात जंगली हाथियों ने आधा दर्जन से अधिक किसानों की गेंहू की फसल रौंद डाली है। पीड़ित किसानों में जनार्धन प्रसाद, श्याम सुन्दर, हरी प्रसाद, मधुसूदन रयाल, ज्ञान सिंह, प्यार सिंह भंडारी शामिल हैं। राज्य स्थापना के 18 वर्षों बाद भी खेतों व फसल सुरक्षा को लेकर आज तक न तो सुरक्षा तटबन्ध बना है और न सौर ऊर्जा बाड़ लगायी गयी है। लिहाजा खदरी के किसान खेती से विमुख हो रहे हैं।
पर्यावरण व सामाजिक कार्यकर्ता विनोद जुगलान का कहना है कि खदरी में 98 फीसदी भूमिधरों ने खेत बंटाई पर दे दिए हैं ताकि फसल से लाभ मिले या न मिले लेकिन खेत बंजर न दिखाई दे। पहाड़ी मूल के लोगों में खेत बंजर छोड़ने को विनाश का संकेत माना जाता है। उधर बंटाई पर खेती कर रहे साझेदार भी जंगली जानवरों की आमद से न केवल चिंतित हैं बल्कि फसल नुकसान से दुःखी हैं। सरकार का आलम यह है कि वन कर्मियों को खनन चोरी और ओवर लोडिंग के खिलाफ धर-पकड़ में नियुक्त किया हुआ है।
जुगलान ने कहा कभी कभार यदि वनकर्मी पहुंच भी जाते हैं तो उनके पास बन्दूक ख़ाली होती हैं। वे पटाखे छोड़कर जंगली जानवरों को भगाने का प्रयास तो करते हैं किंतु जानवरों पर इनका असर नहीं होता है। जुगलान ने बताया कि अभी तक 2015 तक के फसल मुआवजे लम्बित पड़े हुए हैं किंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने लम्बित पड़े फसल मुआवजों के शीघ्र निस्तारण की सरकार से मांग की है।
तीसरे दिन भी जारी रहा साधन समिति सचिव परिषद का धरना
देहरादून। साधन समिति सचिव परिषद उत्तराखंड और आंकिक कर्मचारी संगठन साधन सहकारी समितियों के कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। परेड ग्राउंड धरना स्थल पर परिषद कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। साधन समिति सचिव परिषद की हड़ताल से सहकारिता विभाग के कार्य प्रभावित हैं।
राजकीय कर्मचारी संयुक्त परिषद से संबध कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कैडर सचिवों की सेवाओं का सरकारीकरण कर वेतन की स्थाई व्यवस्था जल्द किए जाने की मांग की। समिति कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगे हैं। जिनमें पैक्स कैडर सचिवों के खाली पदों पर आंकिकों की पदोन्नति, समितियों के व्यवसाय अनुसार कर्मचारियों का वर्गीकरण कर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन लागू करने, समिति कर्मचारियों का जिला कैडर बनवाये जाने शामिल हैं।
धरना स्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परिषद के प्रदेश महामंत्री लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से कैडर सचिवों को सातवें वेतन मान का लाभ दिए जाने और उनका ग्रेड वेतन 2800 रुपये करने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जब तक हमारी मांगों पर सचिव सहकारिता द्वारा आदेश जारी नहीं किया जाता तब तक घरना जारी रहेगा। धरनास्थल पर परिषद के संरक्षक राजपाल तोमर, आरएस मेंगवाल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
उत्तराखण्ड में अगले तीन दिनों तक मौसम रहेगा साफ
देहरादून। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश भर में बुधवार की सुबह खिली धूप निकलने से लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह मौसम में गर्माहट देखने को मिलेगी, जबकि शनिवार और रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिसके चलते उच्च क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
मंगलवार सुबह राजधानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। दून में दोपहर तक 23 डिग्री सेल्सियस फॉरेनहाइट तापमान बना हुआ थ। जबकि पूरे राज्य में 14 डिग्री सेल्सियस तापमान था। वहीं राज्य के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में सुबह आसमान साफ रहने से मौसम सामान्य बना हुआ था। देहरादून में आठ प्रति किलोमीटर की गति से हवा चल रही है और नमी 43 प्रतिशत है। वहीं उच्च क्षेत्र पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, केदारनाथ सहित अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना हुआ था।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि राज्य में इस सप्ताह मौसम में तिखापन देखने को मिलेगा। जबकि 24 व 25 फरवरी में आसमान में बादल बने रहेंगे। जिससे उच्चाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 21 से 23 तक तेज धूप देखने को मिलेगा।
सड़क दुर्घटना में 2 की मौत, 7 घायल
ऋषिकेश। नई टिहरी-मलेथा-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गडोलिया जाखधार से कोटी जा रहा एक टैक्सी वाहन ट्रक को पास देने के चक्कर में दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए। 4 घायलों की गंभीर स्थित को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घनसाली के थानाध्यक्ष किशन टम्टा के अनुसार मंगलवार देर शाम सवा पांच बजे के करीब वाहन संख्या यूके 09 टीए-0491 नई टिहरी-मलेथा राजमार्ग पर जाखधार स्टेशन से कोटी गांव को जा रहा था। इस दौरान छुंयापानी के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक को पास देते वक्त वाहन असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में जबर सिंह (40) पुत्र गोकल सिंह निवासी स्यालकुंड मगरौं की मौके पर ही मौत हो गई। इसी गांव की बसुदेवी (40) पत्नी मकान सिंह ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में प्रेम बसनेत (55) पुत्र राम सिंह, उनकी पत्नी पिंगला देवी (52), वाहन चालक विक्रम सिंह (40) पुत्र कल्याण सिंह सभी निवासी मगरौं, कीर्ति सिंह (50) पुत्र बचन सिंह, उनकी पत्नी सुमति देवी (45) निवासी स्यालकुंड, रमा देवी (50) पत्नी सोबन सिंह सिंह और उनका पुत्र सुनील रावत (20) निवासी मगरौं घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस के जवानों ने सड़क पर पहुंचाया। उन्हें 108 सेवा की मदद से इलाज के लिए पिलखी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चार घायलों कीर्ति सिंह, सुमति देवी, प्रेम बसनेत, पिंगला देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर, श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया है।
विस अध्यक्ष ने किया नलकूप का उद्घाटन
ऋषिकेश। उत्तराखंड के चंद्रभागा में भैरो मंदिर के पीछे 99.30 लाख की लागत से क्षेत्र की जनता के लिए जल निगम द्वारा निर्मित नलकूप का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को उद्घाटन किया। अग्रवाल ने कहा कि नलकूप से भैरव मंदिर कॉलोनी, चंद्रभागा, मायाकुंड सहित अन्य क्षेत्रों में पिछले काफी समय से चली आ रही जल की समस्या का समाधान हो गया है। राज्य सरकार क्षेत्र की जनता के लिए पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
अब मरीजों को डायलिसिस की सुविधा देगा एम्स ऋषिकेश
ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में डायलसिस सुविधा का मंगलवार को एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मरीजों की बेहतर उपचार के लिए लगातार प्रयास किया जा रह है।
निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि एम्स में तीन डायलिसिस मशीन लगी हुई है। जिसमे से एक एम्स में भर्ती मरीजों के लिए, दूसरी हाई डिपेंडेंसी यूनिट में भर्ती मरीजों के लिए तथा तीसरी ओपीडी के जरिये आने वाले मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगी।
जनरल मेडिसिन विभाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी ने बताया की इसके लिए हमने प्रशिक्षित टेक्नीशियन की सेवाए ली है तथा फ्रिशियम कंपनी की ये मशीने अत्यधुनिक तकनीकी वाली हैं जिससे इंफेक्शन रेट नगण्य रहने की संभावना है। शुरुवात में सिर्फ सामान्य शिफ्टों में ही ओपीडी मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसका शुल्क 2000 रुपया प्रति डायलिसिस रहेगा जिसमे डैलयसर तथा ट्यूब की कीमत शामिल है। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश त्रिपाठी, मेडिसिन विभाग की सभी संकाय सदस्य, एनाटोमी तथा रेडियो थेरपी विभाग के डॉ. बिजेंद्र सिंह और डॉ. मनोज गुप्ता और सर्जरी विभाग प्रमुख डॉ. सोम प्रकाश बसु तथा अन्य संकाय सदस्य उपस्थित थे।





























































