Page 151

जियोलोजिकल सूचना प्रणाली से लैस हरिद्वार बना दूसरा जिला

0

(हरिद्वार) जिलाधिकारी दीपक रावत की उपस्थिति में कुमांऊ विश्वविद्यालय के प्रो. जेएस रावत, प्रो.नरेश पन्त ने जनपद हरिद्वार में जियोलोजिकल सूचना प्रणाली तैयार कर जिला योजनाओं की प्लानिंग बनाने के लिए जनपदीय अधिकारियों को कार्यशाला के माध्यम से जागरूक किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी दीपक रावत ने कहा कि भारत सरकार के न्यू इण्डिया और डिजिटल इण्डिया के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारत और राज्य सरकार के सहयोग से जीआईएस के प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया है। सरकारी तंत्र में जियोग्राफिकल सूचना तकनीकी के प्रयोग से कार्यो में पारदर्शिता आयेगी और अलग योजनाओं में एक ही स्थान पर बार-बार होने वाले कार्यों में डुप्लीकेसी समाप्त होगी। इससे पूर्व जनपद नैनीताल को उक्त तकनीकी से युक्त किया जा चुका है। हरिद्वार को जीआईएस पू्रक बनाना हमारा लक्ष्य है। प्रशासनिक कार्यों एवं जिला विकास के कार्यों में भौगोलिक सूचना प्रणाली का प्रयोग करते हुए विभागों को योजनाएं बनानी होंगी। विभागों को इस प्रणाली के साथ कार्य करने के लिए दक्ष बनाना सरकार की मंशा है। शासन स्तर पर विभागाध्यक्षों एवं जिला स्तर पर सीडीओ को जीआईएस प्रणाली विकसित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्याशाला का आयोजन जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से किया गया।
प्रो. रावत ने कार्याशाला में विभागों को जीआईएस के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि प्रत्येक विभाग का डाटा जिसमें उस विभाग द्वारा दी जा रही सुविधा, निर्माण, संसाधनों एवं मानव संसाधनों की उपलब्धता, किये जा चुके कार्य, किये जाने वाले कार्य, संचालित सेंटरों जैसे सीएचसी, पीएचसी, एम्बुलेंस व अन्य वाहन, पुलिस थाने, विद्यालय, विभागों में उपलब्ध वाहनों, शौचालयों, मार्गो, नहरों आदि की पूरी सूचना डिजिटल रूप में आॅनलाइन होगी। किसी भी विभाग सम्बंधी जानकारी जुटाने के लिए अधिकारी या कार्यालय से पत्राचार करने के स्थान पर मात्र आॅनलाइन साइट पर जा समस्त सूचनायें प्राप्त की जा सकती हैं। जिले में स्थापित प्रत्येक सरकारी संस्थानों के सम्बंध में भौतिक लोकेशन सहित सूचना प्राप्त की जा सकेगी।
प्रो. रावत ने सभी विभागों को सूचनाएं फीड करने एवं प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई एंव साॅफ्टवेयर प्रोग्राम भी साझा किया। जिसमें विभाग अपने विभागों सम्बंधी सूचनायेें सुरक्षित कर सकते है। बैठक में सीडीओ स्वाती भदौरिया, सहायक नगर आयुक्त नरेंद्र भण्डारी, अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन बीके मिश्र, सीएमओ अशोक कुमार गैरोला सहित समस्त विभागीय कार्यालयाध्क्ष उपस्थित रहे।

दीक्षांत समारोह में पहली बार दिखी उत्तराखंडी परिधानों की झलक, राज्यपाल ने किया आगाह

0
राज्यपाल डाॅ. कृष्ण कांत पाल और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एचएनबी उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को उपाधियां वितरित की। ये समारोह इसलिये भी खास रहा कि पहली बार राज्य में उत्तराखंडी परिधानों को पहनकर कोई भी दीक्षांत समारोह हुआ। दीक्षांत समारोह में प्रयुक्त वेशभूषा को भारतीय संस्कृति व उत्तराखण्डी परम्पराके अनुरूप बनाया जा रहा है। इसके लिये तीन डिजाईन तैयार की गई हैं। राज्यपाल व मुख्यमंत्री से निर्देश प्राप्त कर किसी एक डिजाईन को जल्द ही पूरी तरह ढाल लिया जायेगा। इस डिजाइन को बनाने के लिये ग्राफिक ऐरा युनिवर्सिटी के फैशन डिजाइन विभाग के छह छात्रों की एक टीम ने काम किया है। इसके साथ साथ डॉ ज्योति छाबड़ा, कोकिला भंडारी ने भी टीम के साथ करीब  तीन महीने कड़ी मेहनत कर ये डिजाइन तैयार किये हैं। तैयार तीन डिजाइनों में से दो आने वाले अतिथियों के और एक छात्रों के परिधान के हैं।

WhatsApp Image 2018-02-06 at 18.47.49

वहीं स्वास्थ सेवाओं को लेकर राज्यपाल ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य क्षेत्र में पर्याप्त सुधार नहीं हो पाया है। नीति आयोग की स्वास्थ्य सूचकों पर रिपोर्ट का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इसमें नवजात मृत्यु दर, लिंग अनुपात आदि में उत्तराखण्ड की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में कुल 234 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई।

फैकल्टी के नाम पर खेल नहीं कर सकेंगे आयुष संस्थान

0

(देहरादून) आयुर्वेदिक, यूनानी व होम्योपैथिक कॉलेज अब फैकल्टी के नाम पर खेल नहीं कर पाएंगे। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने इन पर नकेल कसनी शुरू कर दी है। ‘आधार बेस्ड जियो लोकेशन अटेंडेंस’ के बाद मंत्रालय ने कॉलेजों के एक और नया फरमान जारी किया है। जिसके तहत कॉलेजों को शिक्षकों की पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। कॉलेजों को पंद्रह दिन के भीतर अनिवार्य रूप से डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल मेडिकल कॉलेजों में आए दिन कागजों में फर्जी शिक्षकों व चिकित्सकों की लंबी चौड़ी सूची दिखाकर संबंधित चिकित्सा परिषदों और विश्वविद्यालय से मान्यता लेने के मामले सामने आते रहे हैं। स्थिति यह कि एक शिक्षक, कई-कई जगह अपनी सेवा दे रहा है। यह फर्जीवाड़ा समाप्त करने और शैक्षणिक कार्यों के उन्नयन के लिए अब आयुष मंत्रालय ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पहला कदम ‘आधार बेस्ड जियो लोकेशन अटेंडेंस’ के रूप में उठाया गया। जिसमें न केवल शिक्षक बल्कि शिक्षणेत्तर कर्मी, हॉस्पिटल स्टाफ व पीजी छात्रों को भी शामिल किया गया है। सीसीआईएम व सीसीएच ने भी इस बावत निर्देश जारी कर दिए हैं। इधर हाजिरी लगेगी, उधर पूरा रिकॉर्ड आयुष मंत्रालय तक पहुंच जाएगा। अब आयुष मंत्रालय ने कॉलेजों को शिक्षकों का ब्यौरा सार्वजनिक करने को कहा है। उन्हें यह डाटा वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। जिसके तहत उन्हें शिक्षक का नाम, पता, मोबाइल या लैंडलाइन नंबर व ई-मेल, उनकी फोटो के साथ देना होगा। कॉलेजों को सख्त हिदायत दी गई है कि अगले पंद्रह दिन के भीतर इस पर अमल करें। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में संकायाध्यक्ष डॉ. आरके मिश्रा कहा कि इस कदम से आयुष पद्धति के कॉलेजों में फर्जीवाड़ा समाप्त होकर शिक्षा के स्तर में व्यापक सुधार आएगा। इन संस्थानों से कुशल व योग्य शिक्षक समाज को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि विवि स्तर भी समस्त महाविद्यालयों से आधार सहित फैकल्टी का डाटा मांगा गया है।

अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी, डंपर जब्त

0

देहरादून। विकासनगर पुलिस ने अवैध खनन पर कर्रवाई करते हुए खनन प्रभावित क्षेत्र यमुना नदी के तटों पर छापेमारी की है। पुलिस ने बुधवार रात छापेमारी के दौरान घाट मटक माजरी पर एक डम्पर को यमुना नदी से रेत बजरी चोरी कर परिवहन करते हुए पकड़ा।

विकासनगर प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस की कार्यवाही को देखते हुए डंपर चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकला पर अवैध खनन से भरे डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। अज्ञात डंपर चालक के विरुद्ध चौकी कुल्हाल कोतवाली विकासनगर में खनन अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त गाड़ियों को पुलिस ने किया जब्त

0

ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देशन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना लक्ष्मण झूला पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 2 बुलेट मोटरसाइकिल सीज की कर दी है।

थाना मुनि की रेती प्रभारी प्रदीप राणा के अनुसार पिछले करीब एक माह से मॉडिफाइड बुलेट के विरुद्ध पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते अभी तक 50 से अधिक बुलेट को पकड़कर सीज कर दिया गया और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उत्तरकाशी बन सकता है पैराग्लाइडिंग का नया डेस्टिनेशन

0

उत्तरकाशी। पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने व युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जनपद में एक और ट्रायल किया गया। पैराग्लाइडिंग की अनुभवी टीम ने आज वरुणावत पर्वत से उड़ान भरी और जोशियाड़ा झील के बीच में बनी प्लोटिंग प्लेट फार्म पर लैडिंग की।

वरुणावत पर्वत से चार पैराग्लाइडिंग के अनुभवी, प्रेम ठाकुर, दीपक नगोई, चन्द्रमोहन,मनोज ओली और शिवानी गुसाई ने उड़ान भरी। मनोज ओली ने झील के मध्य बनी प्लोटिंग प्लेट फार्म पर लैंडिंग की। हालांकि पायलट ने ज्ञानसू झील के साथ मैदान में लैंडिंग की। प्लोटिंग प्लेट फार्म पर पैराग्लाडिंग लैडिंग की व्यवस्था शिवानी गुसाईं एवं संतोश सिंह बिष्ट ने की।
उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सचिव शंकर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय दल ने चिन्यालीसौड़ व जिला मुख्यालय में पैराग्लाइडिंग के लिए स्थान चयनित किए। छह सदस्यीय दल में एक लड़की शिवानी गुसाईं भी शामिल रहीं। पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में पौड़ी जनपद की शिवानी गुसाईं का नाम लिम्का बुक में दर्ज है। शिवानी ने 13 वर्ष की आयु में पैराग्लाइडिंग कर राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था।

shivani gusain

वरुणावत पर्वत से उड़ान भरने वाले हिमाचल प्रदेश के मनाली निवासी प्रेम ठाकुर ने बताया कि उत्तराखंड में उत्तरकाशी पहला जिला है जहां पैराग्लाइडिंग की जा रही है। चिन्यालीसौड़ पैराग्लाइडिंग के लिए मुफीद स्थान है और वरुणावत पर्वत भी उपयुक्त स्थान है लेकिन यहां से पैराग्लाइडिंग की उड़ान भरने के लिए अनुभव होना जरूरी है।वहीं पौड़ी की शिवानी गुसाई ने बताया कि उत्तराकाशी को भविष्य में पैराग्लाइडिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए यह एक महत्तवपूर्ण ट्रायल था और हमें खुशी कि हम इसमें कामयाब रहे।

गौरतलब है कि उत्तरकाशी के डीएम डॉ.आशीष चौहान आए दिन जिलें को बेहतर बनाने और युवाओं को राज़गार देने के नए आयाम तलाश रहे हैं चाहें वह माघ मेले के बाद जिले वॉटर स्पोर्टस कराना हो या फिर जिले में एडवेंचर स्पोर्ट को बढ़ावा देना हो।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अपने निजी प्रयास से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अहम कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम में से दो धाम जनपद में हैं। इसके अलावा नैसर्गिक सौन्दर्य से परिपूर्ण नेलांग घाटी, गर्तांग गली आदि कई पर्यटक एवं धार्मिक क्षेत्र इस जनपद में हैं। पर्यटक पैराग्लाइडिंग से भी नैसर्गिक सौन्दर्य का आनंद लें सकें, इसके लिए कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटक आयेंगे तो निश्चित ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा। पैराग्लाइडिंग की अनुभवी टीम ने गत माह को चिन्यालीसौड़ एवं आज उत्तरकाशी में पैराग्लाइडिंग की सफल लैंडिंग की है। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन के साथ स्वरोजगार से भी इसे जोड़ा जा रहा है।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी देवेन्द्र नेगी, डिप्टी कलेक्ट्रेट अनुराग आर्य, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल, सीओ मनोज ठाकुर, एसओ महादेव उनियाल आदि उपस्थित थे।

भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिए ‘आप’ निकालेगी यात्रा

0

देहरादून। आम आदमी पार्टी (आप) उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामबाबू पांडेय ने कहा कि पार्टी आगामी नगर निकाय चुनावों में अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराएगी। चुनावों के लिए अपनी आक्रामक प्रचार रणनीति के तहत आगामी 26 फरवरी को पार्टी राजधानी देहरादून में ‘भ्रष्टाचार मुक्ति यात्रा’ (कार व दुपहिया वाहन रैली) निकालेगी, जिसमें जनता के समक्ष भाजपा-कांग्रेस के भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी का पर्दाफाश किया जाएगा। पांडेय बुधवार को देहरादून प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
पांडेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि समय कम है। सभी साथी एकजुट होकर कमर कसकर स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियाें में जुट जाएं और निकायों से भाजपा-कांग्रेस के कुशासन व भ्रष्टाचार का अंत आम आदमी पार्टी की झाड़ू चलाकर करें। ‘भ्रष्टाचार मुक्ति यात्रा’ में जिले के सभी क्षेत्रों से सम्मिलित होकर यात्रा को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी ही ईमानदार व स्वच्छ राजनैतिक विकल्प देने में सक्षम है और निकाय चुनावों के बाद आम आदमी पार्टी प्रदेश की मुख्यधारा की राजनीति में तेजी से अपनी जगह बनाएगी, क्योंकि आम जनता भाजपा-कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त है।
सचिव (प्रदेश प्रभारी) नवीन पिरशाली ने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विशेष सलाहकार राकेश कुमार सिन्हा निकाय चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने चार दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अपने दौरे के तहत प्रदेश प्रभारी 25 तारीख को देहरादून में कुछ राजनैतिक बैठकें करेंगे। 26 तारीख को ‘भ्रष्टाचार मुक्ति यात्रा’ की अगवाई करेंगे एवं 27 व 28 फरवरी को पुरोला व उत्तरकाशी क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

तीन बच्चे वाले को चुनाव लड़ने से रोकने पर विरोध के स्वर तेज़

0

ऋषिकेश। निकाय चुनाव में 3 बच्चों वाले व्यक्तियों को चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किये जाने पर ऋषिकेश में विरोध के स्वर तेजी से मुखर होने लगे हैं। आने वाले दिनों मे यह मुद्दा बड़ा राजनैतिक रंग ले सकता है। बुधवार को पूर्व सभासद रवि जैन ने ऋषिकेश प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि वर्ष 2003 अप्रैल माह की कट आउट तिथि के बाद सरकार द्वारा निकाय चुनाव में वर्ष 2004 से 2 से ज्यादा बच्चों वाले व्यक्तियों पर चुनाव लड़ने पर राजनीतिक भावना से प्रतिबंध लगा दिया गया था, जो की पूरी तरह से असंवैधानिक है।
उन्होंने कहा कि देश के कानून में विधानसभा, लोकसभा और यहां तक कि ग्राम सभा में भी ऐसा कोई कानून लागू नहीं है जबकि सिर्फ निकाय चुनाव पर यह जबरदस्ती थोप दिया दिया गया है, जिसकी वजह से आगामी नगर निकाय चुनाव में समूचे प्रदेश भर में सैकड़ों लोगों के राजनीतिक भविष्य पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर अध्यादेश लाकर नियम को परिवर्तित करने की जरूरत है। यदि सरकार द्वारा इस ओर कोई कार्यवाही न की गई तो शहर के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन छेड़ेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस दौरान दीनदयाल राजभर ,प्यारेलाल जुगलान, सीमा शर्मा ,राजीव चौधरी, सुभाष ठठेरा,आदि भी उपस्थित थे।

हरिद्वार में क्यों हो रहा सिटी पेट्रोल यूनिट का विरोध!!

0

हरिद्वार। कांग्रेस सेवादल के महानगर अध्यक्ष नितिन कौशिक के नेतृत्व में सेवादल कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भगत सिंह चौक से चन्द्राचार्य चौक तक रैली निकालकर सीपीयू की कार्यप्रणाली का विरोध जताया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन कौशिक ने कहा कि आए दिन सीपीयू के जवान वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। मुख्य मार्गों पर यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सीपीयू का गठन किया गया था लेकिन सीपीयू केवल हेलमेट चेकिंग तक सिमट कर रह गई है। हेलमेट चेकिंग के दौरान वाहन चालकों से मार पिटाई व अभद्र व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
नितिन कौशिक ने मांग की कि ऐसे पुलिस कर्मियों को चिन्हित किया जाए जो कि वाहन चालकों के साथ मार पीट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में मित्र पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस की छवि को धूमिल किया जा रहा है। अंजू शर्मा व दिव्यांश अग्रवाल ने कहा कि जब सीपीयू का गठन किया गया था तो पुलिस के बड़े अधिकारियों ने घोषणा की थी कि सीपीयू अपराध रोकने में भी भूमिका निभाएगा लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। सड़कों पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को भी सीपीयू कर्मी नजर अंदाज कर देते हैं। ओवर लोडिंग सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर भी सीपीयू कोई कार्रवाई नहीं करती है। केवल हेलमेट चेकिंग के नाम पर लोगों का उत्पीड़न करने में लगी है। 

एक बार फिर अधिकारियों की डीएम ने लगाई क्लास

0

गोपेश्वर। बुधवार को जिलाधिकारी आशीष जोशी ने क्लेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला योजना, राज्य सेक्टर, केन्द्र पोषित व वाह्य सहायतित योजनाओं की माह फरवरी तक की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला योजना में कम धनराशि खर्च करने वाले विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने कार्यों में तेजी लाने तथा 10 मार्च कर कार्यों को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जिला योजना, राज्य सेक्टर, केन्द्र पोषित, वाह्य सहायतित एवं बीस सूत्री योजनाओं के अतर्गत प्रस्तावित कार्यों को तय समय के भीतर गुणवत्ता के साथ लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, इसलिए सभी विभाग तय समय के भीतर वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्य हासिल कर लें। कृषि विभाग के वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की सही-सही जानकारी न देने पर रोष प्रकट करते हुए जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारी को आधे घंटे के भीतर सम्मपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही परियोजना निदेशक डीआरडीए को मत्स्य, रेशम, पशुपालन, कृषि, उद्यान, डेयरी विभागों के संचालित कार्यों की प्रत्येक बुधवार को समीक्षा करने को कहा। बैठक के दौरान उन्होंने रेशम विभाग को जनपद में रेशम उत्पादन के लिए क्षेत्रफल बढ़ाने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिये।
बीएडीपी के तहत मलारी-नीति मोटर मार्ग के किमी. 4 से सुधारीकरण व डामरीकरण, माणा में पुल निर्माण, माणा व कागा में पेयजल योजना, नीति व मलारी में लघु भेड़ पालन इकाई की स्थापना, चिकित्सा उपकरणों की खरीद आदि कार्यो को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत सभी विभागों को समय से लक्ष्य पूरा करते हुए जिले को ‘ए‘ श्रेणी में रखने को कहा। विधायक एवं सांसद निधि के तहत प्रस्तावित कार्यो में तेजी लाते हुए समय से धनराशि व्यय करने के निर्देश परियोजना निदेशक डीआरडीए को दिये।