जीआईसी नंदप्रयाग को भूस्खलन से खतरा, खिसक रहा है मलबा

0
710

जनपद चमोली के राजकीय इंटर काॅलेज नंदप्रयाग के निचले हिस्से में भूस्खलन सक्रिय हो गया है। भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे को भी खतरा बना हुआ है। सोमवार को सुबह से ही हाईवे पर मलबा गिर रहा है, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल से हो पा रही है।

इन दिनों क्षेत्र में रुक-रुक कर हुई भारी बारिश से नंदप्रयाग में झूलाबगड़ नामक स्थान पर चट्टान से भूस्खलन हो रहा है। वर्ष 2012 में यहां पर भूस्खलन शुरु हुआ था। तब नंदाकिनी संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और जीआईसी नंदप्रयाग के पीटीए पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र भूस्खलन क्षेत्र के ट्रीटमेंट की मांग उठाई थी, लेकिन आज तक भी यहां भूस्खलन का ट्रीटमेंट कार्य नहीं हो पाया है। बरसात में प्रतिवर्ष यहां भूस्खलन होता रहता है। बीते रविवार रात को हुई भारी बारिश से यहां भूस्खलन तेज हो गया है, चट्टान से मलबा हाईवे पर आ रहा है।

मंगरोली के प्रधान तेजवीर कंडेरी का कहना हैं, ‘कि भूस्खलन क्षेत्र का ट्रीटमेंट न होने से यहां जीआईसी के साथ ही आवासीय भवनों को खतरा बना हुआ है। जीआईसी तक जाने का पैदल रास्ता भी भूस्खलन की चपेट में आ गया है।’ उनका कहना है कि, ‘यदि शीघ्र भूस्खलन की रोकथाम नहीं की गई तो जीआईसी के भवनों को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।’

इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी का कहना है कि, ‘भूस्खलन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके ट्रीटमेंट के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।’