उत्तराखंड आने के लिए अब तक 1,79,615 लोगों ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण

0
499
एसडीआरएफ

देश के दूसरे राज्यों से उत्तराखंड आने के लिए अब तक 1,79,615 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। यह लोग कोरोना की वजह से जारी लॉक डाउन में फंसे हुए हैं। इसके अलावा साधनहीन लोगों को लाने के लिए सरकार अपने खर्च पर हरसंभव प्रयास कर रही है। लोगों को रेल और सड़क मार्ग से लाने का प्रबंध किया जा रहा है। यह जानकारी रविवार को यहां उत्तराखंड के शासकीय प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने पत्रकारों को दी।


उन्होंने बताया कि 9 मई से 15 मई के बीच उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 9300 लोग उत्तराखंड पहुंच सकते हैं। इन्हें पास निर्गत किए जा चुके हैं। मध्य प्रदेश से 167 लोग उत्तराखंड आएंगे। इन्हें 10 मई को ई-पास जारी किए गए हैं। साथ ही फरीदकोट (पंजाब) से 10 मई को 290 लोगों का आना प्रस्तावित है। इसके अलावा 11 मई को पटियाला (पंजाब) से 173 लोगों का आना प्रस्तावित है।

प्रवक्ता कौशिक ने बताया कि कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना आदि राज्यों में फंसे प्रदेश के लोगों को ट्रेनों से लाया जाएगा। इसकी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक देश के दूसरे हिस्सों से 2500 लोग उत्तराखंड पहुंच जाएंगे। अन्य राज्यों को जाने के लिए अब तक 21,717 लोगों ने पंजीकरण कराया। 8 मई को उत्तराखंड से अपने राज्यों के लिए 6378 लोग रवाना हुए। इनमें उत्तर प्रदेश के 4202, राजस्थान के 901, जम्मू के 427, दिल्ली के 241, हरियाणा के 153, पंजाब के 132 और अन्य राज्यों के 277 लोग शामिल हैं।

मदन कौशिक ने बताया कि उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से दूसरे जनपदों में आने-जाने वालों की संख्या क्रमशः 17,267 और 17619 है। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने के लिए अब तक 1,79,615 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। 8 मई को 23,794 और 9 मई को 3770 लोग उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। इनमें हरियाणा से 11,482, चंडीगढ़ से 4838, उत्तर प्रदेश से 3526, राजस्थान से 2409, दिल्ली से 482, पंजाब से 327, गुजरात से 319 और अन्य राज्यों से 411 लोग आने वालों में शामिल हैं।