व्हाट्सएप की शिकायत पर भी महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा

0
422
देहरादून, उत्तराखंड पुलिस अब आधुनिक हो गई है। व्हाट्सएप से मिली शिकायत पर भी महिलाओं को सुरक्षा दी जाएगी। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर उत्तराखण्ड पुलिस ने एक और पुख्ता कदम उठाया है। अशोक कुमार, महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय में स्थापित महिला सुरक्षा सेल में महिला व्हट्सएप हेल्पलाइन सेवा शुरू की गयी है।
डीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने मंगलवार को बताया कि महिला व्हट्सएप हेल्पलाइन सेवा में महिलाएं, युवती और छात्राएं मोबाइल नम्बर 9411112780 पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस नम्बर पर कोई भी घटना और समस्या से संबंधित मैसेज (संदेश), फोटो या वीडियो व्हट्सएप के जरिए पुलिस मुख्यालय में स्थापित महिला सुरक्षा सेल को भेज सकती हैं। महिला सुरक्षा सेल में तैनात पुलिस अधिकारी व्हाट्सएप पर आए संदेश पर पीड़ित महिला से संबंधित जनपद में जानकारी देगी, जिस पर जनपद के संबंधित थाने की ओर से अविलम्ब कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस महिला व्हाट्स एप हेल्पलाइन सेवा से महिलाएं और छात्राएं अपने साथ होने वाली छेड़छाड़ और घटना का वीडियो, फोटो और मैसेज पुलिस को भेज सकेंगी। विपरीत परिस्थिति में शिकायत नहीं देने पर सिर्फ मैसेज या वीडियो से भी पुलिस पीड़ित तक पहुंच जाएगी। कहा कि इससे लोकलाज के चलते थाने नहीं जाने वाली पीड़ित महिलाओं को भी शिकायत देने में आसानी होगी।