महिला ने अपनी बेटी के अपहरण का मामला कराया दर्ज

0
514
File Photo: Crime
गोपेश्वर, चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक के भिकोना गांव निवासी शीला देवी ने गुरूवार को थाना पोखरी में दो महिलाओं के खिलाफ अपनी बेटी के अपहरण की नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला ने पूर्व में भी इन महिलाओं पर बेटी के अपहरण का  आरोप लगाया था। पुलिस ने शीला देवी की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
भिकोना गांव निवासी शीला देवी पत्नी स्वर्गीय धर्मेन्द्र सिंह की ओर से थाना पोखरी में अपनी विवाहिता पुत्री रेशमा देवी के अपहरण का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में महिला ने रुद्रप्रयाग जिले के कुखडी गांव निवासी वरदेश्वरी देवी पुत्री चंद्र सिंह व तोणजी निवासी चंद्रकला पुत्री महिपाल सिंह पर उनकी पुत्री को जबरन उठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। शीला देवी का कहना है कि पूर्व में भी ये दोनों महिलाएं उनकी पुत्री को उठाकर ले गई थी। जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने पर राजस्व पुलिस ने 20 जून 2019 को उसकी पुत्री को बरामद किया  था। लेकिन एक बार फिर वरदेश्वरी अपनी अन्य महिला साथियो के साथ आकर रेशमा का अपहरण कर अपने साथ ले गयी है। महिला का यह भी आरोप है कि वरदेश्वरी देवी फर्जी एसआई बनकर अक्सर क्षेत्र मे घूमती है, उन्होंने पुलिस से मामले में कडी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष पोखरी मनोहर सिंह भंडारी ने कहा कि, “शीला देवी की लिखित शिकायत पर मामले की जांच शुरु कर दी गई है। मामले में रेशमा के बयानों के आधार  पर आगे की  कार्रवाई की जाएगी। रेशमा बालिग है यदि जांच में अपहरण की बात साफ होती है तो आरोपियों के खिलाफ नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।”