स्वच्छता अभियान में तीन हजार का वसूला जुर्माना

0
478
अल्मोड़ा, जिला प्रशासन व नगरपालिका परिषद द्वारा गुरुवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नगरपालिका द्वारा गन्दगी व सीवर को खुले में छोड़ने पर लोगों का चालान कर कुल तीन हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
नगर पालिका क्षेत्र के एनटीडी वार्ड में समस्त विभागों के अधिकारियों,कर्मचारियों एवं गण्यमान्य नागरिकों द्वारा प्रातः छह बजे से आठ बजे तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने सफाई अभियान में विभिन्न स्थानों से कूड़ा उठाकर सहयोग किया, उन्होंने शहर को स्वच्छ व सुन्दर बनाये जाने की अपील लोगों से की।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने भी स्वयं अनेक स्थानों में सफाई कर लोगों को इस तरह के कार्यक्रम में प्रतिभाग करने को कहा।उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सफाई के इस अभियान में भागीदारी करनी चाहिए, तभी यह अभियान सफल हो पायेगा। कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए  ये अभियान चलाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि गन्दगी करने वालों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने आस-पास सफाई रखने की अपील की।
यह अभियान वार्ड के हीराडुंगरी, शंकर भवन, खास कालोनी, सांई मन्दिर, धार की तूनी, पाताल देवी, वाल्मिीकि बस्ती आदि स्थानों में सफाई अभियान चलाया गया। इन स्थानों में स्वच्छता अभियान के तहत पालिका के कूड़ा वाहनों के द्वारा कूड़ा एवं मिटटी, मलबा, घास तथा कांच आदि को हटाया गया।
सफाई अभियान में प्रशिक्षु आईएएस विशाल मिश्रा, उप जिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, अधीक्षण अभियन्ता जल संस्थान केएस खाती, अर्थ संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी, आपदा प्रबन्धन अधिकारी राकेश जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी टीएन पाण्डे, सहायक निबंधक सहकारिता राजेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सोनी के अलावा विभिन्न अधिकारी कर्मचारी व नगपालिका, पुलिस आदि विभागों के लोग शामिल थे।