झूठ की राजनीति पर उतरी है कांग्रेस: भाजपा

0
611
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के आरक्षण में पदोन्नति के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस दोगलेपन और झूठे प्रचार का सहारा लेकर समाज में मतभेद पैदा करने का काम करती है। भाजपा का कहना है कि उत्तराखंड में कांग्रेस ने ही 2012 में पदोन्नति पर रोक लगाने के आदेश दिए थे और अब वह गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ देवेंद्र भसीन ने एक जारी बयान में कहा कि  कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय व उत्तराखंड के नेताओं द्वारा उच्चतम न्यायालय द्वारा पदोन्नति में आरक्षण को लेकर दिए गए निर्णय पर भाजपा पर अनर्गल आरोप लगाने की कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी व उत्तराखंड के कांग्रेस नेताओं को यह नहीं पता कि उत्तराखंड में पदोन्नति में आरक्षण पर रोक वर्ष 2012 में कांग्रेस की सरकार ने ही लगाई थी? अब कांग्रेस नेता किस मुँह से भाजपा को आरोपित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बताएं कि यह मामला पदोन्नति से जुड़ा है तो कांग्रेस नेता किस आधार पर भाजपा पर आरक्षण समाप्त करने का आरोप लगा रहे हैं?
उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस नेताओं के दिमाग़ी दिवालियापन व हताशा का प्रमाण है। साथ ही वे वोट के लिए झूठ व समाज में अलगाव की राजनीति करते रहे हैं। लेकिन जनता उनके फ़रेब को समझ चुकी है। यही कारण है कि जनता ने कांग्रेस को उत्तराखंड सहित पूरे देश में हाशिए पर धकेल दिया है। जहां तक उच्चतम न्यायालय के निर्णय का सवाल है तो राज्य सरकार उसका अध्ययन करेगी और फिर आगे निर्णय लिया जाएगा।