वाण लाटू धाम के खुले कपाट, पर्यटन मंत्री सहित भक्तों ने किये दर्शन

0
1180

चमोली जिले के विकास खंड देवाल के वाण गांव में स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट रविवार को शुभमुहूर्त 1.45 बजे विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इस मौके पर उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज सहित तीन हजार से अधिक भक्तों ने लाटू के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

रविवार सुबह से वाण लाटू मंदिर में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा था। लग्नानुसार मंदिर के पुजारी खीम सिंह टिमटिमा एवं थान सिंह ने पवित्र कुंड में स्नान कर आंख में पट्टी बांधकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। मंदिर के पंडित उमेश चंद्र कुनियाल एवं रमेश कुनियाल ने वेद मंत्रोच्चारण कर यज्ञ हवन कर मंदिर के कपाट खोले गए। लाटू देवता के दर्शन करने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। इसके बाद देवनृत्य हुआ। लाटू के पश्वा ने भक्तों को प्रसाद वितरण किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट एवं संयोजक कृष्णा बिष्ट ने वाण लाटू धाम मंदिर को पांचवा धाम बनाने की मांग पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से की।

महाराज ने उपचुनाव के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं पूर्व विधायक जीतराम ने भी लाटू के दर्शनकर थराली विधान सभा के उपचुनाव में विजयश्री का आर्शीवाद लिया। इस अवसर पर एक दिवसीय बोरी मेला भी लगा। मेले में झोड़ा चाचड़ी नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस मौके पर ब्लाॅक प्रमुख उर्मिला बिष्ट, भाजपा के ब्लाॅक अध्यक्ष गिरीश सिंह मिश्र आदि मौजूद थे।