उत्तराखंडः महिला व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा बनी महिलाओं की मददगार

0
757
डीजीपी
उत्तराखंड में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय में स्थापित महिला व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा महिलाओं के लिए मुफीद साबित हो रही है। पिछले चार महीने में महिलाओं ने इस पर एक हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की हैं, जिन्हें पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया है।
उत्तराखंड पुलिस के महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), अशोक कुमार के निर्देशन में माह फरवरी में पुलिस मुख्यालय में स्थापित महिला सुरक्षा सेल में महिला व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा शुरू की गयी। इसमें महिलाएं, युवतियां तथा छात्राएं मोबाइल नम्बर 9411112780 पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। माह फरवरी से माह मई तक महिला व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर कुल 1017 शिकायतें और संदेश प्राप्त हुए, जिन पर सम्बन्धित जनपद के माध्यम से कार्यवाही कर निस्तारण किया गया।
अशोक कुमार ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर उत्तराखण्ड पुलिस संवेदनशील है। महिला  व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू करने का मुख्य उद्देश्य यही है। ताकि महिलाओं को शिकायत या सूचना देने में आसानी हो। लोकलाज के चलते थाने नहीं जाने वाली पीड़ित महिलाओं को भी शिकायत देने में आसानी हो। महिलाएं व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। पीड़ित घटना से जुड़े फोटोग्राफ और वीडियो भी भेज सकती हैं, ताकि आरोपित की पहचान करने में मदद मिल सके।