उत्तराखंड विधानसभा सत्र : सरकार ने पेश किया 4063 करोड़ का अनुपूरक बजट

0
587
उत्तराखंड विधानसभा
उत्तराखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को 4063.79 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया गया। राजस्व मद में 2071.42 करोड़ और पूंजीगत मद में 1992.36 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया गया है। इसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कोरोना पॉजिटिव होने के कारण मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विधानसभा की कार्यवाही में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। आज पहले दिन सदन के दिवंगत सदस्यों और पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री रावत ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि जीनाजी युवा, कर्मठ और ऊर्जावान विधायक थे। उनके असमय जाने से हम सभी अत्यंत दुखी हैं। पूर्व विधायक स्वर्गीय केसी पुनेठा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि  वे बहुत जुझारू व सहनशील व्यक्तित्व के थे।
विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय अनुसूया प्रसाद मैखुरी का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अत्यंत विनम्र और सज्जन थे। वर्ष 2002-03 में एक आंदोलन के दौरान उन्हें गम्भीर चोट लगी तो मैखुरीजी ने उनका हाथ पकड़ कर अस्पताल जाने को कहा। पूर्व विधायक स्वर्गीय सुन्दरलाल मंद्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह विनम्रता और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के धनी थे। वे सच्चे मायनों में गांधीवादी थे। उनमें कोई अहम नजर नहीं आता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय तेजपाल सिंह पंवार सीधी और सपाट बात करते थे। उन्होंने कभी भी अपनी बात को साबित करने के लिए झूठ का सहारा नहीं लिया।