युवा हुआ उत्तराखंड, स्थापना दिवस पर विभिन्न आयोजन

0
1997
उत्तराखंड

देहरादून, स्थापना के बाद 18 साल में राज्य ने विकास और आर्थिकी में बेहतर प्रदर्शन किया है। अन्य राज्य की तुलना में आर्थिक दर अच्छी रही है। राज्य गठन के 18 साल पूरे होने पर उत्तराखंड में राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर राजधानी में पुलिस लाइन में रैतिक परेड का आयोजन किया गया। इश मौके पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने परेड की सलामी ली और कहा कि, “विकास की चुनौती अभी भी बाकी है। समस्याएं राज्य के सामने है इन सबको दूर करने के कार्य करना होगा। कठिनाइयां मनुष्य का गहना होती है, पर्वतीय इलाकों में आर्थिक और रोजगार के साथ शिक्षा की पहुंच को आसान बनाया जाए। साथ ही शिक्षा पर महिलाओं के प्रथम अधिकार बने। “

उत्तराखंड ने स्थापना के 18 साल पूरे किए, युवा उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर देहरादून स्थित पुलिस लाइन में सुबह रैतिक परेड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सलामी ली। इस मौके पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ ही भाजपा सांसद रमेश पोखरियाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत सरकार के मंत्री भी मौजूद रहे। स्थापना दिवस परेड के बाद दोपहर को परेड मैदान में सीएम ने सरस मेले का उद्घाटन किया। वहीं, इस उपलक्ष्य में शाम को नगर निगम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लाइन में रैतिक परेड की सलामी लेने के बाद राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि समाज में कानून व्यवस्था बनाने में पुलिस की अहम भूमिका है। कार्य की चुनौती को देखते हुए पुलिस को 24 घंटे ड्यूटी कर जिम्मेदारी का बखूबी निभानी पड़ती है।

मौके पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि, “राज्य के विकास के लिए सरकार ने कही नीतिगत परिवर्तन किया है। आपदा के दौरान पुलिस की भूमिका की सराहना की, एक वर्ष के भीतर पुलिस ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। साइबर अपराधियों से लेकर आपदा प्रबंधन और अनुशासन में पुलिस ने मर्यादा का ख्याल रखा है, राज्य में नए कीर्तिमान बनाए।” इस मौके पर बेहतर और सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री प्रकाश पंत, उच्च राज्य मंत्री धन सिंह रावत, डीजीपी अनिल कुमार, एडीजी अशोक कुमार, एसएसपी निवेदिता कुकरेती उपस्थित थे।

राष्ट्रपति, पीएम, केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने दी बधाई 
राज्य के 18वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीटर पर राज्यवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया कि, “मेरी कामना है कि यह राज्य, आने वाले वर्षों में निरंतर समृद्ध और विकसित होता रहे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि- “देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकृति, प्रगति और समृद्ध संस्कृति की अनमोल संगम-स्थली यह प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करे।”
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “उत्तराखंड देव भूमि है और वीर भूमि भी। यह राज्य अब विकास भूमि के रूप में भी स्थापित हो रहा है। उत्तराखंड उत्तरोत्तर प्रगति करता रहे, यही ईश्वर से कामना है।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उहोंने ट्वीट किया कि, “श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने उत्तराखंड का निर्माण किया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में भाजपा देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।”