उत्तराखंड : परिवहन विभाग खरीदेगा 600 सौ नई बसें, अब वर्ष भर बनेगा ग्रीन कार्ड

0
261
बसों
file

प्रदेश परिवहन विभाग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों के बेड़े की संख्या बढ़ाएगी। राज्य में 600 सौ नई बसों की खरीद की जाएगी, जिसमें 150 बसें बीएस-06 मानक की होंगी। अब चार धाम यात्रा सीजन ही नहीं बल्कि वर्ष भर वाहनों के लिए ग्रीन गार्ड बनाएं जाएंगे।

विधानसभा स्थित कक्ष में परिवहन मंत्री, चन्दन राम दास ने विभागीय अधिकारियों के साथ परिवहन विभाग व परिवहन निगम की समीक्षा बैठक की। इसके बाद मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि पर्वतीय मार्गों पर रोडवेज की बसों के सुचारू संचालन के लिए बसों की कमी को दूर किया जाएगा। आने वाले समय में लगभग 600 बसों की खरीद की जाएगी। इसमें से 150 बसें बीएस-6 मानक की होंगी। दिल्ली के लिए 200 सौ और 50 बसे पहाड़ के लिए होगी।

परिवहन मंत्री ने प्रदेश के सभी डिपो को हाईटेक बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले कुछ समय में प्रदेश में परिवहन क्षेत्र की तस्वीर बदली नजर आयेगी। उन्होंने कहा कि परिवहन की सभी 52 स्कीमों कोे आनलाइन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवहन हमारे प्रदेश में आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण साधन है। विगत 6 वर्षों में परिवहन निगम की ओर से राज्य की लगभग 35 प्रतिशत आय वृद्धि हुई है। प्रदेश भर में 21 आरआई आफिस संचालित हैं। जो प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विभाग के पास रोडवेज के खाते में 200 सौ करोड़ रुपये हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 6 बड़े शहरों में फिटनेस सेन्टर खोले गये हैं। 4 नये फिटनेस सेन्टर खोलने के लिए भारत सरकार से स्वीकृति ली जा रही है। मोबाइल फिटनेस टीम के माध्यम से हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश के सुदूर क्षेत्र में बसे गांवों में भी फिटनेस सेन्टर की सुविधा उपलब्ध हो पायेगी। उन्होंने कहा कि हाल की ही कैबिनेट में दुर्घटना में मिलने वाली धनराशि को एक लाख से बढ़ाकर दो लाख कर दिया गया है। साथ ही सुरक्षा निधि को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

मंत्री ने प्रदेश में हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश भर में ब्लैक स्पॉट को चिन्हित किया जाएगा। दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में विभाग की ओर से सीसीटीवी लगवाने और डिवाईडर बनाने की पहल की जाएगी। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर हो होने वाली बोर्ड बैठक में मृतक आश्रितों की नियुक्ति के सम्बन्ध में प्रस्ताव रखा जायेगा। निगम में सभी चालकों/परिचालकों एवं प्रवर्तन कार्मिकों को वर्दी तथा नेम प्लेट की व्यवस्था की जायेगी।

मंत्री ने कहा कि सितम्बर माह के वेतन को जारी कर दिया गया है। साल 2022 तक के शेष भुगतान पूरा कर दिए गए हैं। उन्होंने कर्मियों के एरियर और बोनस का भी शीघ्र ही भुगतान करने के लिए अधिकारियोें को निर्देश दिए है।