वरिष्ठ भाजपा नेता केदार सिंह फोनिया का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

0
266

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे केदार सिंह फोनिया का निधन हो गया है। पिछले कुछ दिनों से केदार सिंह फोनिया राजनीति से विरत थे, लेकिन उनकी सतत पैनी निगाह राजनीति पर थी। वह संरक्षक के रूप में मार्गदर्शन कर रहे थे।

केदार सिंह फोनिया के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं। मुख्यमंत्री ने लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार सिंह फोनिया के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करें।

इसके अलावा धामी उनके आवास नेहरू कॉलोनी पर श्रद्धांजलि देने भी पहुंचे।

केदार सिंह फोनिया के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भी शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति, शोकाकुल परिवार तथा समर्थकों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा कि पार्टी संगठन एवं राज्य के विकास में केदार सिंह फोनिया का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। वे एक समर्पित जन नेता के तौर पर सदैव याद किए जायेंगे।

केदार सिंह फोनिया के निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि फोनिया भाजपा के उप वरिष्ठ नेताओं में से रहे हैं जिन्होंने अधिकारी रहने के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं का सीमा में रहकर संरक्षण किया और संगठन को बढ़ाने का प्रयास किया।

केदार सिंह फोनिया पर्यटन और संस्कृति मंत्री रहे हैं। उन्होंने युवा कल्याण और खेल जैसे विभागों का भी दायित्व निभाया है। 6 अक्टूबर 1930 को जोशीमठ चमोली में जन्मे केदार सिंह फोनिया ने 92 वर्ष की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली।