कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी के स्थापना दिवस के जश्न पर दी नसीहत

0
750
कांग्रेस

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा के स्थापना दिवस पर मनाए जा रहे जश्न पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लोगों का ठगने का काम कर रही है, जिसे अब जनता समझ चुकी है। जिसका परिणाम भाजपा को आगामी चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
शुक्रवार को राजीव भवन में मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा के केंद्र और राज्य सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा की छल और बल की राजनीति अब ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। सांप्रदायिक राजनीति, झूठे वायदे का धरातल पर काम नहीं दिख रहा है। प्रदेश में बेरोजगार-किसान परेशान है लेकिन इनकी सुध लेने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही डबल इंजन की सरकार। भ्रष्टाचार पर खोखला जीरो टॉलरेंस की सरकार नीतियों से लोग उब चुके है। उन्होंने राज्य में शराब, खनन के प्रति सरकार को कोसते हुए कहा कि जनता को महंगाई से राहत दिलाई जाए।
प्रीतम सिंह ने कहा कि अपना स्थापना दिवस हर पार्टी मनाती है और उसे इसका अधिकार भी है लेकिन जब बात सच्चाई व लोगों की आती है तो बीजेपी अपना रंग बदल लेती है। ऐसी ही राजनीति के सहारे भाजपा सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि हमेशा छल की राजनीति करने वाली भाजपा वर्ष 1989 में राम मंदिर के नाम पर देश को दंगों की आग में झौंक दिया था और आज 28 साल बाद भी वही राग अलापा जा रहा है। चुनाव के दौरान कई वादे किए गए थे, जो झूठे साबित हो चुके हैं। प्रदेश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार संवेदनहीन है।
प्रीतम सिंह ने सरकार से सवाल किया कि ट्रांसपोर्टर आत्महत्या प्रकरण में खुद मुख्यमंत्री का कहना था कि उन्हें आए दिन लोगों के आत्महत्या करने की धमकी के फोन आते हैं। मगर जिन लोगों ने फोन किए उन लोगों के दुखदर्द जानने की कोशिश नहीं की गई। भाजपा की असलियत को जनता जान चुकी है। आने वाले चुनाव में जनता खुद उसका सफाया करेगी।