उत्तराखंडः सीएम हेल्पलाइन पर 30 हजार से अधिक शिकायतों का समाधान

0
381
हेल्पलाइन
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा करीब डेढ़ साल पहले स्थापित की गई सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 30 हजार से अधिक शिकायतों काे संतोषजनक तरीके से निपटाया गया।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने 23 फरवरी, 2019 को जनता की सहूलियत के लिए सीएम हेल्पलाइन 1905 का देहरादून में उद्घाटन किया था। इसका मकसद यह था कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर दराज के क्षेत्रों से मुख्यमंत्री कार्यालय या सचिवालय के चक्कर ना काटने पड़ें, जिससे जनता के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा जनता घर बैठे ही सरकार तक विभागों की समस्या ऑनलाइन या फ़ोन पर बता सकेगी।
कोरोना महामारी के दौरान सीएम हेल्पलाइन जनता के लिए वरदान बनकर सामने आई है। लॉकडाउन के दौरान सीएम हेल्पलाइन ने आपातकालीन सेवा के रूप में भी कार्य किया है। सीएम हेल्पलाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी लॉकडाउन के दौरान प्रदेशवासियों की समस्याओं को सुनकर उनका 24 घंटे के भीतर ही निस्तारण करा रहे थे। लॉकडाउन खुलने के बाद सीएम हेल्पलाइन में पंजीकृत प्रदेश के सभी अधिकारी उतनी ही तत्परता से जनसमस्याओं का समाधान कर रहे हैं। सीएम हेल्पलाइन में अधिकारियों द्वारा शिकायत का समाधान होने पर सीएम हेल्पलाइन 1905 के कॉल सेन्टर द्वारा शिकायतकर्ता को कॉल भी की जाती है और शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्राप्त होने पर ही शिकायत को बन्द किया जाता है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सीएम हेल्पलाइन वेबसाइट cmhelpline.uk.gov.in एवं मोबाइल ऐप CM HELPLINE UTTARAKHAND और टोल फ्री फ़ोन नंबर 1905 जनता के लिए शुरू किया था, जिसमें अधिकारियों को शिकायत प्राप्त होते ही 15 दिन के भीतर शिकायत पर कार्रवाई करना अनिवार्य है। सीएम हेल्पलाइन में उत्तराखंड के 3900 अधिकारियों को जोड़ा गया है। जिसमे एल1 (ब्लाक, तहसील ,नगर) , एल2 (जिला) , एल3 ( प्रदेश) और एल4 (शासन के सचिव) स्तर के अधिकारी हैं। सभी अधिकारियों को यूजर नेम और पासवर्ड शिकायत का निस्तारण करने के लिए दिया गया है। इसमें प्रत्येक माह आयुक्त गढ़वाल मंडल और आयुक्त कुमाऊं मंडल सभी जिलों के अधिकारियों की समीक्षा बैठकें भी ले रहे हैं और शिकायतों के गुणवत्ता पूर्वक समाधान पर प्रतिदिन मंडल आयुक्तों और जिलाधिकारियों द्वारा नजर रखी जा रही है। शिकायतों पर लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर शासकीय कार्रवाई और अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कार के लिए चयनित किए जाने के शासनादेश भी जारी हो चुके हैं।
सीएम हेल्पलाइन की रिपोर्ट में अभी तक CM HELPLINE 1905 पर 23 फरवरी, 2019 से 25 सितम्बर, 2020 तक 30,147 शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ शिकायतों का समाधान किया गया है। गढ़वाल मंडल के जिलों में देहरादून  में 5763, हरिद्वार 4246 , टिहरी गढ़वाल 1454, रुद्रप्रयाग 506, पौड़ी गढ़वाल 2119, उत्तरकाशी 704 और चमोली में 798 शिकायतों का समाधान हुआ है। कुमाऊं मंडल के जिलों में उधम सिंह नगर 6205 , नैनीताल4159 , अल्मोड़ा 2355 , चम्पावत 667 , बागेश्वर 506 और पिथौरागढ़ में 664 शिकायतों का समाधान हुआ है।