सरिता आर्य ने कहा-टिकट मिले तो भाजपा में जाने को तैयार

0
355

2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 21 वर्ष के बाद सत्ता में लौटाने वाली महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक व पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष सरिता आर्य ने स्वयं भाजपा में जाने की अपनी चर्चाओं को हवा दे दी है। शनिवार को देहरादून में रहीं।

इससे पहले शुक्रवार रात्रि भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी व पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच सरिता ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ से दूरभाष पर कहा, यदि भाजपा उन्हें (नैनीताल सीट से विधानसभा का) टिकट देती है तो वह भाजपा में शामिल होंगी, अन्यथा नहीं। अलबत्ता सरिता ने भाजपा नेताओं से मुलाकात करने से इंकार किया। उन्होंने दावा किया कि वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने देहरादून गई थीं। वहां से लौटने पर जब उन्हें मीडिया कर्मी मिले, तब उन्हें पता चला कि वहां भाजपा नेता प्रह्लाद जोशी भी रुके थे। जोशी से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई।

इधर भाजपा के लोग बता रहे हैं कि सरिता टिकट के लिए अड़ी हुई हैं, जबकि भाजपा उन्हें बिना शर्त पार्टी में शामिल होने और भविष्य में सम्मानजनक पद देने को कह रही है। यह भी है कि सरिता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अधिक बड़े समूह के साथ भाजपा में शामिल नहीं हो पा रही हैं, इसलिए भाजपा उन्हें टिकट देने पर जीत के प्रति सुनिश्चित नहीं है। उनके आने से भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं में रोष होने की भी संभावना है। हालांकि उनकी पूर्व विधायक व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते राजनीतिक प्रोफाइल को देखकर भाजपा उन्हें पार्टी में शामिल कराकर मनोवैज्ञानिक लाभ लेना भी चाहती है।