गोमुख से संकल्प कलश यात्रा पहुंची ऋषिकेश

0
521
ऋषिकेश,  पांच दिवसीय गोमुख संकल्प कलश यात्रा का ऋषिकेश पहुंचने पर जगह-जगह भव्य स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया। यात्रा के सर्वप्रथम ज्ञान करतार आश्रम मां कात्यायनी मंदिर में पहुंचने पर समस्त क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया। तत्पश्चात यात्रा शीशम झाड़ी से कैलाश गेट होती हुई नव मधुबन आश्रम पहुंची।
यहां स्वामी परमानंद दास महाराज एवं समस्त ऋषिकेश की जनता ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसमें क्षेत्रीय संस्थाएं  गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति, सारथी सामाजिक संस्था,आवाज साहित्यिक संस्था आदि सम्मिलित रहीं। इस माैके पर श्रद्धालुओं व क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने कलश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के संरक्षक समाजसेवी चन्दवीर पोखरियाल ने कहा कि गोमुख संकल्प यात्रा से सभी संप्रदाय एवं क्षेत्रवासियों के द्वारा पॉलिथीन मुक्त उत्तराखंड का संदेश घर-घर में जाएगा।
यात्रा के संयोजक पंडित रवि शास्त्री ने बताया कि पांच दिवसीय कलश संकल्प यात्रा द्वारा चलाए जा रहे पॉलिथीन मुक्त अभियान में समूचे उत्तराखंड का हमें बहुत अपार सहयोग मिल रहा है। पॉलिथीन अभियान में जगह-जगह जन जागरण कर लोगों को जागृत करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गोमुख संकल्प कलश यात्रा के पवित्र जल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किया जाएगा। साथ ही इस मुहिम को पूरे देश में एक संकल्प के साथ जोड़ा जाएगा। कलश यात्रा शत्रुघ्न घाट राम झूला पहुंची, जहाँ यात्रा का स्वागत ऋषि कुमारों द्वारा किया गया।