रोडवेजकर्मी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर 

0
521
देहरादून, एक बार फिर रोडवेज कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। वेतन भुगतान सहित 15 सूत्राीय मांगों को लेकर आंदोलित रोडवेज कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले जाने से बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। इससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
तीन महीने से वेतन न मिलने से नाराज रोडवेज कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले गये हैं। इसके कारण तमाम रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हुआ है और यात्रियों को आवागमन में भारी परेशनियों का सामना करना पड़ रहा है। अन्तरराज्यीय बस अड्डे पर सोमवार यात्रियों की भारी भीड़ दिखायी दी। लोग बसों की तलाश में भटकते दिखे।
उल्लेखनीय है कि तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण रोडवेज कर्मचारी बीते कई दिनों से आंदोलित हैं। अधिकारियों से उनकी अब तक की कई बार की वार्ताएं हो चुकी हैं लेकिन उनकी मांगों पर कोई सहमति नहीं बन सकी है। रोडवेज कर्मचारियों की आर एम सीपी कपूर से वार्ता हुई थी।जिसमें कोई समाधन नहीं निकल सका। रोडवेज कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारी उनकी समस्याओं पर ध्यान देने को तैयार नहीं है जिसके कारण उन्हे अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार पर विवश होना पड़ा है।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बैनर तले आंदोलन कर रहे इन रोडवेज कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार के दौरान रोडवेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों में विभागीय भ्रष्टाचार को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि डग्गामार बसों के संचालन से रोडवेज को भारी घाटा हो रहा है, उनकी मांग है कि खराब वाल्वो बसों को हटाया जाये तथा दिल्ली में आईएसबीटी पर काउंटर बढ़ाये जाये साथ ही अनुबन्धित ढाबों पर यात्रियों से लूटपाट को रोके जाने सहित कई अन्य मांगों को पूरा किया जाए। आरएम कार्यालय पर इन कर्मचारियों ने आज से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक उनका वेतन नहीं मिलेगा तथा उनकी मांगों को नहीं माना जायेगा उनका आंदोलन जारी रहेगा।