15 अगस्त से मनाई जाएगी राजीव गांधी की 75वीं जयंती

0
414
देहरादून,  उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 75वीं जयंती 15 से 20 अगस्त तक राज्यभर में धूम-धाम से मनाएगी। इसी क्रम में हरिद्वार में एक विशाल राजीव गांधी सद्भावना यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।
इस संबंध में एक बैठक हुई, जिसमें पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि, “कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में स्व. राजीव की 75वीं जयंती के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्यभर के कांग्रेसजनों से जयंती कार्यक्रमों को धूमधाम से मनाने का आह्रवान किया।”
उन्होंने 19 अगस्त को हरिद्वार शहर में एक विशाल राजीव गांधी सद्भावना यात्रा का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में किया जाएगा जो देवपुरा से प्रारम्भ होकर शिव मूर्ति, हरकी पौड़ी होते हुए भीमगोण्डा स्थित जयराम आश्रम में सम्पन्न होगी। 20 अगस्त को समस्त जिला मुख्यालयों पर स्व. राजीव गांधी के जन्म दिन को धूमधाम से मनाया जाएगा।
धस्माना ने बताया कि, “स्वतंत्रता दिवस के दिन 15 अगस्त को सभी जिला, शहर, ब्लॉक, नगर मुख्यालयों में पार्टी के नेता राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे जबकि 16 अगस्त को प्रदेश के सभी ब्लॉक, नगर मुख्यालयों में पार्टी की ओर से राजीव गांधी के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर सम्मेलन व गोष्ठियां आयेाजित की जाएगी जिनमें स्व. राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्वकाल में संविधान के 73वें एवं 74वें संशोधन, सूचना-प्रौद्योगिकी क्षेत्र में क्रान्ति व उत्तर पूर्वी प्रान्तों में शान्ति के लिए किए गए प्रयास शामिल हैं। राज्यभर में 17 अगस्त को सभी जनपदों में वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयेाजित किए जाएंगे।”
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, डाॅ. संजय पालीवाल, महामंत्री विजय सारस्वत, राजपाल सिंह बिष्ट, अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष पछुवादून संजय किशोर, जिलाध्यक्ष परवादून गौरव चौधरी, पी.के. अग्रवाल, पूर्व मंत्री अजय सिंह, प्रदेश सचिव गिरीश पुनेड़ा, नगर अध्यक्ष ऋषिकेश विनय सारस्वत, आदि शामिल थे।