उत्‍तराखंड की हिमालय चोटियों पर बर्फबारी, अगले 12 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी

0
726
Pic Courtesy: Arun Dabral

उत्‍तराखंड के चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड के साथ ही उंचे हिमालय इलाकों में बर्फबारी जारी है। इसके साथ ही बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन के चलते बदरीनाथ के पास हाईवे फिर बंद हो गया। इसके चलते तीन हजार से ज्यादा यात्रियों को विभिन्न पड़ावों पर रोका गया है। मौसम का असर केदारनाथ में हेली सेवा पर भी पड़ा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक मंगलवार सुबह तक देहरादून और हरिद्वार में एक-दो दौर तेज बारिश हो सकती है। दोपहर के समय आसमान पर बादल छाये रह सकते हैं। भारी बारिश के कारण सोमवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 26.7 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उधर, मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.8 व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मसूरी में दोपहर बाद कोहरा छाये रहने से लोगों ने गरम कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।

चारधाम में बर्फबारी का क्रम जारी

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। प्रदेश में शनिवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश सोमवार को भी जारी रही।

वहीं बारिश और कोहरे के कारण केदारनाथ के लिए संचालित होने वाली हेली सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। हेली सेवाओं के सहायक नोडल अधिकारी एनएस पंवार ने बताया कि सोमवार को सिर्फ तीन उड़ान ही संचालित की जा सकीं। उन्होंने बताया कि अब यात्रियों की संख्या में भी कमी आ रही है। बताया कि 26 सितंबर से अब तक महज 2500 यात्री ही हेली सेवा से दर्शन को गए।