पांच जिलों में हो सकती है वर्षा और बर्फबारी

0
425
देहरादून,  शीतलहर और कोहरे के कारण प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। प्रदेश में एक बार फिर से मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पांच जिलों में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। हालांकि बुधवार को राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों अच्छी धूप खिली है।
मौसम विभाग विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया की आगामी 20 और 21 दिसम्बर को प्रदेश के मौसम में परिवर्तन हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। विशेषकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। कहा 2500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बर्फबारी की ज्यादा संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को विशेषकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में घना कोहरा छाया रह सकता है। इन दोनों जिलों में शीत दिवस होने की संभावना है। शुक्रवार को भी कुछ भागों में मध्यम से घना कोहरा रह सकता है।
चमोली जिले में विगत दिनों हुई वर्षा और बर्फबारी के कारण कई गांव में बाधित विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई। हालांकि विद्युत विभाग कार्रवाई में जुटा हुआ है। तहसील घाट के 4 गांव, गैरसैंण के 15 गांव, पोखरी के 2 गांव व जोशीमठ के कुछ गांव में बर्फबारी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित है। इसके अलावा गोपेश्वर चोपता मंडल मोटर मार्ग भी यातायात के लिए अवरुद्ध है। ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 58) जोशीमठ तक यातायात के लिए खुला है। उससे आगे हेलंग के पास अभी भी बंद है। चंपावत जिले में टनकपुर लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 9) स्वाला के पास यातायात के लिए अवरुद्ध है जिन्हें खोले जाने का कार्य किया जा रहा है।