उत्तराखण्ड में राहुल की रैली 16 मार्च को, तैयारियों में जुटी कांग्रेस

0
666
कांग्रेस

देहरादून। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की देहरादून में 16 मार्च को प्रस्तावित रैली की तैयारियों में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। प्रदेश के गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के सभी सांगठनिक ब्लॉकों से पार्टी कार्यकर्ता समर्थकों के साथ परिवर्तन रैली में शिरकत करेंगे। सभी फ्रंटल संगठनों को रैली के मद्देनजर अलर्ट किया गया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की राजधानी देहरादून में 16 मार्च को होने वाली परिवर्तन रैली को पार्टी शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी ले रही है। रैली को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, उप नेता प्रतिपक्ष करन माहरा, सूर्यकांत धस्माना सहित अन्य संगठन के पदाधिकारी लगातार बैठक कर रहे हैं। इनका उद्देश्य राहुल की रैली के माध्यम से प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाना है।
कांग्रेस परिवर्तन रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश संगठन ने सभी जिलाध्यक्षों के साथ ही पूर्व विधायकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। रैली के लिए आयोजन समिति गठित की गई है। कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल की रैली से लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को नई संजीवनी मिलेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के लिए यह परीक्षा की घड़ी है। इसलिए रैली को लेकर प्रदेश नेतृत्व की ओर से देहरादून सहित राज्य के दोनों मंडलों के सभी जिलों और पांचों लोकसभा क्षेत्रों में बैठकों का दौर जारी है।
मैदानी क्षेत्र देहरादून, ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार के अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को रैली में सहभागिता पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश के सभी ब्लॉकों से भी कार्यकर्ताओं को देहरादून पहुंचने के लिए कहा गया है।
प्रीतम सिंह का कहना है कि पार्टी अध्यक्ष के देहरादून में कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। रैली को सफल को बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप ​दी गई है। देहरादून सहित प्रदेश भर के लोग बड़ी संख्या में रैली में भाग लेंगे। भाजपा सरकार का कार्यकाल पूरी तरह से विफल साबित हुआ है। ऐसे में कांग्रेस के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा है। कांग्रेस के आयोजन समिति में पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना व पूर्व विधायक राजकुमार सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।