चकराता: वाहन दुर्घटना में 13 की मौत,2 घायल,मुख्यमंत्री ने जांच के दिए निर्देश

0
298
धुमाकोट
FILE

उत्तराखंड के देहरादून जिले में रविवार को बोलेरो वाहन हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताते हुए शाेक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

आज सुबह देहरादून के चकराता-त्यूणी मार्ग पर राजस्व क्षेत्र ग्राम बायला के पास एक बोलेरो वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई,जबकि 02 लोग घायल बताए गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने घटना की मजिस्ट्रेरियल जांच के आदेश देते हुए घायलों के समुचित उपचार और राहत बचाव के साथ ही वाहनों में ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की है वे ओवरलोडिंग न करें। हम सभी को स्वयं जागरूक होकर इस तरह की घटनाओं से बचना है।

ग्राम बायला से विकासनगर के लिए जा रहा एक बोलेरो वाहन आज प्रात: 8 बजे के आसपास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। सूचना पर थाना चकराता से पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची और राहत- बचाव कार्य शुरू कर दिया था। जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में कुल 15 सवारियां सवार थीं, जिनमें से 13 सवारियों की मौके पर मृत्यु हो गई थी, जबकि दो घायल हो गए हैं। रेस्क्यू टीम ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस और संबंधित विभाग दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने चकराता क्षेत्र के अंतर्गत बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुए बोलेरो वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत और बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उपचार और मृतकों के परिवारजनों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर एवं जिलाधिकारी देहरादून घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं।

दुर्घटना में मृतकों के नाम हैं-

मातबर सिंह पुत्र स्व. भगत सिंह निवासी बायला, चकराता देहरादून(48), रेखा चौहान( 30) पत्नी मातबर सिंह निवासी, तानिया(11) पुत्री मातबर सिंह निवासी, ईशा चौहान(18) पुत्री गजेन्द्र सिंह निवासी, काजल (15) पुत्री जगतू सिंह निवासी, जयपाल सिंह (40 वर्ष) पुत्र भाउ सिंह निवासी, साधु राम (60) पुत्र गुलाब सिंह निवासी,अजंली (13) पुत्री जयपाल सिंह निवासी उपरोक्त, दान सिंह (60) पुत्र रत्तू सिंह, रतन सिंह (50) पुत्र रति राम, नरेन्द्र सिंह (35) पुत्र भाउ सिंह, जीतू राम (34) पुत्र फेतिया निवासी मलेथा चकराता, हरि राम (52) पुत्र देवी राम निवासी ग्राम सिरमौर की मृत्यु हो गई।

घायल: ऋतिक ( 6) पुत्र इन्द्र सिंह निवासी ग्राम बायला चकराता, गजेन्द्र तोमर(29) पुत्र दल सिंह निवासी ग्रा0 पिथुवा चकराता घायल हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने विकासनगर-त्यूनी मोटर मार्ग पर हुए हृदय विदारक सड़क हादसे पर गहरा दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना से कई लोग असमय काल कलवित हो गये हैं। उनके परिजनों के लिए यह असहनीय दुःख है। हम उनके दुःख को बांट तो नहीं सकते लेकिन इस दुःख की घड़ी में उनके साथ हैं।