प्रधानमंत्री को उत्तराखंड के विकास की सर्वाधिक चिंता: मुख्यमंत्री 

0
425
देहरादून, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड के लिए विशेष सहयोग है, उन्होंने वर्षों पूर्व जो कहा उसे कर दिखाया है। आल वेदर रोड, हवाई सुविधा तथा केदारधाम का पुर्नस्थापना इसी बात का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन के बाद लोगों के संबोधन में व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “अंतरिम सरकार के कार्यकाल में नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड के प्रभारी थे। बद्रीधाम में भाजपा कार्य कारिणी आयोजित हुई, उस समय उन्होंने अपने भाषण में काफी कुछ चर्चा की थी और कहा था कि बद्रीधाम में पूरे देश के लोग आना चाहते हैं। ऐसे में यहां सुविधाएं और रेल तथा हवाई सेवाओं से जुड़ाव आवश्यक है ताकि पूरे देश के लोग यहां आ सके। उसके बाद वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने और अब प्रधानमंत्री बनकर उन्हीं सपनों को पूरा कर रहे हैं। यह बातें कहने के 14 वर्ष बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया और उनकी प्रेरणा से भारत में सर्वाधिक हेलीसेवा का उपयोग उत्तराखंड के लिए हो रहा है। “
उन्होंने कहा कि, “वह जो बोलते थे उसे नोट करते थे और जब दोबारा वहां जाते थे तो उन पर क्रियान्वयन की समीक्षा करते थे कांग्रेस के प्रतिदिन एक भ्रष्टाचार के कारण भाजपा केन्द्र तथा प्रदेशों में आई है, इसीलिए प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार पर जीरो टाॅलरेंस का नारा दिया और इसी नीति पर गत पांच वर्षों के शासनकाल में केन्द्र सरकार पर कोई उंगली नहीं उठा पाया। वर्तमान कार्यकाल की भी यही स्थिति रहेगी।” मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि, “प्रधानमंत्री की ही प्रेरणा से हमारे ढाई साल के कार्यकाल में अब तक कोई आक्षेप नहीं लगा है और न ही लगेगा। उन्होंने सेवा सप्ताह के रूप में मनाये जाने वाले जन्मदिन के लिए आयोजनकर्ताओं को बधाई दी।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नैनीताल अजय भट्ट ने कहा कि, “प्रधानमंत्री के जन्मदिन को हम सेवा सप्ताह के रूप में मना रहे हैं। जन्म के तीन दिन पहले और तीन बाद तक चलने वाले इस कार्यक्रम में समाज की सेवा के लिए हर वह कदम उठाए जाएंगे जो सेवा भावना के तहत आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व और कृतित्व ऐसा है कि उन्होंने प्राणी मात्र की भलाई के लिए कार्य किया है। एकता, देश की सेवा, विश्व बंधुत्व की भावना प्रधानमंत्री की कार्यों की विशेषता है। उन्होंने बचपन से जिन आदर्शों को जिया उन्हें वह सामाजिक जीवन में उतार रहे हैं। प्लास्टिक पर बैन, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन जैसे सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय वाले कार्यक्रम उन्हीं की देन है। मानव कल्याण के तहत कुष्ट रोगियों की सेवा, सबके स्वास्थ्य की चिंता, मजदूर, किसान, कर्मचारी सबके भविष्य की चिंता प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में है। इतना ही नहीं किन्नर जैसे लोगों की चिंता भी उनकी प्राथमिकता रही है।”
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि, “प्रधानमंत्री सही मायने में राजऋषि है। उन्होंने अपने जीवन को समाज के लिए समर्पित कर दिया है जो एक संत के रुप में समाज की चिंता का माध्यम है, ऐसे व्यक्तित्व के जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाना हम सबका दायित्व है और हम इसी काम को कर रहे हैं। कार्यक्रम संयोजक पुनीत मित्तल ने कार्यक्रम की रुपरेखा पर प्रकाश डाला।”