दून जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी दूसरी बैरक में शिफ्ट, सुरक्षा बढ़ाई

0
624
जेल

देहरादून। जयपुर सेंट्रल जेल में एक पाकिस्तानी कैदी की मौत के बाद दून जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आईजी जेल की ओर से अलर्ट जारी करने के बाद पाकिस्तानी कैदी को अलग बैरक में रखा गया है। साथ ही जेल प्रशासन को गतिविधियों पर नजर रखने के भी आदेश जारी किए हैं।
जयपुर की सेंट्रल जेल में जासूसी के आरोप में बंद पाकिस्तानी नागरिक साकिर उल्ला उर्फ मोहम्मद हनीफ की बुधवार को हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि टीवी की आवाज को कम ज्यादा करने को लेकर उसका अन्य कैदियों के साथ विवाद हो गया था। इस विवाद में दो गुटों में भिड़ंत हुई, जिसमें साकिर उल्ला पर अन्य कैदियों ने हमला कर दिया और पत्थर से कुचल कर उसकी हत्या की गई। इस घटना के बाद देहरादून जेल में भी अलर्ट जारी कर दिया है।
आईजी पीवी के प्रसाद ने बताया कि एक पाकिस्तानी मूल का युवक अमान यहां दुष्कर्म के दोष में सजा काट रहा है। झगड़े या किसी अनहोनी की आशंका पर उसकी सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। इन आदेशों के बाद जेल प्रशासन ने उसे अन्य कैदियों से अलग कर बैरक में अकेले बंद किया है। साथ ही जेल में पहरा बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं।