उत्तराखंड में बंद का रहा मिलाजुला असर

0
596

देहरादून। पेट्रो पदार्थों में लगातार मूल्य वृद्धि और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों आह्वान पर प्रस्तावित भारत बंद का उत्तराखंड में मिलाजुला असर देखने को मिला। बंद को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किया और रैलियां निकाली। कई स्थानों पर कांग्रेस ने स्कूल भी बंद कराए तो कई स्कूलों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए। इस दौरान स्कूल पहुंचे बच्चों को भी वापस लौटना पड़ा। देहरादून में घंटाघर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मोदी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी केवल जुमलों की राजनीति कर रहे हैं। मंहगाई चरम पर है। करोड़ों युवा बेरोजगारी की मार से त्रस्त है। कहो मोदी ने राफेल डील से देश को लाखों करोड़ का चूना लगाया। वहीं, लैंसडाउन चौक पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर केंद्र की भाजपा सरकार का विरोध जताया है।
देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत बंद को लेकर सोमवार सुबह आठ कांग्रेस भवन में एकत्र होकर बाजारों का रुख किया। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और सदस्यों ने शहर में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान समर्थन में बाजार और दूसरे संस्थान बंद कराए। वहीं, भारत बंद को प्रेमनगर व्यापार मंडल ने समर्थन नहीं दिया। प्रेमनगर में कुछ दुकानें खुलने लगी है, जबकि कुछ बंद है। व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी योगेश नागपाल ने बताया कि सभी दुकानें खुल जाएंगी। इस दौरान घंटाघर और चकराता रोड क्षेत्र में जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नैनीताल में बेअसर रहा बंद
भारत बंद नैनीताल में बेअसर रहा। रोज की तरह दुकान खुली, जबकि मंडी में सुबह से ही आवक होती रही। तल्लीताल व मल्लीताल व्यापार मंडल की ओर से बंद का कोई आह्वान भी नहीं किया गया था। दोपहर को तल्लीताल क्रांति चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सभा की जाएगी।

पिथौरागढ़ में दिखा बंद का असर
पिथौरागढ़ में भारत बंद के तहत बाजार बंद का असर दिखने लगा है। अधिकांश बाजार बंद है। सुबह स्कूल खुले थे, लेकिन आठ बजे के आसपास युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्कूल भी बंद करा दिए है। कांग्रेसियों ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया।

ऋषिकेश में बंद का व्यापक असर
महंगाई के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आहूत भारत बंद का तीर्थनगरी में व्यापक असर देखने को मिला। नगर के सभी प्रमुख बाजार रेलवे रोड, देहरादून रोड, घाट रोड, क्षेत्र रोड, हरिद्वार रोड लाजपत राय मार्ग के व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद है। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में एकत्र पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां से जुलूस निकाला। नगर में दुपहिया रैली के जरिए घूमकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने छुटपुट खुले व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद करा दिया। चार धाम यात्रा बस टर्मिनल के आसपास का बाजार भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बंद करा दिया। महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता लक्ष्मण झूला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर धरना देकर डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि का 11 बजे से विरोध करेंगे। प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, जयपाल जाटव, एआईसीसी नंबर जयेंद्र रमोला, नगर अध्यक्ष विनय सारस्वत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु जोशी, संजय गुप्ता, शिव मोहन मिश्र, वीरेंद्र सजवाण, विमला रावत, मुमताज हाशिम आदि शामिल हुए।

हरिद्वार में बंद का मिलाजुला असर
हरिद्वार पेट्रोल कीमतों में बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस के भारत बंद का असर धर्मनगरी में मिलाजुला दिख रहा है बाजारों में जहां कई दुकानें खुली हैं वहीं कहीं के शटर बंद है सार्वजनिक परिवहन भी फिलहाल सुचारु है। ज्वालापुर क्षेत्र में भी कई कांग्रेसी नेताओं के दुकान खोले हैं कांग्रेस कार्यकर्ता जत्था में हर की पैड़ी और आसपास बाजारों में रैली भी निकाल रहे हैं।

लालकुआं व काशीपुर में कार्यकर्ताओं ने बंद कराए बाजार
महंगाई के विरोध में भारत बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेसियों ने लालकुआं व हल्दूचौड़ में घूम घूमकर दुकाने बंद कराई। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। सोमवार को कांग्रेसियों ने व्यापारियों से महंगाई के विरोध में बाजार बंद रखने की विनम्र अपील की। दिनों-दिन बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम और बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है।जिससे नगर व हल्दूचौड़ समेत तमाम क्षेत्रो में बंद सफल दिखाई दिया।

काशीपुर में बाजार बंद कराने को कांग्रेसी शहर की सड़कों पर उतरे। इस दौरान उन्होंने रैली निकालकर जहां दुकानें बंद कराईं। वहीं कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई का भरसक विरोध किया। उन्होंने व्यापारियों से गरीब जनता के लिए बाजार बंद रखने की विनम्र अपील की, जिससे की भारत बंद का असर सफल हो और सरकार तक जनता की आवाज पहुंच सके। दिनों-दिन बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम और बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है। महंगाई पर अंकुश कसने के लिए कांग्रेस ने सोमवार को भारत बंद की घोषणा की थी। भारत बंद का असर सरकार पर पड़े।