दून को प्लास्टिक फ्री बनाने के लिए ग्रुप मैड की मुहिम ”घर वापसी”

0
1537

देहरादून में बढ़ते कूड़े औऱ प्लास्टिक कच़ड़े के खिलाफ शहर में पढ़े-लिखे छात्रों का ग्रुप ‘मैड’ आए दिन कुछ नया करने को तैयार रहता है। इसी कड़ी में बीते 9 सितंबर यानि की हिमालय दिवस पर मैड ने एक नई शुरुआत की है। मैड ने घर वापसी नाम के एक मुहिम की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से वह प्लास्टिक के उत्पादन की जांच और लोगों के जीवन में एक बदलाव लाने की कोशिश करेंगे।

लगातार हमारे दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के खिलाफ इस मुहिम के माध्यम से मैड लोगों को जागरुक करेगा।इसके बारे में बात करते हुए ग्रुप मैड के सदस्य करन कपूर ने हमें बताया कि, ”लगभग हर रोज इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के खिलाफ आवाज उठाने के प्रयास में, हम घर वापसी को एक मुहिम की तरह शुरु करेगें जिसमें हम लोग देहरादून के निवासियों से उनके दैनिक उपयोग की वस्तुओं के रैपर इकट्ठा करेंगे, रैपरों के बंडल बनाएंगे और फिर उन्हें उन कंपनियों को भेजेंगे जो उन्हें बना कर बाजार में बेचते हैं। यह हमारी तरफ से एक रिएक्शन होगा कि हम नहीं चाहते हैं कि वे अपने उत्पादों को लपेटने के लिए प्लास्टिक का उपयोग करें, और अब यह सही समय है कि उन्हें अपने प्रोडक्ट को पैक करने के लिए दूसरे विकल्पों के बारे में सोचना चाहिए।”

गौरतलब है कि हम सभी प्लास्टिक के खतरों के बारे में जानते हैं, लेकिन हम अभी भी हम प्लास्टिक से घिरे हुए हैं। हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में प्लास्टिक जुड़ा हुआ है।हमारे छोटी-छोटी जरुरतें जैसे कि बिस्किट, चिप्स, साबुन, आदि सभी दैनिक सामान के साथ हमें प्लास्टिक मुफ्त मिलता हैं। प्लास्टिक से होने वाले खतरों के बावजूद, इन वस्तुओं की कंपनियां अपने उत्पादों को प्लास्टिक में पैक करती हैं।

प्लास्टिक को रिप्लेस करने वाले विकल्प फूड प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों को थोड़े महंगे पड़ेंगे जिससे उनके प्रोडक्शन की कीमत बढ़ जाऐगी। साथ ही उनके प्लास्टिक के उपयोग की जांच करने के लिए दबाव डालने के लिए कोई भी नहीं है, इसलिए वह अपने प्रोडक्ट के साथ प्लास्टिक को खुले आम बेच रहे हैं।

ग्रुप मैड की इस मुहिम से ना केवल लोग प्लास्टिक के उपयोग से बचेंगे बल्कि अपने प्रोडक्ट्स को प्लास्टिक में पैक करके बेचने वालों के पास भी एक संदेश जाएगा कि अब प्लास्टिक का उपयोग ना किया जाए। मैड की इस मुहिम में ज्यादा से ज्यादा लोग आगे बढ़कर हिस्सा लें तभी शहर को प्लास्टिक मुक्त किया जा सकता है,” करन का कहना हैं। 

जल्द ही मैड अपनी मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए प्लास्टिक कलेक्शन के लिए लोकेशन जारी करेगा। प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली के लिए मैड का यह कदम सराहनीय है और लोगो के सर्पोट से जल्द ही इन अनचाहे प्लास्टिक रैपरों से देहरादून को छुटकारा मिल सकेगा।