भाजपा अध्यक्ष के बुलावे पर हरक पहुंचे घर, हुई चर्चा

0
294
भाजपा

कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के न्यौते पर उनके आवास पहुंचकर साथ में ब्रेकफास्ट किया।

राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सियासत में सरगर्मियां बढ़ने लगी है। आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मंत्री हरक सिंह रावत के दल बदलने की चर्चाओं के बीच उन्हें ब्रेकफास्ट के लिए न्यौता दिया था। इस पर मंत्री हरक सिंह भाजपा अध्यक्ष कौशिक के यमुना कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान वहां लोहाघाट विधायक पूरन सिंह फर्त्याल भी मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह सामान्य प्रक्रिया है और हम मिलते रहते हैं। हरक सिंह रावत कल क्षेत्र से आए थे। कल ही मिलने को लेकर उनसे बातचीत हुई थी। इसी क्रम में चुनाव को प्रभावी बनाने को लेकर आज हरक से बातचीत हुई है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह अनुभवी नेता हैं। उन्होंने उत्तरप्रदेश से उत्तराखंड में काम किया है। विधायक अपने क्षेत्र से मिलने आए हैं। एक क्षेत्र का प्रतिनिधि के नाते कार्य को लेकर गुस्सा होता है। क्षेत्र में आपदा आई है। ऐसे में किसी का नुकसान होता है तो दुख होता है। कहा कि आगामी चुनाव को लेकर कार्यक्रम की रणनीति तैयार करने के लिए हरक सिंह रावत को बुलाया गया है।

पिछले दिनों हरक और हरीश की कडुवाहट पर जमी बर्फ पिघलती नजर आई। इसके बाद हरीश रावत का सीधे हरक से फोन पर बातचीत की तो दल बदलने की चर्चाओं का बाजार और गर्म हो गया। यशपाल आर्य के भाजपा से कांग्रेस में जाने के बाद कांग्रेस से भाजपा में आए विधायकों के फिर कांग्रेस में जाने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। भाजपा संगठन की ओर से कांग्रेस से भाजपा में आए विधायकों पर पूरी नजर रखी जा रही है।