गर्मी का सितम: पारे में आए उछाल ने किया बेहाल

0
422
देहरादून, राजधानी देहरादून सहित प्रदेशभर में सूरज की तपिश एक बार फिर से लोगों को परेशान करने लगी है।  पारे में उछाल दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहने वाला है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी किया है। खासकर वनाग्नि के लिहाज से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के विशेषकर ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में पारे में उछाल आने की संभावना है। शुक्रवार तक पर्वती क्षेत्रों में कुछ स्थानों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि शनिवार और रविवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली तथा पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है।
अलर्ट में बताया कि 25 मई तक प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। 30 मई तक विशेषकर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक बने रह सकते हैं। विशेषकर 26 मई से वनाग्नि के लिए स्थिति अनुकूल होने की संभावना है। इसलिए सावधानी बरतने की सलाह दिए गये है। इसके मद्देनजर वन विभाग ने वनकर्मियों को और सचेत रहने को कहा है।
पिछले सप्ताह पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान सामन्य से दो से तीन डिग्री नीचे चला गया था। लेकिन बीते रविवार के बाद से लगातार पारे में उछाल देखा जा रहा है। मंगलवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री, जबकि पंतनगर में 40 डिग्री सेल्सियस और मुक्तेश्वर में 26 डिग्री, नई टिहरी में 29.4 डिग्री सेल्सियस, पिथौरागढ़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।