उत्तराखंड की दूसरी महिला राज्यपाल होंगी बेबी रानी मौर्या

0
803

देहरादून। उत्तराखंड की नई राज्यपाल बेबी रानी मौर्या होंगी। आगरा की मेयर रहीं और उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य मौर्या भाजपा की पुरानी नेता हैं। उत्तराखंड को जहां राजनीतिक पृष्ठभूमि से अजीज कुरैशी के बाद दूसरी राज्यपाल के रूप में बेबी रानी मिली हैं, वहीं वे राज्य की दूसरी महिला राज्यपाल भी होंगी। इनसे पहले मार्ग्रेट आल्वा राज्य की राज्यपाल रह चुकी हैं।
मंगलवार की शाम केंद्र सरकार ने कई राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। जिसमें उत्तराखंड भी शामिल है। अभी तक डॉ. केके पॉल उत्तराखंड के राज्यपाल थे। राज्यपाल की भूमिका में डॉ. केके पॉल का पांच साल का कार्यकाल आठ जुलाई को पूरा हो चुका है। मेघालय के राज्यपाल के तौर पर उनकी नियुक्ति के आदेश एक जुलाई, 2013 को हुए थे। पिछले करीब पांच साल के दौरान वे पहले नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम के राज्यपाल रहे और फिर उन्हें उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने जनवरी, 2015 को उत्तराखंड के छठे राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। उत्तराखंड के राज्यपाल के तौर पर उन्होंने तीन साल पांच महीने का कार्यकाल पूरा किया। राज्यपाल डॉ. केके पॉल से पहले डॉ. अजीज कुरैशी, मार्गेट आल्वा, बीएल जोशी, सुदर्शन अग्रवाल और सुरजीत सिंह बरनाला उत्तराखंड के राज्यपाल रहे हैं।
उत्तराखंड की राज्यपाल नामित की गईं बेबी रानी मौर्या आगरा के बालूगंज में रहती हैं। वे आगरा की मेयर रह चुकी हैं। पूर्व में राज्य महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। वर्तमान में यूपी बाल आयोग की सदस्य हैं। उन्हें बड़े पद मिलने की चर्चा जोरों पर थी। बेबी रानी मौर्या एमए, बीएड हैं।
उत्तराखंड में राजनीतिक और नौकरशाह चेहरे राज्यपाल के रूप में कार्यरत रहे हैं। राज्य के पहले राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे थे। चौथे राज्यपाल के रूप में शपथ लेने वाली मारग्रेट अल्वा भी केंद्र की कांग्रेस सरकार में मंत्री रहीं थीं। पांचवे राज्यपाल रहे अजीज कुरैशी भी कांग्रेसी पृष्ठभूमि के ही थे। इसी कड़ी में एक बार फिर राज्य को राजनीतिक पृष्ठभूमि केंद्र की तत्कालीन भाजपा सरकार ने सबसे पहले एक ब्यूरोक्रेट सुदर्शन अग्रवाल को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया था। वे राज्यसभा में बतौर महासचिव काम कर चुके थे। इसके बाद 2007 में केंद्र की कांग्रेसी सरकार ने भी पूर्व ब्यूरोक्रेट बीएल जोशी को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया था। 2015 में केंद्र सरकार ने एक बार फिर से ब्यूरोक्रेसी पृष्ठभूमि के डॉ. केके पॉल को राज्यपाल बनाया था। इस मर्तबा केंद्र की भाजपा सरकार ने एक बार फिर से सियासी बैकग्राउंड वाली बेबी रानी मौर्य को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नामित किया है।