करवा चौथ पर्व के लिए सजे बाजार, कपड़ों से लेकर ज्वैलरी मार्केट में भारी भीड़

0
758
हरिद्वार,  पति की लंबी आयु के लिए रखा जाने वाले करवा चौथ व्रत के लिए बाजार सज चुके हैं। बाजार में रंग-बिरंगी चूड़ियों से सभी मनियारी की दुकानें सजी हुई हैं। कपड़ों की दुकानें भी सज चुकी हैं और दुकानदार कई तरह के ऑफर दे रहे हैं। महिलाएं अपने लिए चूड़ियों को पसंद करने के साथ कपड़ों की खरीदारी में जुटी हुई हैं। इसी के साथ मेंहदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लर व दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ है।
गुरुवार को सुहागिनें करवा चौथ पर्व मनाएंगी। पर्व को देखते हुए महिलाओं ने अभी से खरीदारी शुरू कर दी है। बाजार में तरह-तरह की कई खूबसूरत चूड़ियां, बिंदी इत्यादि उपलब्ध हैं। दूसरी तरफ कई तरह की श्रृंगार सामग्रियों से भी बाजार भरे हुए हैं। उपनगरी ज्वालापुर के कटहरा बाजार में करवा चौथ की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। करवा चौथ की सबसे बड़ी खासियत यह है इस दिन सुहागिनें अपने पति की दीर्घायु के लिए पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं।
पर्व के संबंध में ज्यातिषाचार्य पं. देवेन्द्र शुक्ल ने बताया कि, “करवा चौथ में करवा शब्द पात्र के रूप में आया है। इस दिन महिलाएं मिट्टी, चांदी, पीतल या किसी भी अन्य धातु से बने करवे से चांद को अर्घ्य देती हैं। ऐसे में सभी महिलाएं जो करवा चौथ का व्रत रखने जा रही हैं, उन्हें सुबह उठकर स्नान कर भगवान शिव, माता गौरी, गणेश जी और चंद्रमा की विधिवत पूजा अर्चना करनी चाहिए। ऐसा करने से माता गौरी सुहागिन महिलाओं के सुहाग की सदैव रक्षा करती हैं।” बताया कि इस वर्ष करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 55 मिनट से शाम 7 बजकर 12 मिनट तक है। शाम साढ़े सात बजे से 8 बजकर 20 मिनट तक महिलाएं चांद का दीदार कर घर के बड़ों का आशीर्वाद लेने के बाद अपना व्रत खोल सकती हैं।