कार रैली में 200 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग

0
533

देहरादून, फिक्की लेड़ीज ऑर्गनाइजेशन उत्तराखंड चैप्टर ने ‘फ्लो वूमेन कार रैली’ का आयोजन कर अपनी पहली वर्षगांठ मनाई। इसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और ‘ड्राइव फॉर रोड़ सेफ्टी’ का सन्देश लोगों तक पहुंचाया। कार रैली को राज्यपाल भवन से राज्यपाल बेबी रानी मौर्या ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्यपाल ने उत्साह पूर्वक कार रैली को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड परिवहन मंत्री यशपाल आर्या और फ्लो की पूर्व अध्यक्ष वासवी भरत राम उपस्थित रहे।

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि, “फिक्की की महिलाएं बेहतरीन काम कर रही हैं। वे वंचित महिलाओं के लिए समर्पित हैं। अच्छे परिवारों से आने के बावजूद फ्लो की महिलाएं अपने से कम क्षमता रखने वाली महिलाओं के लिए काम कर रही हैं। मैं कहूँगी की, महिलाएं सिर्फ कार चालक नहीं, वे राष्ट्र और अपने परिवारों को भी चलाती हैं। अगर किसी को असल में प्रबंधन सीखना है, तो उन्हें गांवों की महिलाओं से सीखना चाहिए।”

कार रैली बल्लूपुर, क्लॉक टॉवर, राजपुर रोड़ और सहस्त्रधारा रोड़ से होते हुए मालदेवता में फोर बैनियन नेचर ऐंड स्पिरिट रिजॉर्ट पर समाप्त हुई। रैली में करीब 100 कारों के साथ 200 उत्साही महिला ड्राइवरों और नाविकों की भागीदारी देखी गई। कारों को रंगीन स्टिकर, स्लोगन्स, गुब्बारों और फूलों से सजाया गया। चालीस किलोमीटर की कार रैली में प्रतिभागियों को कुछ क्लूज़ दिए गए थे जिसकी मदद से वे फिनिश लाइन तक पहुंच पाए।

उत्तराखंड परिवहन मंत्री यशपाल आर्या ने कहा, “मैं फिक्की टीम को उनकी पहली वर्षगांठ के लिए बधाई देता हूं। यह सराहनीय है कि कार रैली को सड़क सुरक्षा से जोड़ा गया है। सड़क सुरक्षा एक बहुत ही प्रासंगिक मुद्दा है। जीवन बहुत अनमोल है और इसे सुरक्षित रखने की आवश्यकता है।”

फ्लो उत्तराखंड चैप्टर की चेयरपर्सन शिल्पी अरोरा ने कहा, “इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज को सड़क सुरक्षा के बारे में शिक्षित करना है। इस गतिविधि का उद्देश्य समुदाय में यातायात और सड़क सुरक्षा मानदंडों के अभ्यास को सुदृढ़ करना है। इस कार रैली का समर्थन करने के लिए मैं राज्यपाल और परिवहन मंत्री की बहुत आभारी हूं।”

फ्लो की पूर्व अध्यक्ष वासवी भरत राम ने कहा कि, “उत्तराखंड वास्तव में एक देवभूमि है। शिल्पी और उनकी टीम ने एक मजबूत नींव रखी है। पूरे भारत में हमारे 6500 से अधिक सदस्य हैं। फ्लो उत्तराखंड ने बहुत सारी गतिविधियां की हैं, जिसमे से कार रैली एक प्रमुख कार्यक्रम है।”