मकरसंक्रांति का पर्व इस बार 15 जनवरी को

0
538

हरिद्वार,  सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का पर्व मकरसंक्रांति इस साल 14 जनवरी को है या 15 को इस बात पर संशय बना हुआ है। लेकिन ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि इस साल मकरसंक्रांति 15 जनवरी को मनाना शुभ है।

ज्योतिषाचार्य पं. देवेन्द्र शुक्ल के मुताबिक, “14 जनवरी को मकरसंक्रांति का पुण्यकाल नहीं है क्योंकि 14 जनवरी की शाम 7:52 मिनट पर सूर्य का प्रवेश मकर राशि में होगा। तब तक 14 जनवरी का दिन समाप्त हो चुका होगा। इसलिए इस बार सूर्य अस्त हो जाएगा। पंद्रह जनवरी को सूर्योदय मकर राशि के साथ होगा, जिससे मकर संक्रांति का पुण्यकाल 15 जनवरी से ही शुरू होगा। उदय तिथि में सूर्य मकर राशि में होने के कारण मकर संक्रांति 15 को मनाना श्रेष्ठ होगा। सूर्योदय से लेकर दोपहर 11:28 बजे तक मकर सक्रांति का पुण्य काल बना रहेगा। “

उन्होंने बताया कि मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति पर तीर्थ स्नान,दान,पूजा,जप,तप आदि करना पुण्यदायी होता है। खासकर पुण्यकाल के दौरान धर्म-कर्म करने से और भी ज्यादा लाभ मिलता है। यही वजह है कि मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान और दान-पुण्य करने के लिए गंगा तट पर भारी संख्या में भीड़ जुटती है। इस दिन तिल, गुड़ और गर्म वस्त्र दान देना अधिक श्रेयष्कर होता है। उल्लेखनीय है कि जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है तो उस दिन को मकर संक्रांति पर्व के रूप में मनाया जाता है। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण हो जाएंगे। ऐसे तो वर्ष में 12 संक्रांतियां होती हैं, लेकिन शुभ लग्न और अन्य विशिष्ट कारणों की वजह से मकर संक्रांति सबसे ज्यादा अहम मानी जाती है।