प्रदेश सरकार अब राज्य में निकाय चुनाव कराने को तैयार

0
739

देहरादून, प्रदेश सरकार अब राज्य में निकाय चुनाव कराने को तैयार है। 92 में से 88 नगर निकायों के लिए संभावित कार्यक्रम के तहत छह या सात अप्रैल को अधिसूचना जारी हो सकती है। चुनाव 25 या 26 अप्रैल को संभावित है।

इस बीच हाईकोर्ट के आदेशों के क्रम में 23 निकायों में सीमा विस्तार से संबंधित आपत्तियों का निस्तारण अंतिम चरण में है। सभी जिलों को दो दिन के भीतर निस्तारण रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। इसके तुरंत बाद सीमा विस्तार की अधिसूचना और फिर आरक्षण तय करने के साथ ही संभावित चुनाव कार्यक्रम निर्वाचन आयोग को भेज दिया जाएगा।

वर्तमान में राज्य में 92 निकाय हैं। इनमें आठ नगर निगम, 41 नगर पालिका परिषद और 43 नगर पंचायतें हैं। इनमें से चार को छोड़कर 88 पर चुनाव होना है। बदरीनाथ, केदारनाथ व गंगोत्री निकायों में चुनाव नहीं होते, जबकि भतरौंजखान के मामले में कोर्ट का स्टे है।

इस बीच सरकार ने राज्य में 41 नगर निकायों का सीमा विस्तार किया तो कई लोग इसके विरोध में कोर्ट चले गए। सूरतेहाल, निकाय चुनावों को लेकर असमंजस की स्थिति भी पैदा हो गई थी।