श्रद्धालुओं ने किया नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक 

0
859
ऋषिकेश,  ‘बमबम भोले’ के जयकारों के साथ बुधवार को कांवड़ यात्रा का आगाज हो गया। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के प्रथम दिन देश के विभिन्न प्रांतों से आए करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
ऋषिकेश के तमाम शिवालय बुधवार को दिनभर श्रद्धालुओं से रोशन रहे। शिवधाम नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए करीब तीन किमी लंबी कतारें लगी रहीं। भीड़ बढ़ने से कई बार अव्यवस्था फैल गई, जिसे पुलिस ने संभाल लिया। प्रशासन ने कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। ऋषिकेश सहित पूरे कांवड़ क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं।