नौ ग्रहों के पौधों का रोपकर मनाया हरेला महोत्सव 

0
440
Pilgrims to plant sapling
File Photo
गोपेश्वर, जल संरक्षण, संवर्धन एवं पर्यावरण संतुलन के लिए चमोली जिले में हरेला महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय गोपेश्वर के नए बस स्टेशन के निकट गोपेश्वर वन पंचायत में नवग्रह वाटिका के लिए चिन्हित भूमि की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नौ ग्रह के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण एवं सौदर्यीकरण के मद्देनजर हरेला पर्व के अवसर पर जिले के सभी विकास खण्डों में भी वृहद रूप से विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। यह अभियान 16 अगस्त तक चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी चमोली स्वाति एस. भदौरिया ने हरेला महोत्सव पर सभी से पौधरोपण करने एवं रोपित पौधों की सुरक्षा के लिए संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण और जल संरक्षण से है। इसके लिए हम सबको इस अभियान में मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण को फायदा तो होगा ही साथ ही जल संकट से निजात भी मिलेगी।
पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी की खास पहल पर गोपेश्वर वन पंचायत की भूमि पर वन विभाग की ओर से नवग्रह वाटिका तैयार की जा रही है। इस वाटिका में हरेला पर्व के अवसर पर नौ ग्रहों पर आधारित पौधों का विधिवत पूजन के बाद रोपण किया गया। जिलाधिकारी ने वन विभाग की टीम को नवग्रह वाटिक में रोपित सभी पौधों की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतेजाम करने की बात कही।
इन नौ ग्रहों से संबंधित पौधों का हुआ रोपण
इसमें केतु ग्रह के कुश, शनि ग्रह के शमी, राहु ग्रह के दूर्वा, गुरु ग्रह के पीपल, सूर्य ग्रह के आक, मंगल ग्रह के खैर, बुद्ध ग्रह के पुथकंडा, शुक्र ग्रह के गूलर तथा सोम ग्रह के टाक पौधों का रोपण किया गया।