एशियन खेलों के पदक विजेताओं को आईओए ने किया सम्मानित

0
582

नई दिल्ली, भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने हाल ही में इंडोनेशिया में संपन्न हुए 18वें एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को रविवार को यहां एक समारोह में नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

आईओए के इतिहास में यह पहली बार है जब उसने ऐसे खेल आयोजनों के पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। सम्मान समारोह में व्यक्तिगत स्वर्ण विजेता को पांच लाख, रजत विजेता को तीन लाख और कांस्य पदक विजेता को दो लाख रुपये दिए गए जबकि टीम मुकाबले में स्वर्ण विजेताओं को 3-3 लाख, रजत विजेता को 2-2 लाख और कांस्य पदक विजेता को 1-1 लाख रुपये प्रदान किये गए।

खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, आईओए के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा, महासचिव राजीव मेहता, अखिल भारतीय खेल परिषद के अध्यक्ष प्रो विजय कुमार मल्होत्रा, आजीवन अध्यक्ष राजा रणधीर सिंह और आईओए के अन्य पदाधिकारियों ने पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किये।

हालांकि सम्मान समारोह में कई खिलाड़ी शामिल नहीं हुए, जिनमें और टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और दिविज शरण, पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के अलावा बैडमिंटन पदकधारी पीवी सिंधु और साइना नेहवाल हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत ने एशियाई खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य पदक सहित कुल 69 पदक जीते।